Last Updated:
Prashant Kishor on JDU Politics: जन सुराज पार्टी के नेता और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने जनता दल यूनाइटेड के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जेडीयू का अस्तित्व बचना मुश्किल है. पार्टी टूटकर बिखर जाएगी और उसके नेता अलग-अलग राजनीतिक दलों में शामिल हो जाएंगे. इस कड़ी में उन्होंने प्रमुख तौर पर बीजेपी और जन सुराज का नाम लिया. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर. (फाइल फोटो)
पटना. बिहार विधानसभा के बांकीपुर से विधायक और जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर उर्फ पीके ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भविष्य को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है. उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और अपनी पार्टी जन सुराज (Jansuraj) का नाम लेते हुए दावा किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटते ही जेडीयू का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो जाएगा. पीके ने स्पष्ट किया कि सत्ता में होने के कारण अभी यह दल भले ही एकजुट दिख रहा हो, लेकिन आने वाले दिनों में इसके नेता अलग-अलग खेमों में बंट जाएंगे.
नीतीश कुमार के बिना शून्य है जेडीयू का वजूद
जन सुराज के मुखिया ने मीडिया से बातचीत में जेडीयू की अंदरूनी कमजोरी को उजागर किया. उन्होंने कहा कि इस पूरी पार्टी की एकमात्र ताकत और धुरी नीतीश कुमार का चेहरा और उनका काम रहा है. नीतीश कुमार के बाद जेडीयू के पास न तो कोई दूरदर्शी नेतृत्व बचेगा और न ही कोई स्पष्ट राजनीतिक विचारधारा. प्रशांत किशोर के मुताबिक, वे चुनाव के पहले से ही इस बात पर कायम हैं कि एक राजनीतिक दल के रूप में जेडीयू का भविष्य बेहद अंधकारमय है और नीतीश कुमार की राजनीतिक पारी के अवसान के साथ ही इस कुनबे का अंत भी तय है.
बीजेपी और जन सुराज में समाएंगे जेडीयू के बागी
प्रशांत किशोर ने जेडीयू के संभावित बिखराव का पूरा खाका भी सामने रख दिया है. उन्होंने दो प्रमुख राजनीतिक विकल्पों – बीजेपी और जन सुराज, का नाम लेते हुए कहा कि जेडीयू के खंड-खंड होने के बाद इसके विधायकों और बड़े नेताओं का एक बड़ा धड़ा भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लेगा, जबकि एक दूसरा हिस्सा जन सुराज पार्टी के साथ नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेगा. इसके अतिरिक्त बचे हुए कुछ अन्य नेता दूसरे क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों में अपनी जगह तलाशेंगे.
दो निर्दलीय एमएलसी के मामले पर बीजेपी को घेरा
हाल ही में दो निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के बीजेपी में शामिल होने के फैसले पर प्रशांत किशोर ने बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व को आड़े हाथों लिया. उन्होंने इसे पार्टी की भारी नासमझी और अपरिपक्वता का उदाहरण बताया. पीके ने तंज कसते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करने वालों को इतनी सामान्य संवैधानिक समझ भी नहीं है कि निर्दलीय चुनाव जीतने वाला सदस्य किसी दल में शामिल नहीं हो सकता. उन्होंने इसे सत्ता का अहंकार बताते हुए कहा कि इस कानूनी गलती की वजह से बीजेपी ने उन दोनों एमएलसी का राजनीतिक भविष्य अधर में लटका दिया है.
कानून-व्यवस्था पर सम्राट चौधरी पर तीखा पलटवार
प्रशांत किशोर ने बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयानों पर भी बेहद कड़ा प्रहार किया. राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर उन्होंने तंज कसा कि सरकार के दावों के मुताबिक बिहार से अपराध तो खत्म हो चुका है, बस ‘क्राइम’ बचा रह गया है. इसी तर्ज पर उन्होंने तंज कसा कि सूबे से बेरोजगारी और गरीबी समाप्त हो गई है, बस ‘अनइम्प्लॉयमेंट’ और ‘पोवर्टी’ बची हुई है. उन्होंने इसे राज्य की जनता की भूल बताया कि उन्होंने ऐसे नेतृत्व को बिहार की कमान सौंप दी.