Last Updated:
जमशेदपुर के भालूबासा में मुन्ना जी की डोसा दुकान बेहद मशहूर है. इस दुकान का न तो कोई बैनर है और न ही बोर्ड. यहां सुबह छह बजे से ही ग्राहकों की लंबी भीड़ लग जाती है. मात्र चार घंटे में ही सारा स्टॉक खत्म हो जाता है. लोग इसके बेहतरीन स्वाद के दीवाने हैं.
जमशेदपुरः जमशेदपुर में साउथ इंडियन खाने के शौकीनों की कमी नहीं है. शहर में साउथ इंडियन कम्युनिटी की अच्छी खासी आबादी होने के कारण यहां डोसा, इडली और सांभर जैसे व्यंजनों को काफी पसंद किया जाता है. लेकिन क्या आपको पता है कि जमशेदपुर में एक ऐसी दुकान है, जहां मिलने वाले डोसे का स्वाद लोगों को दक्षिण भारत की याद दिला देता है. खास बात यह है कि इस दुकान की न तो कोई बड़ी ब्रांडिंग है, न कोई चमकदार बोर्ड और न ही कोई बैनर. इसके बावजूद यहां सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लग जाती है.
हम बात कर रहे हैं जमशेदपुर के भालूबासा स्थित मुन्ना जी की डोसा दुकान की. यहां सुबह ठीक 6 बजे से ही डोसा और इडली का स्वाद लेने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो जाता है. दुकान की खासियत यह है कि सुबह 10 बजे तक ही पूरा सामान खत्म हो जाता है. यानी महज चार घंटे में मुन्ना जी का पूरा कारोबार सिमट जाता है. कई लोग दूर-दूर से यहां सिर्फ डोसा खाने के लिए पहुंचते हैं.
10 साल से बरकरार है स्वाद का जादू
दुकान के संचालक मुन्ना बताते हैं कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से यहां डोसा और इडली बेच रहे हैं. जब उन्होंने इसकी शुरुआत की थी, तब डोसा मात्र 15 रुपये में मिलता था. समय के साथ कीमत में बदलाव हुआ और अब यहां एक डोसा 40 रुपये में मिलता है. वहीं, दो इडली की कीमत 25 रुपये है. किफायती कीमत और बेहतरीन स्वाद के कारण आज भी पुराने ग्राहकों का यहां आना लगातार जारी है.
सादगी ही है दुकान की सबसे बड़ी पहचान
इस दुकान को खास बनाने वाली बात सिर्फ इसका स्वाद नहीं, बल्कि इसकी सादगी भी है. यहां किसी तरह की फैंसी सजावट या बड़े ब्रांड का नाम देखने को नहीं मिलेगा. ग्राहकों के सामने ही ताजा डोसा तैयार किया जाता है. खाने की तैयारी से लेकर उसे परोसने तक की प्रक्रिया खुली रहती है, जिससे लोग अपनी आंखों के सामने खाना बनते हुए देख सकते हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां के डोसे का स्वाद दूसरी जगहों से काफी अलग है. यही वजह है कि बिना किसी प्रचार और विज्ञापन के भी मुन्ना जी की दुकान ने अपनी अलग पहचान बना ली है. सुबह की शुरुआत अगर गर्मागर्म डोसा और इडली के साथ करना चाहते हैं, तो भालूबासा की इस छोटी सी दुकान का स्वाद एक बार जरूर चख सकते हैं.