जहां गिर रहे मिसाइल-बम, वहां भी दिल्ली से साफ हवा? हैरान कर देंगे AQI के आंकड़े

जहां गिर रहे मिसाइल-बम, वहां भी दिल्ली से साफ हवा? हैरान कर देंगे AQI के आंकड़े


दिल्ली में दिवाली के बाद हवा में उसके साइड इफेक्ट दिखने लगे हैं. 9 नवंबर को दिल्ली में औसत AQI तकरीबन 371 दर्ज किया गया. यहां कई इलाके ऐसे रहे जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स तकरीबन 450 के करीब पहुंच गया. जो खतरनाक श्रेणी है. हैरानी की बात ये है कि जहां बम और मिसाइल गिर रहे हैं वहां भी इतना पॉल्यूशन नहीं है. चाहे गाजा हो, यूक्रेन हो या फिर ईरान सब जगह हवा बेहद साफ है.

दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है. सोमवार सुबह तो हालात इतने खराब थे कि लोगों को सांस लेने में परेशानी महसूस हुई. दिल्ली सरकार की ओर से इस पर लगाम लगाने के लिए GRAP-3 लागू किया गया है. मगर ये प्रतिबंध भी हवा को साफ रखने में कामयाब नहीं हो सका. अगर दिल्ली की तुलना में देखें तो दुनिया के उन इलाकों में बेहद साफ हवा रिकॉर्ड हुई, जो युद्ध की मार झेल रहे हैं.

युद्ध ग्रस्त इलाकों में क्या रहा AQI

दिल्ली में जहां औसत AQI 371 रहा. वहीं आईक्यू एयर की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन की राजधानी कीव का औसत AQI तकरीबन 55 रहा. यहां जो सबसे प्रदूषित शहर है वह इवानो-फ्रन्कीव्स्क है जहां का औसत AQI तकरीबन 134 रहा है. जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तो है, मगर दिल्ली की तरह खतरनाक नहीं. इसी तरह रूस का औसत AQI तकरीबन 52 है. यहां सबसे साफ हवा मॉस्को की है, जहां औसत AQI 25 के आसपास रहा, यानी दिल्ली की जहरीली हवा से कई गुना कम.

AQI.in के मुताबिक ईरान में भी हवा बिल्कुल साफ रही, यहां तेहरान का औसत AQI तकरीबन 36 रिकॉर्ड किया गया. AQIcn की एक रिपोर्ट के मुताबिक गाजा में भी हवा सामान्य है. यहां का लाइव डाटा तो नहीं मिल सका, मगर सैटेलाइट और मौसम मॉडल के हिसाब से यहां AQI का स्तर 37 से 40 बताया गया जो बेहद अच्छा या सामान्य कहा जाता है. ध्यान देने वाली बात ये है कि दिल्ली के अलावा AQI के जो आंकड़े दिए गए हैं वह US स्केल के हिसाब से दिए गए हैं.

युद्धग्रस्त इलाकों से ज्यादा दिल्ली का AQI क्यों?

दिल्ली में प्रदूषण की मुख्य समस्या असल में पटाखों तक सीमित नहीं है. पेट्रोल डीजल वाहनों से निकलने वाले खतरनाक तत्व, पंजाब और हरियाणा में जलने वाली पराली और औद्योगिक प्रदूषण सब मिलकर राजधानी की हवा को जहरीला कर रहे हैं. इससे इतर युद्धग्रस्त क्षेत्रों में बम धमाकों से धूल और धुआं फैल तो रहा है, मगर वह वहां के आसमान पर छा नहीं रहा. यूक्रेन के वैज्ञानिकों ने 2024 में इस पर एक रिसर्च किया था. इसमें बताया गया था कि बेशक हमलों से AQI का स्तर बढ़ा है, मगर औद्योगिक गतिविधियां और वाहनों की आवजाही घटने की वजह से स्थानीय स्तर पर होने वाला पॉल्यूशन घटा है, जिससे मिसाइलों और बम धमाकों के हमलों का हवा पर ज्यादा असर नहीं पड़ा.

दिल्ली में कहां कितना पॉल्यूशन?

दिल्ली AQI वेबसाइट के मुताबिक यहां हवा की सबसे खराब श्रेणी DTU में जहां का AQI 439 तक पहुंच गया है. इसके बाद बुरारी क्रॉसिंग 433 के साथ दूसरे नंबर पर है. मुदंका में 425, विवेक विहार में 421, सोनिया विहार में 419 AQI दर्ज किया गया है. सोनिया विहार, नॉर्थ कैम्पस, रोहिणी, जहांगीरपुरी, आईटीवी, पंजाबी बाग, पटपड़गंज, नरेला समेत आसपास के इलाकों में AQI का स्तर 400 के पार बना हुआ है. वजीरपुर, ओखला फेस-2 और नजफगढ़, लोधी रोड, अशोक विहार के हालात भी खराब हैं, हालांकि यहां AQI 350 के आसपास है. दिल्ली में सबसे कम AQI कैंटोनमेंट एरिया का है, हालांकि ये भी 293 है जो बेहद खराब श्रेणी है.



Source link