Last Updated:
Anant Singh Daughter Marriage : मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में बिहार की कई बड़ी राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है. इस बीच बिहटा में नए घर की सजावट, गृह प्रवेश और शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह का वातावरण है. वहीं, अब सबकी नजर 25 नवंबर पर है, जब बिहटा से निकलने वाली बरात लदवां पहुंचेगी और अनंत सिंह के परिवार में एक बड़ा मांगलिक आयोजन संपन्न होगा और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी बिहटा की दुल्हनिया बनेगी. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बिहटा के ऋषिकेश के साथ होगी.
पटना. बिहार के सबसे चर्चित और रसूखदार राजनेताओं में शुमार मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की सुपुत्री शिवांगी सिंह आगामी 25 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं. ये हाई-प्रोफाइल शादी पटना से सटे बिहटा होने वाली है, जहां दूल्हे के घर पर भव्य स्वागत और रस्मों को लेकर तैयारियां बिल्कुल अंतिम चरण में हैं. शिवांगी बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ सात फेरे लेंगी. जानकारी के अनुसार, शादी के बाद बिहटा के रामकृष्णा नगर में उनका नया आशियाना होगा. ऐसे में इस खास शादी के लिए दूल्हे के घर को सजाने-संवारने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार के रामकृष्णा नगर स्थित नए मकान को तैयार किया जा रहा है. घर की सजावट से लेकर मेहमानों के स्वागत तक, हर इंतजाम को खास बनाने की कोशिश हो रही है.
बिहटा का रामकृष्णा नगर बनेगा शिवांगी का नया ससुराल
बता दें कि शिवांगी सिंह की शादी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से तय हुई है. ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है और लंबे समय से अमेरिका में रह रहे हैं. इस विवाह के बाद बिहटा का रामकृष्णा नगर ही शिवांगी का नया आशियाना और ससुराल बनेगा. अपनी नई बहू के स्वागत के लिए दूल्हे के परिवार की ओर से एक आलीशान नया मकान तैयार कराया जा रहा है. शादी से पहले इस नए आशियाने में गृह प्रवेश की रस्म पूरी की जाएगी. फिलहाल वहां युद्धस्तर पर रंग-रोगन, सजावट और मिट्टी भराई का काम स्थानीय लोगों की देखरेख में पूरा किया जा रहा है.
बिहटा के ऋषिकेश की दुल्हनिया बनेंगी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह, 25 नवंबर को लदवां जाएगी अनंत सिंह की बरात
जनेऊ संस्कार से लेकर गृह प्रवेश तक की खास रस्में
बिहटा स्थित इसी नए घर से शादी के कई मुख्य मांगलिक कार्यक्रम जुड़े हुए हैं. विवाह के शुभ लग्न से ठीक पहले दूल्हे ऋषिकेश कुमार का पारंपरिक जनेऊ (उपनयन) संस्कार भी इसी नवनिर्मित मकान में बेहद धूमधाम से आयोजित होगा. शादी के निमंत्रण पत्र बांटे जा चुके हैं और कमांडेंट रणविजय कुमार के साथ दूल्हे का परिवार बिहटा पहुंच रहा है. नये आशियाने में उत्सव का माहौल है और परिवार के साथ-साथ पास-पड़ोस के लोग भी आवभगत की तैयारियों में हाथ बंटा रहे हैं.
बिहटा से अनंत सिंह के पैतृक गांव लदवां जाएगी बरात
शादी के तय कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को बिहटा के रामकृष्णा नगर से भव्य बरात रवाना होगी. यह बरात मोकामा के विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव ‘लदवां’ पहुंचेगी. लदवां गांव में ही जयमाला और सात फेरों की मुख्य रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराई जाएंगी. बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए लदवां गांव में भी बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं.
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से तय हुई है.
बिहार की तमाम बड़ी हस्तियों के जुटने की उम्मीद
रसूखदार विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी होने के कारण इस समारोह पर पूरे सूबे की सियासी और सामाजिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं. चर्चा है कि 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य आयोजन में बिहार के कई दिग्गज राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी हस्तियां शिरकत कर सकती हैं. स्थानीय ग्रामीण श्याम सुंदर प्रसाद, राघवेंद्र कुमार, पवन कुमार और विमलेश के मुताबिक, इलाके में इस शादी को लेकर जबरदस्त उत्साह है और हर कोई इस शाही शादी की एक झलक पाने को बेताब दिख रहा है.