Last Updated:
Anant Singh Daughter Wedding : बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह का एक बेहद दिलचस्प बयान सामने आया है. उन्होंने कहा, “बिहार में ही नहीं.. हिन्दुस्तान और पाकिस्तान.. सब जगह हमरा आदमी है, और सबको न्यौता दिया है. देश-विदेश सबको न्यौता दिए हैं.. सब आवे.” इस शादी के भव्य इंतजामों को लेकर खुद अनंत सिंह ने अपने ठेठ बिहारी अंदाज में ऐलान किया है कि शादी में पक्ष-विपक्ष भूलकर पूरी दुनिया के मेहमान जुटने वाले हैं. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
अनंत सिंह की बेटी की शादी में 4 लाख मेहमान! 150 व्यंजन, दुबई से मॉडल और घुड़दौड़ में थार
पटना. बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी अब सिर्फ पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि बड़े आयोजन के रूप में चर्चा में है. आने वाले 25 नवंबर को होने वाली शादी में 4 लाख से अधिक लोगों के लिए भोजन तैयार कराया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, मेन्यू में 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन होंगे. वहीं, देश-विदेश के मेहमानों के साथ भोजपुरी और बॉलीवुड के कई सितारों के पहुंचने की चर्चा है. जब उनसे राजनीतिक मेहमानों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि शादी-ब्याह में कोई पक्ष या विपक्ष नहीं होता है, यह सब केवल इलेक्शन में वोट मांगने तक ही सीमित रहता है. इस शादी में हर दल के दिग्गज एक साथ नजर आएंगे.बता दें कि शादी समारोह के दौरान ही घुड़दौड़ प्रतियोगिता में विजेता को थार गाड़ी देने का भी इंतजाम किया गया है.
पटना जिले के बिहटा के रामकृष्णा नगर में दूल्हे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार का नया आशियाना सज रहा है, तो मोकामा के पैतृक गांव लदवां में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. अब अनंत सिंह ने शादी में होने वाले इंतजामों को लेकर ऐसा दावा किया है, जिसने समारोह को और चर्चा में ला दिया है.
4 लाख से ज्यादा मेहमान और 150 प्रकार के शाही व्यंजन
मोकामा के लदवां गांव और बिहटा में होने वाले इस महा-आयोजन में मेहमानों की खातिरदारी के लिए जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, वे आंखें चौंधिया देने वाले हैं. शादी समारोह में तकरीबन 4 लाख से भी अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है. भोजन का जिम्मा संभालने वाले हलवाइयों की फौज दिन-रात जुटी हुई है, जहां पारंपरिक बिहारी व्यंजनों से लेकर देश-विदेश के 150 से भी ज्यादा प्रकार के शाही और आधुनिक पकवान मेहमानों की थाली की शोभा बढ़ाएंगे.
उदित नारायण, सोनू सूद समेत तीन दर्जन से ज्यादा सितारों का जमावड़ा
इस हाई-प्रोफाइल शादी की शाम को सुरमयी और यादगार बनाने के लिए बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा जगत की 35 से अधिक नामचीन हस्तियां बिहार पहुंच रही हैं. मनोरंजन के लिए सटने वाली इस महफिल में प्रख्यात पार्श्व गायक उदित नारायण, अभिनेता सोनू सूद, सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी, रवि किशन, अक्षरा सिंह, पवन सिंह, मैथिली ठाकुर, आयशा खान, गुंजन सिंह, अभिषेक सिंह, गोलू राजा, अरविंद अकेला कल्लू, राकेश मिश्रा, अनुपमा यादव और हेमा पांडेय समेत कई दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे. इनके अलावा, शादी के मुख्य आकर्षण के तौर पर दुबई से 6 मशहूर मॉडल भी शिरकत करने आ रही हैं.
घुड़दौड़ प्रतियोगिता: विजेता को मिलेगी चमचमाती ‘थार’ गाड़ी
अनंत सिंह की इस शाही शादी में बिहार के पारंपरिक खेलों की झलक भी देखने को मिलेगी. घोड़ों के शौकीन अनंत सिंह ने शादी के उपलक्ष्य में एक भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन रखा है. इस रेस को जीतने वाले प्रथम विजेता को इनाम के तौर पर चमचमाती महिंद्रा थार (Thar) गाड़ी दी जाएगी. वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाले घुड़सवार को चमचमाती मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले विजेता को एक नया स्कूटर उपहार स्वरूप दिया जाएगा. इस अनोखे और भारी-भरकम इनाम की घोषणा के बाद पूरे सूबे के घुड़सवारों में उत्सुकता बढ़ गई है.