कौन है डाना व्हाइट, जिन्हें प्रेस सेक्रेटरी बनाना चाहते हैं डोनाल्ड ट्रंप?
Last Updated:
Who is Dana White: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गुडलिस्ट में शामिल एक और शख्स का नाम इस वक्त चर्चा में है. ये नाम डाना व्हाइट का है, जिन्हें ट्रंप व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी का पद देना चाहते हैं. 25 सालों से ट्रंप और डाना व्हाइट की दोस्ती है, बावजूद इसके उन्होंने इस नौकरी को लेने में कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई है.
ट्रंप ने ऑफर की UFC चीफ को प्रेस सेक्रेटरी की पोस्ट. (फोटो- रॉयटर्स)
Donald Trump Offers Job to Dana White: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हमेशा ही अपने लीक से हटकर फैसलों और अलग ही किस्म की कार्यशैली के लिए जाना जाता है. महत्वपूर्ण पदों के लिए उनकी पसंद भी अक्सर पारंपरिक राजनीतिक दायरे से बाहर होती है. इस बार चर्चा उनके पुराने दोस्त और अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) के सीईओ डाना व्हाइट की है. खबरों के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप उन्हें व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनाना चाहते हैं. इसके पीछे वजह सिर्फ दोनों की पुरानी दोस्ती नहीं, बल्कि डाना व्हाइट के कम्युनिकेशन का अंदाज है, जिसे ट्रंप फैन हैं. हालांकि डाना व्हाइट ने इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है.
दरअसल डोनाल्ड ट्रंप, डाना व्हाइट को उनके बेबाक अंदाज की वजह से काफी पसंद करते हैं. वे मीडिया के सामने अपनी बात सीधे रखते हैं और मुश्किल सवालों से बचने की कोशिश नहीं करते. ट्रंप को उनका यही आत्मविश्वास और दबाव में शांत रहने की क्षमता पसंद आती है. डाना व्हाइट पिछले कई दशकों से UFC को दुनिया के सबसे बड़े मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स ब्रांड में बदलने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने ऐसे दौर में इस खेल को आगे बढ़ाया, जब अमेरिका में MMA को लेकर काफी विरोध था.
क्यों ट्रंप ने डाना को ऑफर की जॉब?
ट्रंप के आलोचकों का कहना है कि डाना से उनकी दोस्ती इसकी वजह है, लेकिन इसके पीछे ट्रंप की अपनी वजहें हैं. ट्रंप को दबाव झेलने और मुखर तरीके से जवाब देने की डाना की क्षमता पसंद है और प्रेस सेक्रेटरी का काम भी कुछ ऐसा ही है. उसे रोजाना पत्रकारों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ता है, सरकार के फैसलों का बचाव करना होता है और राष्ट्रपति के संदेश को जनता तक पहुंचाना होता है. ट्रंप को लगता है कि डाना व्हाइट इस भूमिका में प्रभावी साबित हो सकते हैं. इसके अलावा वे बड़े ग्लोबल ब्रांड को संभालने का अनुभव भी रखते हैं.
25 साल पुरानी है ट्रंप-डाना की दोस्ती. (रॉयटर्स)
25 साल पुरानी दोस्ती कैसे शुरू हुई?
- ट्रंप और डाना व्हाइट की दोस्ती की शुरुआत साल 2001 में हुई थी. उस समय UFC अपने वजूद के लिए खड़ा हो रहा था. कई जगहों पर इस खेल को अनुमति नहीं मिल रही थी. ऐसे मुश्किल दौर में ट्रंप ने अपने अटलांटिक सिटी स्थित ट्रंप ताज महल कैसीनो में UFC के मुकाबले आयोजित करने की इजाजत दी.
- UFC के शुरुआती आयोजनों को जगह मिलने से इस खेल को पहचान और विश्वसनीयता मिली. डाना व्हाइट कई बार कह चुके हैं कि जब दूसरे लोग UFC से दूरी बना रहे थे, तब ट्रंप ने उनका साथ दिया था.
- धीरे-धीरे कारोबारी संबंध निजी दोस्ती में बदल गए. ट्रंप UFC के मुकाबले देखने पहुंचने लगे और व्हाइट भी सार्वजनिक मंचों पर उनके समर्थन में खड़े दिखाई दिए.
- ट्रंप और व्हाइट की दोस्ती का एक बड़ा उदाहरण 2026 में व्हाइट हाउस के लॉन पर आयोजित UFC फ्रीडम 250 इवेंट भी रहा. दोनों एक-दूसरे के सार्वजनिक समर्थक रहे हैं.
डाना व्हाइट ने क्यों ठुकराया ऑफर?
ट्रंप के प्रस्ताव के बावजूद डाना व्हाइट ने साफ कर दिया कि उनकी दिलचस्पी राजनीति में नहीं है. उनका पूरा ध्यान UFC और उसकी मूल कंपनी TKO ग्रुप के कारोबार को आगे बढ़ाने पर है. व्हाइट के लिए UFC सिर्फ एक नौकरी या कंपनी नहीं, बल्कि उनका बनाया हुआ साम्राज्य है. उन्होंने करीब ढाई दशक तक मेहनत करके इसे वैश्विक पहचान दिलाई है. ऐसे में वह अपनी मौजूदा जिम्मेदारी छोड़कर व्हाइट हाउस की राजनीतिक उठापटक का हिस्सा नहीं बनना चाहते और फिलहाल डाना व्हाइट UFC की दुनिया में ही बने रहना चाहते हैं.