Last Updated:
अमेरिका के सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने हिंदू विरोधी और नस्लभेदी पोस्टर दिखाकर हंगामा किया. प्रदर्शनकारियों ने ‘डिपोर्ट ऑल डॉट हेड्स’ और ‘स्टॉप हिंदू रिप्लेसमेंट ऑफ क्रिश्चियंस’ जैसे नारे लगाए. इस घटना में जेक लैंग और थॉमस एलन के नाम सामने आए हैं. अमेरिकी कांग्रेस सदस्य प्रमिला जयपाल और भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने इसकी कड़ी निंदा की.
अमेरिका में हिंदुओं के प्रति अपमानजनक नारे लगाए गए.
US News Hindi: अमेरिका के सिएटल में दिवाली का त्योहार मना रहे भारतीय और हिंदू परिवारों के बीच उस वक्त तनाव फैल गया, जब अमेरिका के दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं का एक समूह हिंदू विरोधी और नस्लभेदी पोस्टर लेकर समारोह में पहुंच गया. शनिवार, 7 नवंबर को सिएटल सेंटर आर्मरी में परिवार दिवाली के जश्न में शामिल थे. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘डिपोर्ट ऑल डॉट हेड्स’ और ‘स्टॉप हिंदू रिप्लेसमेंट ऑफ क्रिश्चियंस’ जैसे नारे लिखे पोस्टर दिखाए. इन नारों से वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और प्रदर्शनकारियों के साथ बहस शुरू हो गई. बाद में उन्हें आयोजन स्थल से बाहर कर दिया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अमेरिका में राजनीतिक नेताओं और भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई. प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान दक्षिणपंथी कार्यकर्ता जेक लैंग और थॉमस एलन के रूप में हुई है.
क्या लिखा था पोस्टर्स पर?
प्रदर्शनकारियों के पोस्टरों पर लिखे नारों को हिंदुओं और दक्षिण एशियाई मूल के लोगों के खिलाफ नस्लभेदी बताया जा रहा है. ‘डॉट हेड्स’ शब्द दक्षिण एशियाई लोगों, खासकर हिंदुओं के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला अपमानजनक नस्लीय शब्द है. इसका संबंध माथे पर लगाए जाने वाले बिंदी और तिलक से है. वहीं, ‘स्टॉप हिंदू रिप्लेसमेंट ऑफ क्रिश्चियंस’ वाले पोस्टर में हिंदुओं की मौजूदगी को ईसाइयों के लिए खतरे के तौर पर दिखाने की कोशिश की गई. यह नारा अमेरिका में प्रचलित ‘ग्रेट रिप्लेसमेंट’ नाम की साजिश संबंधी थ्योरी से जुड़ी भाषा का इस्तेमाल करता है. इस विचारधारा में दावा किया जाता है कि दूसरे समुदायों और प्रवासियों की बढ़ती आबादी से ईसाई या श्वेत आबादी की जगह ली जा रही है.दिवाली समारोह में बच्चों के कार्यक्रम भी चल रहे थे. ऐसे मौके पर इस तरह के पोस्टर और नारेबाजी से वहां मौजूद परिवारों में नाराजगी और असहजता बढ़ गई.
कौन हैं जेक लैंग और थॉमस एलन?
इस प्रदर्शन में शामिल जेक लैंग का नाम पहले भी अमेरिकी राजनीति में चर्चा में रहा है. उसने 2026 में फ्लोरिडा से रिपब्लिकन पार्टी की ओर से अमेरिकी सीनेट का चुनाव लड़ने की कोशिश की थी. उसका इरादा मौजूदा सीनेटर एश्ले मूडी को चुनौती देने का था, लेकिन वह पार्टी के अगस्त प्राइमरी चुनाव के लिए बैलेट में जगह नहीं बना सका. लैंग को 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन कैपिटल पर हुए हमले से जुड़े मामले में संघीय हिरासत में रखा गया था. बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने उसे और इस मामले में आरोपी अन्य लोगों को माफी दे दी थी. रिहाई के बाद लैंग दक्षिणपंथी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा. वह ‘व्हाइट रिप्लेसमेंट’ नाम के संगठन का नेतृत्व करता है. सोशल मीडिया पर उसके पोस्ट में प्रवासियों और हिंदुओं के खिलाफ बयानबाजी देखने को मिली है.
सिएटल की घटना के बाद लैंग ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उसने दावा किया कि समारोह में मौजूद लोगों ने उस पर और दूसरे प्रदर्शनकारियों पर हमला किया. साथ ही उन्होंने हिंदुओं पर डेमोक्रेटिक पार्टी को टेक्सास में मजबूत करने में मदद करने का आरोप लगाया. उसने हिंदू समुदाय के लिए अपमानजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया. थॉमस एलन की पहचान भी इस प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता के तौर पर हुई है.
प्रमिला जयपाल ने की कड़ी निंदा
सिएटल की घटना पर अमेरिकी कांग्रेस की सदस्य प्रमिला जयपाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने प्रदर्शन को नस्लभेदी और नफरत फैलाने वाला बताया. उनका कहना था कि हिंदू-अमेरिकी समुदाय को बिना किसी डर के अपने धार्मिक त्योहार मनाने का अधिकार है. जयपाल ने एक्स पर लिखा, ‘इस घृणित और नस्लभेदी प्रदर्शन से मैं बेहद नाराज हूं. दिवाली एक महत्वपूर्ण त्योहार है और हमारे समुदाय को इसे सुरक्षित माहौल में मनाने का अधिकार है. इस तरह की नफरत के लिए हमारे शहर या देश में कोई जगह नहीं है.’ भारतीय-अमेरिकी कारोबारी और व्हाइट हाउस के पूर्व सलाहकार अजय जैन भूटोरिया ने भी प्रदर्शन की निंदा की. उन्होंने कहा कि हिंदू अमेरिकियों और भारतीय प्रवासियों को नस्लीय गालियों और साजिश से जुड़ी बयानबाजी के जरिए निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता.
हिंदू संगठनों ने जारी किया अलर्ट
नॉर्थ अमेरिका के हिंदुओं के संगठन कोहना (CoHNA) ने सिएटल और आसपास के इलाकों के लिए सामुदायिक अलर्ट जारी किया. संगठन के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने उस समय दिवाली समारोह में बाधा डाली, जब बच्चे वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर रहे थे. संगठन ने समुदाय के लोगों से सतर्क रहने की अपील की. उसने यह भी दावा किया कि जेक लैंग और थॉमस एलन ने दूसरे समारोहों को निशाना बनाने की योजना के संकेत दिए हैं.