उज्जैन के 2000 साल पुराने गजलक्ष्मी मंदिर में 5100 लीटर दूध से अभिषेक, नोटों और फूलों से सजा मां का दरबार

उज्जैन के 2000 साल पुराने गजलक्ष्मी मंदिर में 5100 लीटर दूध से अभिषेक, नोटों और फूलों से सजा मां का दरबार


होमताजा खबरधर्म

राजलक्ष्मी के दरबार में दीपावली पर उमड़ा आस्था का सैलाब,5100 लीटर दूध से अभिषक

Last Updated:

उज्जैन के 2 हजार साल पुराने मां गजलक्ष्मी मंदिर में दीपावली पर भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला माता का 5100 लीटर दूध से अभिषेक किया गया. दरबार को नोटों और फूलों से सजाया गया. मान्यता है कि सम्राट विक्रमादित्य मां को अपनी राजलक्ष्मी मानकर पूजा करते थे.

दीपावली पर धन और वैभव की देवी मां लक्ष्मी की आराधना के लिए उज्जैन के प्राचीन मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. इसी कड़ी में नईपेठ स्थित करीब दो हजार साल पुराने मां गजलक्ष्मी मंदिर में दीपावली का पर्व विशेष धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया गया. यहां माता के अभिषेक के लिए 5100 लीटर दूध का उपयोग किया गया. वहीं, मंदिर के गर्भगृह को नोटों और फूलों से सजाकर आकर्षक स्वरूप दिया गया. माता के दर्शन और विशेष पूजन में शामिल होने के लिए शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे.

दूध से अभिषेक, शाम को लगेगा छप्पन भोग
दीपावली के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया. श्रद्धालुओं ने मां गजलक्ष्मी के दर्शन कर दूध और पुष्प अर्पित किए. विशेष अभिषेक के दौरान 5100 लीटर दूध से माता का अभिषेक किया गया. इसके बाद मंदिर में विशेष पूजन की तैयारियां की गईं. मंदिर के पुजारी अनिमेश शर्मा ने बताया कि दीपावली पर सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था. श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार माता का अभिषेक और पूजन करवा रहे हैं. शाम को मां गजलक्ष्मी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा. इसके बाद विशेष महाआरती होगी.

नोटों की सजावट के पीछे धन-समृद्धि की आस्था
मंदिर में दीपावली के अवसर पर मां गजलक्ष्मी का दरबार विशेष रूप से सजाया गया. गर्भगृह में नोटों और रंग-बिरंगे फूलों की सजावट की गई. मां लक्ष्मी को धन और ऐश्वर्य की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है. ऐसे में दीपावली पर उनके दरबार को नोटों से सजाने की परंपरा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है. भक्तों ने माता के सामने दीपक जलाकर परिवार में सुख-शांति, व्यापार में उन्नति और आर्थिक समृद्धि की कामना की.

एक ही पत्थर से बनी है पांच फीट ऊंची प्रतिमा
मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां विराजित मां गजलक्ष्मी की प्राचीन प्रतिमा है. पुजारी अनिमेश शर्मा के अनुसार, करीब पांच फीट ऊंची यह प्रतिमा एक ही पाषाण से निर्मित है. धार्मिक मान्यता है कि इसका संबंध सम्राट विक्रमादित्य के शासनकाल से रहा है. प्रतिमा में मां गजलक्ष्मी ऐरावत हाथी पर पद्मासन मुद्रा में विराजमान हैं. मान्यता है कि सम्राट विक्रमादित्य मां गजलक्ष्मी को अपनी राजलक्ष्मी मानते थे और नियमित रूप से उनकी आराधना करते थे.

विष्णु प्रतिमा में उकेरे गए हैं दसों अवतार
मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की एक दुर्लभ प्रतिमा भी स्थापित है. काले पाषाण से बनी इस प्रतिमा में भगवान विष्णु के दसों अवतार उकेरे गए हैं. यही प्राचीन प्रतिमाएं मंदिर को धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष पहचान देती हैं। धनतेरस से लेकर दीपावली के पड़वा तक मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे. इस दौरान भक्त मां गजलक्ष्मी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे.



Source link