Katihar Crime News: शाहरुल को फोन कर बुलाया, फिर की थी हत्या; 50 लाख फिरौती वाले कांड में 6 को उम्रकैद

Katihar Crime News: शाहरुल को फोन कर बुलाया, फिर की थी हत्या; 50 लाख फिरौती वाले कांड में 6 को उम्रकैद


Last Updated:

Katihar Crime News: कटिहार में 50 लाख की फिरौती के लिए युवक के अपहरण और हत्या के मामले में अदालत ने छह दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास और 60-60 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है. जानें अपहरण, फिरौती वाले इस हत्याकांड की पूरी कहानी.

Zoom

कटिहार में युवक का अपहरण और उसकी हत्या  मामले में अदालत ने छह दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है.

Katihar Kidnapping Murder Case: कटिहार में 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए युवक का अपहरण और उसकी हत्या  मामले में अदालत ने छह दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. आरोपियों ने युवक को बुलाकर सुनसान जगह पर उसकी हत्या कर दी थी. इसके बाद शव को बोरे में बंद कर महानंदा नदी में फेंक दिया था.  पुलिस ने बाद में एक आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर नदी से शव बरामद किया था. इस सनसनीखेज अपहरण और हत्याकांड में अपर सत्र न्यायाधीश (पंचम) विजेंद्र कुमार की अदालत ने छह आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है. जानें क्या है पूरा मामला.

50 लाख की फिरौती के लिए किया था अपहरण
मामला कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र का है. अपर लोक अभियोजक रामविलास पासवान के अनुसार, आजमनगर निवासी शकील अहमद के इकलौते बेटे शाहरुल का अपहरण कर लिया गया था. अपहरण के बाद आरोपियों ने परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. फिरौती नहीं मिलने पर शाहरुल की हत्या कर दी गई. आरोपियों ने हत्या के बाद शव को बोरे में बंद किया. महानंदा नदी में फेंक दिया, ताकि घटना का सुराग मिटाया जा सके. इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था.

पहले लापता होने की शिकायत, फिर दर्ज हुआ अपहरण का मामला
अपर लोक अभियोजक रामविलास पासवान ने बताया कि शाहरुल के लापता होने के बाद उसके पिता शकील अहमद ने 30 जनवरी 2022 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी. देर शाम तक खोजबीन करने के बावजूद शाहरुल का पता नहीं चला. इसके बाद 1 फरवरी 2022 को मामले से जुड़ी दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराई गई. जांच के दौरान पुलिस को उस व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली. जिसने शाहरुल को फोन कर बुलाया था. इसी आधार पर पुलिस ने पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई. फिर छह लोगों को हत्या में शामिल आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

स्वीकारोक्ति बयान से महानंदा नदी में मिला शव
मामले की जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद गुलजार के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने महानंदा नदी से शाहरुल का शव बरामद किया था. जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR के जरिए आरोपियों के बीच संपर्क और आपसी कनेक्शन के साक्ष्य भी सामने आए. इसके बाद पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया. मामले की सुनवाई के दौरान सभी गवाहों के बयान दर्ज किए गए और दोनों पक्षों की ओर से गवाही तथा क्रॉस एग्जामिनेशन हुआ.

छह आरोपियों को सश्रम आजीवन कारावास
अपर लोक अभियोजक रामविलास पासवान ने बताया कि आजमनगर थाना कांड संख्या 26/22 के इस मामले में अदालत ने छह आरोपियों को दोषी करार दिया है. दोषियों में मोहम्मद गुलजार, प्रताप सिंह, मोहम्मद इमाम, विभीषण सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह और शेखर सिंह शामिल हैं.  सभी आरोपी आजमनगर थाना क्षेत्र के दिघलिया गांव के रहने वाले हैं. अपर सत्र न्यायाधीश (पंचम) विजेंद्र कुमार की अदालत ने सभी छह दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर 60 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. जुर्माना नहीं देने पर छह महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी.



Source link