51 हजार दीपों, लेजर शो और भव्य आरती ने बांधा समां, जबलपुर में रोशनी से नहाया नर्मदा का तट

51 हजार दीपों, लेजर शो और भव्य आरती ने बांधा समां, जबलपुर में रोशनी से नहाया नर्मदा का तट


Last Updated:

मध्य प्रदेश के जबलपुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर मां नर्मदा का पावन तट 51 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठा. गौरीघाट पर आयोजित दीपोत्सव में भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के आह्वान पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. संतों के सानिध्य में मां नर्मदा की महाआरती, आकर्षक लेजर शो और आतिशबाजी ने आयोजन को यादगार बना दिया. अब इस आयोजन की खूब चर्चा हो रही है.

Zoom

नर्मदा के तट पर जले 51000 दीप

Jabalpur News: नर्मदा के तट पर जगमगाते 51 हजार दीप, गूंजता शंखनाद, मंत्रोच्चार और मां नर्मदा की भक्ति में लीन हजारों श्रद्धालु. ये नजारा था जबलपुर के गौरीघाट का, जहां दीपोत्सव जबलपुर 2026 ने आस्था और आध्यात्मिकता की अद्भुत छटा बिखेरी. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के आह्वान पर आयोजित इस दीपोत्सव में शहर के 18 संगठनों और हजारों नागरिकों ने सहभागिता की. सभी घाटों पर एक साथ दीप प्रज्वलित किए गए.

पूज्य संतों के सानिध्य में शंख ध्वनि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. इसके बाद सामूहिक रूप से मां नर्मदा अष्टक का पाठ और विधि-विधान से महाआरती की गई. दीपों की रोशनी के बीच सनातनी थीम पर आधारित लेजर शो और 15 मिनट से अधिक समय तक हुई आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया. पूरा गौरीघाट भक्तिमय और उत्सवी रंग में नजर आया.

क्या बोले मंत्री राकेश सिंह?
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि हमारी परंपराओं में राष्ट्रीयता है और दीपोत्सव भारत की राष्ट्रीयता का उद्घोष है. यह आयोजन सनातन की अभिव्यक्ति, मां नर्मदा की भक्ति और सामूहिकता की शक्ति का संगम है. यह आयोजन सभी को जोड़ता है.

नर्मदा के तट पर जीवंत हुआ अद्भुत नजारा
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद और संतों के मार्गदर्शन से शुरू हुआ यह आयोजन अब जनभागीदारी का बड़ा उत्सव बन चुका है. दीपोत्सव में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. मां नर्मदा के तट पर रोशनी का यह अद्भुत नजारा जबलपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर जीवंत कर गया.

पिछले पांच साल से हो रहा यह आयोजन
दीपावली से एक रात पहले नरक चतुर्दशी पर होने वाला यह आयोजन पिछले पांच साल से किया जा रहा है. इसकी शुरुआत 24 अक्टूबर 2022 को हुई थी. दीपक सजाने की जिम्मेदारी अलग-अलग मंडलियों को सौंपी गई. सभी मंडलियों ने मिलकर निर्धारित संरचना में दीप सजाए। दीप प्रज्वलन के बाद घाट की लाइटें बंद कर दी गईं और नर्मदा आरती की गई.



Source link