Last Updated:
सिल्वर ओक पर दो घंटे महामंथन के बाद भी NCP के विलय पर सस्पेंस बरकरार है. अजित पवार के बेटे पार्थ पवार 24 घंटे के भीतर दूसरी बार शरद पवार से मिलने पहुंचे. शनिवार को उनकी मुलाकात नहीं हो सकी थी लेकिन रविवार को दोनों के बीच करीब दो घंटे बातचीत हुई. सूत्रों के मुताबिक अजित पवार गुट में शरद पवार की NCP के साथ विलय को लेकर दो धड़े बन गए हैं. एक खेमा विलय चाहता है जबकि दूसरा इसके खिलाफ है. इस बीच पार्थ की कार्यशैली को लेकर अमित शाह से शिकायत किए जाने की खबरों ने भी राजनीतिक चर्चा बढ़ा दी है.
पार्थ पवार लगातार दूसरे दिन शरद पवार से मिलने सिल्वर ओक पहुंचे. (फाइल फोटो PTI)
महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर पवार परिवार की मुलाकातों ने हलचल बढ़ा दी है. अजित पवार के बेटे पार्थ पवार लगातार दूसरे दिन शरद पवार से मिलने उनके मुंबई स्थित आवास सिल्वर ओक पहुंचे. इस बार दोनों नेताओं के बीच मुलाकात भी हुई और करीब दो घंटे तक बातचीत चली. खास बात यह है कि पार्थ की यह मुलाकात ऐसे वक्त हुई है जब दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं. सिल्वर ओक पर हुई इस मुलाकात को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि NCP के दोनों गुटों के बीच आगे की रणनीति को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. सवाल है कि क्या पवार परिवार की यह बातचीत महाराष्ट्र की राजनीति में कोई नया मोड़ लाने वाली है?
सूत्रों के मुताबिक अजित पवार गुट में NCP के विलय को लेकर एक राय नहीं है. पार्टी के भीतर दो तरह की सोच सामने आ रही है. एक खेमा चाहता है कि शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट के साथ फिर से हाथ मिला लिया जाए. वहीं दूसरा खेमा इस प्रस्ताव के पक्ष में नहीं है. ऐसे में पार्थ पवार की शरद पवार से लगातार दूसरे दिन हुई मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है. हालांकि अभी तक दोनों गुटों के विलय को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस पर कोई बड़ा फैसला हो सकता है.
पार्थ पवार की लगातार दूसरे दिन सिल्वर ओक में दस्तक
पार्थ पवार शनिवार को भी शरद पवार से मिलने सिल्वर ओक पहुंचे थे. हालांकि उस दिन उनकी शरद पवार से मुलाकात नहीं हो सकी थी. उन्होंने शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार से करीब डेढ़ घंटे बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. उस समय शरद पवार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे. महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति और उससे निपटने के उपायों पर चर्चा के चलते पार्थ उनसे नहीं मिल पाए थे.
आज हुई दो घंटे तक बातचीत
रविवार को पार्थ एक बार फिर सिल्वर ओक पहुंचे. सूत्रों के मुताबिक इस बार उनकी शरद पवार से मुलाकात हुई और दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत चली. बताया जा रहा है कि पार्थ शरद पवार के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे थे. पिछले सप्ताह शरद पवार को दो बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. इसके बाद से कई राजनीतिक नेता उनसे मिलने पहुंचे हैं. हालांकि आज की मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
अजित पवार गुट में विलय पर दो राय
सूत्रों के मुताबिक अजित पवार गुट के भीतर शरद पवार की NCP के साथ विलय को लेकर मतभेद हैं. एक धड़ा दोनों गुटों को फिर से एक करने के पक्ष में है. जबकि दूसरा धड़ा इसका विरोध कर रहा है. इसी वजह से विलय को लेकर बातचीत और अटकलें तेज हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि दोनों गुट किसी साझा फैसले पर पहुंच पाएंगे या नहीं.
पार्थ की कार्यशैली को लेकर अमित शाह से शिकायत की चर्चा
इस बीच पार्थ पवार को लेकर एक और राजनीतिक चर्चा सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली NCP के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान पार्थ की कार्यशैली पर असंतोष जताया था. बताया गया कि नेताओं ने इस बारे में अमित शाह से शिकायत भी की. हालांकि इस कथित शिकायत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. ऐसे माहौल में पार्थ की शरद पवार से मुलाकात के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि पवार परिवार की बातचीत और दोनों गुटों के बीच चल रही हलचल आगे क्या रूप लेती है.