Agency:एजेंसियां
Last Updated:
टेलीग्राम पर डिलीवरी बॉय की नौकरी का ऑफर मिलने के बाद रूस गया रायपुर का युवक अब मुश्किल में फंस गया है. 38 साल के टिकेश्वर साहू सितंबर में बेहतर कमाई की उम्मीद लेकर रूस पहुंचे थे. परिवार का आरोप है कि वहां उन्हें झूठे मामले में फंसाकर हिरासत में ले लिया गया और रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है. टिकेश्वर की पत्नी मनोरमा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और रायपुर पुलिस कमिश्नर से मदद मांगी है. परिवार के मुताबिक टिकेश्वर की तबीयत भी ठीक नहीं है. उन्हें थायरॉइड की दवा नहीं मिल रही है. परिजन उनकी सुरक्षित भारत वापसी चाहते हैं.
रायपुर के टिकेश्वर साहू को टेलीग्राम पर रूस में डिलीवरी एजेंट की नौकरी का ऑफर मिला था. (सांकेतिक फोटो)
रूस में अच्छी नौकरी और बेहतर कमाई का सपना लेकर गया रायपुर का 38 वर्षीय युवक अब मुश्किल में फंस गया है. उसे टेलीग्राम पर डिलीवरी बॉय की नौकरी का ऑफर मिला था. परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और पत्नी-बच्चों को बेहतर जिंदगी देने की उम्मीद में उसने सितंबर में रूस जाने का फैसला किया. लेकिन वहां पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद कहानी पूरी तरह बदल गई. परिवार का आरोप है कि युवक को झूठे मामले में फंसाकर हिरासत में ले लिया गया. इतना ही नहीं उस पर रूस की सेना में शामिल होने का दबाव भी बनाया जा रहा है. जिस नौकरी के भरोसे वह विदेश गया था वहां अब उसकी सुरक्षित वापसी ही परिवार की सबसे बड़ी चिंता बन गई है.
रायपुर के इस युवक की पहचान टिकेश्वर साहू के रूप में हुई है. उसके परिवार ने छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार से मदद की अपील की है. टिकेश्वर की पत्नी मनोरमा ने 4 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की. परिवार चाहता है कि टिकेश्वर को कानूनी मदद मिले. उसकी सेहत का ध्यान रखा जाए और उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जाए. परिजनों के मुताबिक टिकेश्वर को रूस में हिरासत के दौरान नियमित दवाइयां भी नहीं मिल रही हैं. परिवार ने उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है.
टेलीग्राम पर मिला था डिलीवरी एजेंट की नौकरी का ऑफर
टिकेश्वर पहले रायपुर में एक स्टोर मैनेजर के तौर पर काम करते थे. परिवार के मुताबिक उन्हें टेलीग्राम के जरिए रूस में डिलीवरी एजेंट की नौकरी का प्रस्ताव मिला था. उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि शुरुआत में टूरिस्ट वीजा पर रूस बुलाया जाएगा और बाद में इसे वर्क वीजा में बदल दिया जाएगा. बेहतर भविष्य की उम्मीद में वह सितंबर में रूस चले गए. उनकी योजना थी कि नौकरी मिलने के बाद पत्नी और दो बच्चों के साथ माता-पिता को भी रूस बुला लेंगे. लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें कथित तौर पर जेल में डाल दिया गया.
पहले बताया झूठे केस में फंसाया गया
- परिजनों के मुताबिक 16 सितंबर को टिकेश्वर से आखिरी बार सामान्य बातचीत हुई थी. इसके कुछ दिन बाद रूस के एक नंबर से परिवार को हाथ से लिखा पत्र मिला. इसमें टिकेश्वर ने दावा किया कि उन्हें नशीले पदार्थों से जुड़े एक मामले में झूठा फंसाया गया है. इसके बाद परिवार की उनसे करीब पांच मिनट की वीडियो कॉल पर बात हुई. इस बातचीत ने घरवालों को और परेशान कर दिया.
- परिवार के एक सदस्य ने बताया, ‘वह फोन पर बहुत रो रहे थे. उन्होंने बताया कि वह जेल में हैं. उन्होंने कहा कि उन पर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है.’
सेना में शामिल होने का दबाव डालने का आरोप
परिवार का आरोप है कि टिकेश्वर को यूक्रेन के खिलाफ जारी युद्ध में रूसी सेना के लिए लड़ने को मजबूर किया जा रहा है. हालांकि इस आरोप और हिरासत के पीछे की परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है. टिकेश्वर की पत्नी ने प्रशासन से कानूनी सहायता के साथ उनकी सुरक्षित वापसी की मांग की है. परिवार के लिए चिंता की एक और वजह उनकी सेहत है. परिजनों का कहना है कि टिकेश्वर थायरॉइड की समस्या से जूझ रहे हैं और हिरासत में उन्हें नियमित दवाइयां नहीं मिल रही हैं.
वकील पर खर्च किए डेढ़ लाख रुपए
टिकेश्वर को बाहर निकालने की कोशिश में परिवार ने रूस में एक वकील भी नियुक्त किया है. परिजनों के मुताबिक अब तक करीब डेढ़ लाख रुपए कानूनी मदद पर खर्च हो चुके हैं. 22 अक्टूबर को वकील ने परिवार को बताया कि ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद टिकेश्वर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिवार ने भारतीय और रूसी दूतावासों से संपर्क किया है. राज्य पुलिस मुख्यालय और राजनीतिक नेताओं से भी मदद मांगी गई है. इसके अलावा प्रधानमंत्री के शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है.
बिलासपुर के युवक का मामला भी आया था सामने
यह मामला छत्तीसगढ़ के ही बिलासपुर निवासी 21 साल के विनीत कुमार दुबे के मामले से मिलता-जुलता है. विनीत भी टेलीग्राम पर नौकरी का ऑफर मिलने के बाद टूरिस्ट वीजा पर रूस गए थे. दोनों परिवारों का आरोप है कि युवकों को भारत से रवाना होने से पहले काम की वास्तविक प्रकृति के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई थी.
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘हमें साहू के मामले में शिकायत मिली है. प्रक्रिया के तहत हम इसे राज्य के गृह विभाग को भेजेंगे. इसके बाद राज्य का गृह विभाग आगे की कार्रवाई के लिए इसे विदेश मंत्रालय को भेजेगा.’ फिलहाल टिकेश्वर का परिवार उनकी हालत और रिहाई से जुड़ी जानकारी का इंतजार कर रहा है.