‘जवानों के दम पर ही देश में मनती है दिवाली’: चीन सीमा पर बोले राजनाथ, बलिदान कभी नहीं भूलेगी आने वाली पीढ़ी

‘जवानों के दम पर ही देश में मनती है दिवाली’: चीन सीमा पर बोले राजनाथ, बलिदान कभी नहीं भूलेगी आने वाली पीढ़ी


होमताजा खबरदेश

‘जवानों के दम पर ही देश में मनती है दिवाली’: चीन सीमा पर बोले राजनाथ सिंह

Last Updated:

Rajnath Singh in Sikkim: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिक्किम के शेरेथांग पहुंचकर भारत-चीन सीमा पर तैनात सेना के जवानों के साथ दीपावली का पर्व मनाया. इस दौरान उनके साथ थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी मौजूद रहे. रक्षा मंत्री ने युद्ध स्मारक पर शहीदों को नमन किया और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

Zoom

राजनाथ सिंह ने सिक्किम में वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी.

Rajnath Singh in Sikkim: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सिक्किम में नाथू ला के पास शेरेथांग का दौरा किया और शहीद जवानों को युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की. सिंह ने भारत-चीन सीमा पर तैनात सैन्य कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे स्मारक देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान का स्थायी प्रतीक हैं और ये भारतीय युवाओं की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे.

रक्षा मंत्री ने कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सीमाओं पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों के कारण ही देशवासी शांतिपूर्वक दिवाली मना पाते हैं. सिंह ने देश की सेवा के दौरान अपने प्रियजनों को खोने वाले सैन्य कर्मियों के परिवारों को भी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान एवं बलिदान को याद किया. उन्होंने शहीद जवानों के परिजन से कहा, “आपने जो योगदान दिया है, उसके लिए भारत आपके साथ खड़ा है.” सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि देश उनके प्रियजनों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा.

रक्षा मंत्री ने कहा कि दिवाली परिवार के सदस्यों के एक साथ मिलकर त्योहार मनाने का अवसर है, लेकिन सैनिक अपनी व्यक्तिगत भावनाओं को पीछे रखकर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाने के लिए अक्सर अपने प्रियजनों से दूर रहते हैं. सिंह ने ऊंचाई वाले इस क्षेत्र में तैनात सैन्य कर्मियों से बातचीत की और उनके बीच मिठाइयां तथा उपहार वितरित किए.

उन्होंने जवानों से कहा, “राष्ट्र के प्रति आपकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जाएगा. भारतीयों की हर पीढ़ी आपके बलिदान को याद रखेगी.” उन्होंने कहा कि देश हमेशा जवानों का ऋणी रहेगा. इस दौरे में थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी रक्षा मंत्री के साथ थे. सिंह बाद में पूर्वी सिक्किम स्थित बाबा हरभजन सिंह मंदिर गए. यह मंदिर भारतीय सेना के जवान हरभजन सिंह को समर्पित है.



Source link