Last Updated:
Raipur: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर ब्लॉक की सुनीता बघेल महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं. ग्रो सेंटर के माध्यम से वे हल्दी, मिर्च, धनिया, रागी के लड्डू, सत्तू के लड्डू और रागी नमकीन सहित कई स्थानीय उत्पाद तैयार कर बेच रही हैं. साथ ही बेल मेटल उत्पादों की बिक्री से भी महिलाओं को रोजगार मिल रहा है.
राहुल दुबे(रायपुर),
Krishna Mahila Samuh: छत्तीसगढ़ में महिलाएं अब स्वदेशी उत्पाद बनाकर अच्छी कमाई कर रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं. ऐसी ही एक कहानी बस्तर संभाग के जगदलपुर ब्लॉक की रहने वाली सुनीता बघेल की है. कृष्णा महिला समूह और ग्रो सेंटर से जुड़ने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है. आज वे कई तरह के स्थानीय उत्पाद तैयार कर अच्छी आमदनी कर रही हैं.
महिला समूह से शुरू हुआ सफर
सुनीता बघेल बताती हैं कि वे साल 2019 में कृष्णा महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी थीं. इसके बाद उन्होंने गोरी महिला ग्राम संगठन में भी काम किया. साल 2025 में वे जीवन ज्योति महिला संकुल संगठन की सचिव बनीं. महिला समूह से जुड़ने और प्रशिक्षण मिलने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया.
ग्रो सेंटर से मिला बाजार
साल 2025 में ग्रो सेंटर शुरू होने के बाद सुनीता और समूह की महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर जगह मिली. अब ग्रो सेंटर के माध्यम से उनके उत्पादों की मार्केटिंग और बिक्री आसानी से हो रही है.
कई तरह के उत्पाद बनाकर कर रहीं कमाई
सुनीता और समूह की अन्य महिलाएं मिलकर हल्दी, मिर्च, धनिया और टिकुर जैसे स्थानीय मसाले तैयार करती हैं. इसके अलावा रागी के लड्डू, सत्तू के लड्डू और रागी नमकीन जैसे मिलेट्स से बने उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं.
समूह की महिलाएं बेल मेटल के उत्पादों की बिक्री में भी जुड़ी हैं. ग्रो सेंटर के माध्यम से इन उत्पादों को बाजार मिल रहा है. इससे महिलाओं को हर महीने अच्छी और नियमित आमदनी हो रही है.
सुनीता बघेल की यह कहानी बताती है कि अगर महिलाओं को सही मार्गदर्शन और काम करने का मौका मिले, तो वे खुद आत्मनिर्भर बन सकती हैं. महिला समूहों के जरिए न सिर्फ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कला को भी बढ़ावा मिल रहा है.