अयोध्या: अयोध्या जिसके कण कण में प्रभु राम का वास है. इस अयोध्या में आज त्रेता युग की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है. वजह है दीपावली का विशेष पर्व. धार्मिक मान्यता के अनुसार कहा जाता है कि त्रेता युग में जब प्रभु राम लंका पर विजय हासिल करके अयोध्या पहुंचे थे तब अयोध्या वासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था. कुछ ऐसा ही नजारा पिछले 10 वर्षों से योगी सरकार में देखने को मिल रहा है. सीएम योगी आदित्यनाथ 10वें दीपोत्सव के पावन अवसर पर आज और कल दो दिवसीय दौरे पर रामनगरी अयोध्या में रहेंगे. इस दौरान उनके कार्यक्रमों की रूपरेखा बेहद भव्य और व्यापक तय की गई है. मुख्यमंत्री भगवान श्रीराम के भव्य स्वागत से लेकर उनके राजतिलक, मां सरयू की महाआरती और दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों में व्यक्तिगत रूप से शिरकत करेंगे. उनके इस दौरे से पूरी रामनगरी में उत्सव का माहौल है और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. वहीं, उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहेंगे.
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
अयोध्या में दीपोत्सव और कार्तिक मेले को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और स्थिति का मुआयना किया. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के उत्सव में शामिल हो सकें.
अयोध्या पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि दीपोत्सव और कार्तिक माह के पावन अवसर पर रामनगरी में खास ऊर्जा और उत्साह का माहौल है. सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है. पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है.
इसके साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.
गुप्तचर तंत्र और फोर्स मल्टीप्लायर सक्रिय हैं और लगातार गश्त व चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. एडीजी ने बताया कि हनुमानगढ़ी में दोपहर की आरती और दर्शन व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया है, जहां भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, आम जनता के लिए रात में विशेष लेजर व अन्य शो के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अंत में उन्होंने सभी देशवासियों को सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ दीपावली की शुभकामनाएं दीं.
राम मंदिर में दीये जलाएं: CM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोगों से अपील की कि जब अयोध्या में राम मंदिर में दीये जलाए जाएं, तो वे भी अपने घरों और आंगनों में दीये जलाएं. अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां जारी हैं. सीएम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दीपक केवल मिट्टी का एक पात्र नहीं, चेतना का जागरण है. वह युगों से हमें सीख दे रहा है कि अंधकार से लड़ना नहीं होता, केवल एक ज्योति जलानी होती है और अंधकार विदा हो जाता है.
अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य शोभायात्रा शुरू
अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई. पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. करीब 3 किलोमीटर की यात्रा तय कर शोभायात्रा राम कथा पार्क पहुंचेगी. रामपथ पर निकली इस यात्रा में जगह-जगह लोक कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह रहे हैं.
दुल्हन की तरह सजी अयोध्या
एक बार फिर अयोध्या दीपोत्सव में दुल्हन की तरह सतरंगी लाइटों से जगमग हो रही है. अयोध्या के सड़क चौक चौराहे और घर पर त्रेता युग जैसा नजारा देखने को मिल रहा है. इस बार के दीपोत्सव में जहां तीन देशों की रामलीला के साथ-सात राज्यों की रामलीला का मंचन किया जाएगा. ऐसे में तीन देशों की चार टीमें रामकथा का मंचन करेंगी. इनमें दक्षिण अफ्रीका की दो, जबकि श्रीलंका और लाओस की एक-एक टीम शामिल है.
2100 ड्रोन से कार्यक्रम
श्रीलंका की रामलीला में ‘रावणेश्वरा’ की प्रस्तुति खास आकर्षण होगी. वहीं 2100 ड्रोन के माध्यम से आसमान में प्रभु राम की जीवन से जुड़े प्रसंग भी आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति का के साथ आसमान में नजर आएगा. इस बार के दीपोत्सव में जहां 30 लाख से ज्यादा दीपक जलाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास होगा. वहीं दूसरी तरफ 2500 से अधिक मात्र शक्तियों मा सरयू की आरती एक साथ कर वर्ल्ड रिकॉर्ड को बनाएंगे. इतना ही नहीं इस बार के दीपोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है.
उपराष्ट्रपति भी आएंगे
दीपोत्सव में मुख्य अतिथि देश के उपराष्ट्रपति होंगे. इसके आगमन को लेकर पूरी नगरी को दुल्हन की तरह सजाया और संवारा जा रहा है. जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव को लेकर लगभग सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं. तीन विदेशी रामलीला को फाइनल कर लिया गया है. इसके साथ ही सात राज्यों की रामलीला का मंचन राम कथा पार्क में किया जाएगा. 2100 ड्रोन के माध्यम से ड्रोन शो होगा. इसमें आसमान में प्रभु राम की लीला का वर्णन किया जाएगा. दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम है.
अयोध्या के कार्यक्रम का शेड्यूल
- अयोध्या में सुबह 10 बजे साकेत डिग्री कालेज से झांकी निकलेगी.
- झांकी 2 बजे तक राम कथा पार्क पहुंचेगी.
- दोपहर सवा 2 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
- दोपहर 2.30 बजे उपराष्ट्रपति अयोध्या पहुंचेंगे.
- फिर सीएम और उपराष्ट्रपति राम मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे.
- दोपहर 3:25-3:40 बजे भगवान राम और माता सीता स्वरूप हेलीकाप्टर से राम कथा पार्क पहुंचेंगे, भरत मिलाप होगा.
- दोपहर 3:50-4:10 बजे राम कथा पार्क में राम जानकी का पूजा वंदन, आरती और श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा.
- शाम 4:25-4:40 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ का भाषण होगा.
- शाम 5:35-5:55 बजे नया घाट पर सरयू आरती होगी.
- शाम 6:00-6:25 बजे राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन.
- शाम 6:25–6:55 बजे 3D प्रोजेक्शन मिलिंग, रामायण पर आधारित लेजर शो और ड्रोन शो होगा.
- शाम 6:55-7:05 बजे राम की पैड़ी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाषण.
- शाम 7:40-7:50 बजे आतिशबाजी होगी.
सुरक्षा के लिहाज से बांटी गई अयोध्या
गौरतलब है कि दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम हैं. सिक्योरिटी के लिहाज से अयोध्या को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है. साथ ही, पुलिस, CRPF, PAC, बम स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीम को भी मुस्तैद रखा गया है.