झुंझुनूं/ सत्यप्रकाश सोनी. जिले में इन दिनों बाजारों में खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर कपड़े, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों तक हर बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है. सबसे ज्यादा रौनक सर्राफा बाजार में दिखाई दे रही है. कारोबारियों के अनुसार जिले में एक ही दिन में 80 किलो से अधिक सोने और 800 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषणों की बिक्री हुई. वहीं, जिले में कुल कारोबार 150 करोड़ रुपए से अधिक रहने का अनुमान है.
ज्वैलरी कारोबार में लोगों ने आभूषणों के साथ निवेश को भी प्राथमिकता दी. सोने की चेन, मंगलसूत्र और अंगूठियों के अलावा चांदी के सिक्के, बर्तन, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और एंटीक आइटम की अच्छी मांग रही. खास बात यह रही कि चांदी में मछली, हाथी और कछुए की आकृतियों वाले आइटम भी ग्राहकों को खूब पसंद आए. ज्वैलरी कारोबारी मुकेश जांगिड़ के अनुसार जिले में 200 से अधिक बड़े ज्वैलरी शोरूम और 400 से ज्यादा छोटी दुकानें हैं. बड़े शोरूम पर औसतन 300 ग्राम सोना और तीन किलो चांदी के आभूषणों की बिक्री हुई. वहीं छोटी दुकानों पर औसतन 50 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी के आभूषण बिकने का अनुमान है. इसी आधार पर जिले में एक दिन में 80 किलो से अधिक सोने और 800 किलो से ज्यादा चांदी का कारोबार हुआ.
चांदी के सिक्कों और बर्तनों की ज्यादा मांग
इस बार चांदी के कारोबार में खासा उत्साह देखने को मिला, ग्राहकों ने चांदी के सिक्कों, बर्तनों और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की खरीदारी की. इसके अलावा पायजेब और अन्य पारंपरिक आभूषणों के साथ एंटीक डिजाइन वाले आइटम भी पसंद किए गए. सोने में मंगलसूत्र, चेन और अंगूठियों की मांग रही। शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए कई ग्राहकों ने आभूषणों के ऑर्डर भी बुक करवाए.
कपड़ा बाजार में तीन करोड़ के कारोबार का अनुमान
सोने-चांदी के साथ कपड़ा बाजार में भी अच्छी खरीदारी हुई, जेएन क्रिएशन के अनूप गाडिया के अनुसार कपड़ा बाजार में एक दिन में करीब तीन करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है. त्योहार के साथ ही लोगों ने शादी-विवाह की तैयारियों के लिए भी कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है. महिलाओं में गोटा-पत्ती और जरदोजी वर्क वाली साड़ियों के साथ पीली चुनरी की मांग रही. मोर और राधा-कृष्ण की डिजाइन वाली साड़ियां पसंद की जा रही हैं. सिल्क, प्रिंट और प्योर बंधेज की साड़ियों के अलावा एंटीक वर्क के भारी बॉर्डर भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं. युवा वर्ग में लहंगों और मल्टीकलर सितारों वाले दुपट्टों का खास क्रेज देखने को मिल रहा है.
बिसाऊ में डेढ़ करोड़ से अधिक के आभूषण बिके
बिसाऊ कस्बे में भी खरीदारी को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा, यहां करीब डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषणों की बिक्री हुई. कस्बे के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे. ज्वैलरी कारोबारियों के मुताबिक इस बार सोने की तुलना में चांदी के आभूषणों की मांग अधिक रही. इसके अलावा बर्तन, मिठाई और घरेलू जरूरत के सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही.
वाहनों और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी रौनक
जिले के ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम पर भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही. लोगों ने जरूरत और शुभ अवसर को ध्यान में रखकर वाहन, घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान खरीदे. बर्तन बाजार में भी खरीदारी का उत्साह दिखाई दिया. बाजारों में सुबह से देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही.
बाजारों में भीड़ से यातायात व्यवस्था प्रभावित
खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में कई बार जाम के हालात बने. सड़कों पर वाहनों के खड़े रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई. एएसआई इंद्राज सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ यातायात व्यवस्था संभाली. लोगों ने त्योहार के दौरान दो दिन तक बाजार के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग की, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.