Diwali 2026 today lakshmi pujan muhurt and puja vidhi laxmi pujan rules mantra or aarti | आज दिवाली महापर्व, लक्ष्मी पूजन मुहूर्त के साथ जानें संपूर्ण

Diwali 2026 today lakshmi pujan muhurt and puja vidhi laxmi pujan rules mantra or aarti | आज दिवाली महापर्व, लक्ष्मी पूजन मुहूर्त के साथ जानें संपूर्ण


Diwali 2026 Lakshmi Puja: आज देशभर में धूमधाम से दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है. हर साल यह पर्व कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है. हिंदू धर्म में दिवाली का पर्व बेहद शुभ और मंगलकारी माना जाता है. पौराणिक कथाओं के अनुसार इस शुभ तिथि पर भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा करके सीता माता और लक्ष्मणजी के साथ अयोध्या वापस लौटे थे. प्रभु राम के वापस आने की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर धूमधाम से उत्सव मनाया था, इसलिए दिवाली का पर्व मनाया जाता है. दिवाली के दिन मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और माता सरस्वती की पूजा करने का विशेष विधान है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने पर घर में सुख-समृद्धि, धन-वैभव और खुशहाली आती है. दीपावली पर अमावस्या तिथि और प्रदोष काल में मां लक्ष्मी की पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है. आइए जानते हैं लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त, संपूर्ण पूजा विधि, जरूरी नियम, मंत्र और आरती…

दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश पूजन का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां लक्ष्मी धन, वैभव और सुख-समृद्धि की देवी हैं, जबकि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और शुभता का प्रतीक माना जाता है. दिवाली पर सबसे पहले भगवान गणेश और फिर मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है. मान्यता है कि गणेश जी की कृपा से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और मां लक्ष्मी के आशीर्वाद से घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है. इस दिन दीप जलाने से नकारात्मकता दूर होने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होने की मान्यता है.

दिवाली 2026 लक्ष्मी पूजन शुभ मुहूर्त
दिवाली: 8 नवंबर 2026, रविवार
लक्ष्मी पूजा मुहूर्त : शाम 05:54 से 07:50 बजे
प्रदोष काल: शाम 5:31 से रात 8:08 बजे तक
वृषभ लग्न: शाम 5:55 से 7:51 बजे तक
सिंह लग्न: सुबह 12:25 से 02:42 बजे तक
निशिता काल: रात लगभग 11:37 से 12:29 बजे तक, 9 नवंबर

ऑफिस में पूजा के मुहूर्त की बात करें तो दोपहर 1:26 बजे से 2:54 बजे तक ऑफिस में पूजा करना शुभ रहेगा.

लक्ष्मी पूजा- शुभ चौघड़िया मुहूर्त
प्रातः मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत): सुबह 11:27 से 12:05 तक
शुभ चौघड़िया (दोपहर): दोपहर 01:26 बजे से दोपहर 02:48 बजे तक
शुभ, अमृत और चर चौघड़िया (सायं/रात्रि): शाम 05:31 बजे से रात 10:27 बजे तक
उषाकाल मुहूर्त (शुभ): सुबह 5 बजे से 06:39 तक, 9 नवंबर
लाभ चौघड़िया (मध्यरात्रि): रात 01:43 बजे से देर रात 03:22 बजे तक

दिवाली पर लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दिवाली पर मां लक्ष्मी की पूजा के लिए प्रदोष काल यानी सूर्यास्त के बाद का समय सबसे शुभ माना जाता है. इस दौरान स्थिर लग्न में पूजा करना विशेष फलदायी माना गया है. जब वृषभ, सिंह, वृश्चिक या कुंभ लग्न चल रहा हो, तब मां लक्ष्मी की पूजा करना शुभ होता है. इसके अलावा निशीथ काल में भी पूजा का विशेष महत्व है. यह समय खासतौर पर तांत्रिक पूजा, मां काली की पूजा और महानिशा पूजा के लिए उपयुक्त माना जाता है.

लक्ष्मी-गणेश पूजा की संपूर्ण विधि
पूजा स्थल की तैयारी
सबसे पहले घर के पूजा स्थल को अच्छी तरह साफ करें. इसके बाद एक चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं. चौकी पर भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें. ध्यान रखें कि भगवान गणेश की प्रतिमा मां लक्ष्मी के बाईं ओर हो. पूजा सामग्री को व्यवस्थित तरीके से रख लें.

आचमन विधि
पूजा शुरू करने से पहले हाथ में थोड़ा जल लेकर तीन बार आचमन करें. हर बार निम्न मंत्र बोलें:
1. ॐ केशवाय नमः.
2. ॐ नारायणाय नमः.
3. ॐ माधवाय नमः.
इसके बाद हाथ धोकर मन और शरीर की शुद्धि का भाव रखें.

पूजा का संकल्प लें
दाहिने हाथ में जल, अक्षत और पुष्प लेकर भगवान का ध्यान करें. इसके बाद अपनी मनोकामना और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पूजा का संकल्प लें.

संकल्प मंत्र:

ॐ विष्णुर्विष्णुर्विष्णुः.

इसके बाद भगवान का स्मरण करते हुए कहें कि मैं अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामना के लिए मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन कर रहा/रही हूं.

कलश स्थापना
एक तांबे या मिट्टी के कलश में जल भरें. उसमें सुपारी, अक्षत और सिक्का डालें. कलश के ऊपर आम या अशोक के पत्ते लगाकर नारियल रखें. कलश पर मौली बांधें और स्वस्तिक बनाएं.

इसके बाद कलश का पूजन करें और उसमें सभी देवी-देवताओं का आह्वान करें.

कलश मंत्र:

ॐ कलशस्य मुखे विष्णुः कण्ठे रुद्रः समाश्रितः.
मूले तत्र स्थितो ब्रह्मा मध्ये मातृगणाः स्मृताः॥

भगवान गणेश का पूजन
सबसे पहले भगवान गणेश का ध्यान करें. उन्हें जल, अक्षत, रोली, चंदन, फूल और दूर्वा अर्पित करें. इसके बाद मोदक या लड्डू का भोग लगाएं.

गणेश मंत्र:

ॐ गं गणपतये नमः॥

इसके बाद गणेश जी से जीवन की सभी बाधाएं दूर करने और शुभ कार्यों में सफलता देने की प्रार्थना करें.

मां लक्ष्मी का पूजन
अब मां लक्ष्मी का ध्यान करें और उन्हें रोली, चंदन, अक्षत, कमल का फूल, लाल फूल, इत्र और माला अर्पित करें. इसके बाद मां लक्ष्मी को फल, मिठाई और खीर का भोग लगाएं.

मां लक्ष्मी मंत्र:

ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः॥

इस मंत्र का श्रद्धापूर्वक 108 बार जाप करें. मां लक्ष्मी से घर में सुख, शांति, धन और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना करें.

कुबेर और बही-खाते का पूजन
दिवाली पर भगवान कुबेर की पूजा का भी विशेष महत्व है. पूजा स्थल पर धन की पेटी, तिजोरी, आभूषण और व्यापार से जुड़े बही-खातों को रखें. उन पर रोली और अक्षत लगाकर भगवान कुबेर का स्मरण करें.

कुबेर मंत्र:

ॐ यक्षाय कुबेराय वैश्रवणाय धनधान्याधिपतये धनधान्यसमृद्धिं मे देहि दापय स्वाहा॥

धूप-दीप और नैवेद्य अर्पित करें
अब मां लक्ष्मी और गणेश जी के सामने घी का दीपक जलाएं. धूप और अगरबत्ती दिखाएं. इसके बाद फल, मिठाई, पंचामृत और अन्य प्रसाद अर्पित करें. पूजा में परिवार के सभी सदस्यों को शामिल करें.

पूजा के अंत में क्षमा प्रार्थना
आरती के बाद हाथ जोड़कर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से पूजा में हुई किसी भी भूल-चूक के लिए क्षमा मांगें.

क्षमा प्रार्थना मंत्र:

मन्त्रहीनं क्रियाहीनं भक्तिहीनं सुरेश्वर.
यत्पूजितं मया देव परिपूर्णं तदस्तु मे॥

इसके बाद सभी परिवारजनों को प्रसाद बांटें और घर के मुख्य द्वार, मंदिर, आंगन तथा अन्य स्थानों पर दीपक जलाएं.

दिवाली पूजा के जरूरी नियम

  • पूजा के समय घर और पूजा स्थल को साफ रखें.
  • पूजा में मन को शांत और श्रद्धा से परिपूर्ण रखें.
  • मां लक्ष्मी के सामने घी या तेल का दीपक जलाएं.
  • पूजा के दौरान किसी का अपमान या विवाद न करें.
  • घर के मुख्य द्वार और मंदिर में दीपक जरूर जलाएं.
  • जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दें.

श्री गणेशजी की आरती
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा.
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
एक दंत दयावंत, चार भुजाधारी.
मस्तक सिंदूर सोहे, मूसे की सवारी॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा.
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
पान चढ़े, फूल चढ़े और चढ़े मेवा.
लड्डुअन को भोग लगे, संत करे सेवा॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा.
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
अंधन को आंख देत, कोढ़िन को काया.
बांझन को पुत्र देत, निर्धन को माया॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा.
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
दीनन की लाज राखो, शंभु सुतवारी.
कामना को पूर्ण करो, जग बलिहारी॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा.
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥

लक्ष्मी माता की आरती
ॐ जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता.
तुमको निशिदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
उमा, रमा, ब्रह्माणी, तुम ही जग-माता.
मैया तुम ही जग-माता..
सूर्य-चंद्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
दुर्गा रुप निरंजनी, सुख सम्पत्ति दाता.
मैया सुख सम्पत्ति दाता॥
जो कोई तुमको ध्याता, ऋद्धि-सिद्धि धन पाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
तुम पाताल-निवासिनि, तुम ही शुभदाता.
मैया तुम ही शुभदाता॥
कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी, भवनिधि की त्राता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
जिस घर में तुम रहतीं, सब सद्गुण आता.
मैया सब सद्गुण आता॥
सब सम्भव हो जाता, मन नहीं घबराता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता.
मैया वस्त्र न कोई पाता॥
खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
शुभ-गुण मंदिर सुंदर, क्षीरोदधि-जाता.
मैया क्षीरोदधि-जाता॥
रत्न चतुर्दश तुम बिन, कोई नहीं पाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
महालक्ष्मीजी की आरती, जो कोई जन गाता.
मैया जो कोई जन गाता॥
उर आनन्द समाता, पाप उतर जाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
ऊं जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता.
तुमको निशदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता. ॐ जय लक्ष्मी माता..

दोहा
महालक्ष्मी नमस्तुभ्यम्, नमस्तुभ्यम् सुरेश्वरि. हरिप्रिये नमस्तुभ्यम्, नमस्तुभ्यम् दयानिधे..
पद्मालये नमस्तुभ्यं नमस्तुभ्यं च सर्वदे. सर्व भूत हितार्थाय, वसु सृष्टिं सदा कुरुं..

सब बोलो लक्ष्मी माता की जय, लक्ष्मी नारायण की जय. आरती पूरी होने के बाद तुलसी में आरती जरूर दिखाना चाहिए, इसके बाद घर के लोगों को आरती लेनी चाहिए.



Source link