कभी ‘अभिशाप’ थी जो आवाज उसी ने दुनियाभर में दिलाई पहचान, नाइट क्लब में गाने वाली उषा उत्थुप कैसे बनीं नेशनल स्टार

कभी ‘अभिशाप’ थी जो आवाज उसी ने दुनियाभर में दिलाई पहचान, नाइट क्लब में गाने वाली उषा उत्थुप कैसे बनीं नेशनल स्टार


Last Updated:

‘रम्बा हो हो’, ‘डॉर्लिंग’, ‘ऑवा ऑवा’ जैसे गानों से पहचान बना चुकीं सिंगर उषा उत्थुप अपना 79वां जन्मदिन मना रही हैं. उनके जन्मदिन के मौके पर आपको दिग्गज सिंगर की जिंदगी के कुछ अनसुने पहलुओं से वाकिफ कराते हैं. आज अपनी दमदार आवाज के लिए मशहूर उषा उत्थुप को कभी इसी आवाज की वजह से ताने सुनने पड़ते थे.

Zoom

उषा उत्थुप का आज जन्मदिन है. (फाइल फोटो)

नई दिल्ली.  बॉलीवुड की दुनिया में नाम कमाना किसी भी कलाकार के लिए आसान नहीं होता है. किसी भी कलाकार को शोहरत हासिल करने में सालों लग जाते हैं. कुछ कलाकार ऐसे भी होते हैं, जिनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी अलग पहचान ही बन जाती है. ऐसी ही एक सिंगर हैं उषा उत्थुप, जिन्होंने अपनी भारी और दमदार आवाज से भारतीय संगीत जगत में खास मुकाम हासिल किया है. दिलचस्प बात ये है कि जिस आवाज के लिए आज उन्हें दुनियाभर में पहचाना जाता है, कभी उसी आवाज की वजह से उन्हें स्कूल के म्यूजिक क्लास से बाहर कर दिया गया था.

उषा उत्थुप का जन्म 8 नवंबर 1947 को मुंबई में एक तमिल परिवार में हुआ था. उनके घर में बचपन से ही संगीत का माहौल था. माता-पिता को भारतीय शास्त्रीय संगीत के साथ पश्चिमी संगीत सुनने का भी शौक था. रेडियो पर बजने वाले अलग-अलग गानों को सुनते-सुनते उषा की दिलचस्पी भी संगीत में बढ़ने लगी.

भारी आवाज के चलते टीचर ने स्कूल से कर दिया था बाहर

उन्होंने मुंबई के बायकुला स्थित सेंट एग्नेस हाईस्कूल से पढ़ाई की. स्कूल के दिनों से ही उन्हें गाने का बहुत शौक था, लेकिन उनकी भारी आवाज दूसरी लड़कियों से काफी अलग थी. अपनी भारी आवाज की वजह से वो हमेशा खुदको दूसरों से अलग महसूस करतीं. उनकी आवाज बाकी लड़कियों जैसी नहीं लगती थी. यही वजह रही कि एक बार उन्हें म्यूजिक क्लास से बाहर कर दिया गया. हालांकि, उनकी म्यूजिक टीचर ने उनकी प्रतिभा को नजरअंदाज नहीं किया और उन्हें क्लैपर तथा ट्रायंगल जैसे वाद्य यंत्र बजाने का मौका दिया.

संगीत की ट्रेनिंग न मिलने के बावजूद उषा उत्थुप का म्यूजिक से प्यार कम नहीं हुआ. उषा ने महज 9 साल की उम्र में पहली बार पब्लिक में गाना गाया था. उनकी बहनों की भी संगीत में दिलचस्पी थी. उन्हीं के जरिए उनकी मुलाकात रेडियो होस्ट अमीन सयानी से हुई. उन्होंने उषा को रेडियो सीलोन के ‘ओवलटीन म्यूजिक आवर’ में गाने का अवसर दिया, जहां उन्होंने ‘मॉकिंगबर्ड हिल’ गाया.

नाइट क्लब से शुरू हुआ करियर

उषा उत्थुप के प्रोफेशनल म्यूजिक करियर की शुरुआत 1969 में चेन्नई से हुई. उन्होंने वहां ‘नाइन जेम्स’ नाम के नाइट क्लब में गाना शुरू किया. उनकी पहली प्रस्तुति इतनी पसंद की गई कि क्लब के मालिक ने उन्हें पूरे एक सप्ताह तक परफॉर्म करने का प्रस्ताव दे दिया. इसके बाद वो कोलकाता, दिल्ली और मुंबई के कई नाइट क्लबों में अपनी आवाज का जादू बिखेरने लगीं. कोलकाता में ही उनकी मुलाकात जानी चाको उत्थुप से हुई, जिनसे बाद में उन्होंने शादी की.

बॉलीवुड में हासिल की अलग पहचान

उषा उत्थुप के बॉलीवुड करियर की बात करें तो साल 1970 में फिल्म ‘बॉम्बे टॉकी’ से उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की. इसके बाद फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ में भी अपनी आवाज दी. आरडी बर्मन और बप्पी लाहिड़ी जैसे संगीतकारों के साथ काम करते हुए उन्होंने कई यादगार गाने दिए. ‘रंभा हो हो हो’, ‘मेहबूबा मेहबूबा’ और ‘डार्लिंग’ जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. पॉप, जैज, रॉक और फिल्मी संगीत में उनकी आवाज का अलग अंदाज सुनने को मिला.

कभी भारी आवाज के लिए ताने सुनने वाली उषा उत्थुप की आवाज सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी गूंजी. उन्होंने विदेश में कई जगह परफॉर्म कर ऑडियंस का दिल जीता. सिंगर को साल 2011 में पद्म श्री और 2024 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया. इसके अलावा उन्होंने कई अवॉर्ड्स जीते हैं.



Source link