BPSC मेंस के बाद अब इंटरव्यू की बारी, सफल अभ्यर्थी आयुष से जानें तैयारी का सही फॉर्मूला, भूलकर भी न करें ये गलती

BPSC मेंस के बाद अब इंटरव्यू की बारी, सफल अभ्यर्थी आयुष से जानें तैयारी का सही फॉर्मूला, भूलकर भी न करें ये गलती


समस्तीपुर. बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की मेंस परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों के सामने अब चयन प्रक्रिया का अगला पड़ाव इंटरव्यू है. मेंस में सफलता पाने वाले उम्मीदवार तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू को लेकर कई सवाल उठना स्वाभाविक है. बोर्ड किस तरह के प्रश्न पूछता है, जवाब देने का तरीका कैसा हो और किन बातों से बचना चाहिए, इसे लेकर अभ्यर्थी अनुभवी उम्मीदवारों की सलाह जानना चाहते हैं.

इसी कड़ी में लोकल 18 की टीम समस्तीपुर के रहने वाले आयुष अमन से मिली. बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके आयुष अमन ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि बोर्ड अभ्यर्थी के ज्ञान के साथ-साथ उसकी सोच, व्यवहार और व्यक्तित्व को भी समझने की कोशिश करता है.

इंटरव्यू में बनावटी जवाब देने से बचें, जितना पूछा जाए उतना ही बोलें
आयुष अमन ने कहा कि इंटरव्यू बोर्ड में आमतौर पर तीन से चार सदस्य होते हैं और हर सदस्य का अपना अनुभव तथा सवाल पूछने का अलग तरीका होता है. अभ्यर्थियों को किसी भी सवाल से घबराना नहीं चाहिए. इंटरव्यू के दौरान सबसे जरूरी है कि उम्मीदवार सहज और वास्तविक बने रहें. अपनी पर्सनालिटी को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने या बनावटी जवाब देने से बचें.

मेंस परीक्षा पास करने का अर्थ है कि अभ्यर्थी का विषयों पर अच्छा आधार बन चुका है, इसलिए उसे आत्मविश्वास से अपनी बात रखनी चाहिए. उन्होंने सलाह दी कि जितना पूछा जाए, उतना ही स्पष्ट और सटीक जवाब दें. बिना जरूरत लंबा बोलना नुकसान पहुंचा सकता है. जवाब देते समय तथ्यों और आंकड़ों का सहारा लें, ताकि बोर्ड को लगे कि अभ्यर्थी ने विषय समझकर पढ़ा है.

जवाब नहीं पता हो तो सॉरी कहें, आवेदन में दी गई जानकारी भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि किसी प्रश्न का उत्तर नहीं पता हो तो गलत या मनगढ़ंत जवाब देने के बजाय विनम्रता से अपनी असमर्थता स्वीकार करना बेहतर है. आयुष अमन के मुताबिक, इंटरव्यू में ईमानदारी बहुत मायने रखती है. अभ्यर्थी को यह सोचकर जवाब नहीं देना चाहिए कि किसी तरह बोर्ड को प्रभावित करना है. अपनी बात तर्क के साथ रखें और जहां जरूरी हो, उदाहरण या आंकड़े दें.

उन्होंने बताया कि बोर्ड कई बार आवेदन में दर्ज जानकारी से ही सवाल आगे बढ़ाता है. जैसे, किस विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है, जन्मतिथि क्या है या किस क्षेत्र में काम किया है, इन बिंदुओं से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं. इसलिए उम्मीदवार अपने विस्तृत आवेदन पत्र और उससे जुड़ी जानकारी अच्छी तरह पढ़ लें.

करेंट अफेयर्स पर रखें मजबूत पकड़
करेंट अफेयर्स को इंटरव्यू की तैयारी का हिस्सा बताते हुए आयुष अमन ने कहा कि अभ्यर्थियों को समसामयिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखनी चाहिए. उनके इंटरव्यू में मीडिया की स्वतंत्रता, न्यायपालिका और कोचिंग संस्थानों की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे गए थे. चूंकि उन्होंने कोचिंग में काम किया था, इसलिए बोर्ड ने उनसे कोचिंग व्यवस्था के उद्देश्य और जरूरत पर भी राय मांगी.

उन्होंने सलाह दी कि किसी मुद्दे पर जवाब देते समय केवल पक्ष या विपक्ष में बोलने के बजाय संतुलित और तार्किक दृष्टिकोण रखें. आयुष अमन ने कहा कि इंटरव्यू बोर्ड अभ्यर्थी की परिस्थिति समझता है और माहौल सहज बनाने की कोशिश करता है. इसलिए घबराने के बजाय शांत रहें, सवाल ध्यान से सुनें और सोच-समझकर जवाब दें.



Source link