राफेल और Su-30MKI फाइटर जेट छूटा पीछे, इस महाबली ने चीन सीमा के पास रचा इतिहास – indian air force creates history IL76MD aircraft land at Nyma airbase

राफेल और Su-30MKI फाइटर जेट छूटा पीछे, इस महाबली ने चीन सीमा के पास रचा इतिहास – indian air force creates history IL76MD aircraft land at Nyma airbase


Last Updated:

India-China Border: चीन और पाकिस्‍तान की नीयत से भारत पूरी तरह से वाकिफ है. यही वजह है कि पूरब से लेकर पश्चिम और उत्‍तर तक की सीमा की सुरक्षा को दुरुस्‍त किया जा रहा है. खासकर चीन और पाकिस्‍तान की सीमा से लगते इलाकों में इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर को नई रफ्तार दी जा रही है. इसका नमूना पूर्वी लद्दाख में दिखा जब इंडियन एयरफोर्स का एयरलिफ्टर एयरक्राफ्ट IL-76MD ने 13600 फीट से ज्‍यादा की ऊंचाई पर स्थित न्‍योमा एयरबेस पर लैंड किया.

Zoom

एयरलिफ्टर IL-76MD एयरक्राफ्ट को पूर्वी लद्दाख के न्‍योमा एयरबेस पर 13600 फीट से ज्‍यादा की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक लैंड कराया गया है. (फाइल फोटो)

India-China Border: रूस-यूक्रेन और ईरान जंग ने पूरी दुनिया के सिक्‍योरिटी कैलकुलेशन को बदलकर रख दिया है. युद्ध के तौर-तरीके भी बदल गए हैं. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 21वीं सदी में वॉर के बदले स्‍वरूप का अनुभव किया गया. महंगे फाइटर जेट और ज्‍यादा लागत वाली मिसाइलों का एक मुकम्‍मल विकल्‍प ड्रोन के रूप में सामने आया है. सस्‍ते ड्रोन से ईरान और यूक्रेन जैसे देशों ने अमेरिका एवं रूस जैसे महाबलियों को नाकों चने चबवा रहे हैं. इसे देखते हुए भारत ने भी ड्रोन में इन्‍वेस्‍ट करना शुरू कर दिया है. इसके साथ ही बॉर्डर इलाकों की सुरक्षा पर भी खास ध्‍यान दिया जा रहा है. इसी क्रम में भारतीय वायुसेना ने चीन सीमा से तकरीबन 23 से 35 किलोमीटर दूर इतिहास रचा है. पूर्वी लद्दाख में 13600 फीट से ज्‍यादा की ऊंचाई पर स्थित न्‍योमा एयरबेस पर इंडियन एयरफोर्स का एयरलिफ्ट एयरक्राफ्ट IL-76MD ने सफलतापूर्वक लैंड किया है.

भारतीय वायुसेना (IAF) ने विमानन इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. वायुसेना के IL-76MD ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट ने लद्दाख के न्योमा में समुद्र तल से 13,629 फीट की ऊंचाई पर सफल लैंडिंग की है. वायुसेना के मुताबिक, यह दुनिया में इस विमान की अब तक की सबसे अधिक ऊंचाई पर की गई लैंडिंग है. भारतीय वायुसेना ने शनिवार 7 नवंबर 2026 को X पर इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा की. वायुसेना ने इसे विमान की असाधारण परिचालन क्षमता और उसके चालक दल के कौशल, सटीकता तथा पेशेवर दक्षता का शानदार प्रदर्शन बताया.

चीन सीमा पर रणनीतिक सफलता

वायुसेना ने कहा कि 13,629 फीट की ऊंचाई पर यह सफल लैंडिंग भारत की रणनीतिक एयरलिफ्ट क्षमता को और मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव है. दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हेवी ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट का ऑपरेशन सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. इस उपलब्धि से वायुसेना ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अपनी परिचालन क्षमता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने की दक्षता का भी प्रदर्शन किया है.

एयरफोर्स की संचार प्रणाली होगी स्‍वदेशी

भारतीय वायुसेना ने अपने विमानों के लिए सुरक्षित डिजिटल कम्युनिकेशन सिस्टम विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है. वायुसेना के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट यानी SDI ने IIT मद्रास और IITM प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन के साथ एक समझौता किया है. इसके तहत विमानों में इस्तेमाल होने वाली स्वदेशी डिजिटल संचार प्रणाली को मिलकर डिजाइन और विकसित किया जाएगा. इस साझेदारी में कम्युनिकेशन सिस्टम और नेटवर्किंग के लिए एडवांस एल्गोरिदम तैयार किए जाएंगे. इसका मकसद विदेशी सिस्टम पर निर्भरता कम करना और वायुसेना की ऑपरेशनल क्षमता को बेहतर बनाना है. यह पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी मजबूती देगी.

(इनपुट: शैलेंद्र वांगू)



Source link