मुखबिर की सूचना, पुलिस की घेराबंदी और 42 राउंड फायरिंग…पटना के मनेर में कैसे हुआ एनकाउंटर? घटना की पूरी कहानी

मुखबिर की सूचना, पुलिस की घेराबंदी और 42 राउंड फायरिंग…पटना के मनेर में कैसे हुआ एनकाउंटर? घटना की पूरी कहानी


पटना के मनेर में शेरपुर गंगा घाट के पास शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपी मारे गए. पुलिस के मुताबिक, तीनों पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड में वांछित थे. गुप्त सूचना के बाद बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में कार्रवाई की थी. गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी घायल हो गए. पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही थीं. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आपराधिक इतिहास वाले कुछ लोग मनेर के शेरपुर गंगा घाट इलाके में जुटे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनाया कार्रवाई का प्लान

एसएसपी के अनुसार, पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड में वांछित जेपी यादव अपने साथियों के साथ वहां मौजूद है. इसके बाद बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में छापेमारी की योजना बनाई. टीम सूचना के आधार पर शेरपुर पहुंची और अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की.

पुलिस पहुंची तो शुरू हो गई फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, टीम के मौके पर पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लगी. एक गोली उनकी वर्दी को छूते हुए निकल गई. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से करीब 20 मिनट तक गोलीबारी हुई. पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने 24 राउंड और पुलिस ने 18 राउंड गोलियां चलाईं. गोलीबारी थमने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां तीन लोग घायल अवस्था में मिले. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

तीन अपराधियों की पहचान, क्राइम कुंडली

मारे गए लोगों की पहचान जयप्रकाश राय, बबलू यादव और राजा शर्मा के रूप में बताई गई है. विभिन्न रिपोर्टों में इनके नाम और उपनाम अलग-अलग दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, तीनों हत्या सहित कई आपराधिक मामलों में वांछित (वांटेड) थे. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जयप्रकाश यादव पर कुल 9 गंभीर मामले दर्ज हैं. दानापुर के ताराचक निवासी जयप्रकाश यादव का आपराधिक इतिहास 1996 से शुरू हुआ. उस पर हत्या, जानलेवा हमला, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत खगौल, दानापुर, राजीवनगर, फतुहां और मनेर थानों में मुकदमे दर्ज हैं. राजा कुमार उर्फ सूरज पर नौबतपुर थाने में डकैती, संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है. वह मनेर थाना कांड संख्या 1042/26 में हत्या व रंगदारी में वांछित था. बबलू यादव पर भी हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े दो बड़े मामले दर्ज हैं. वह दानापुर थाना कांड संख्या 629/26 और मनेर थाना कांड संख्या 1042/26 दोनों में वांटेड था.

हथियार और कारतूस बरामद

वहीं, मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक देसी कट्टा, दो पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और छह खोखा बरामद किए गए. पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फिर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

पैक्स अध्यक्ष की हत्या से जुड़ा है पूरा मामला

बता दें कि घटना के तार मनेर के ब्यापुर गांव में 18 अक्टूबर की रात पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की गोली मारकर हत्या करने से जुड़े हैं. बताया जाता है कि उस समय वह प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति पिंटू कुमार के साथ बैठे थे. दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने दोनों पर गोलीबारी की थी. संजीत कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हुए थे. दानापुर एसडीपीओ-2 एके झा ने बताया कि इस हत्याकांड में बबलू कुमार और सूरज कुमार ने शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव मुख्य साजिशकर्ता था.

तीनों का आपराधिक इतिहास, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश राय के खिलाफ 1996 से 2026 के बीच हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत नौ मामले दर्ज थे. राजा शर्मा के खिलाफ तीन और बबलू यादव के खिलाफ दो मामलों का जानकारी है. हालांकि, एनकाउंटर के बाद परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए दानापुर सदर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया. जबकि, पुलिस का कहना है कि अपराधियों ने पहले फायरिंग की, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. पटना पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण अभियान का हिस्सा बताया है. मामले की जांच जारी है.



Source link