मंदाकिनी में दीपदान-बच्चों को गिफ्ट, मौनिया नृत्य में लिया हिस्सा, भक्ति के रंग में रंगे CM मोहन यादव


Last Updated:

सीएम मोहन यादव निवाड़ी जिले के ओरछा पहुंचे थे, जहां उन्होंने रामराजा दरबार में पूजा-अर्चना की. इसके बाद वह चित्रकूट के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने मंदाकिनी नदी में दीपदान किया. फिर बच्चों को उपहार भी बांटे. इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का जायजा भी लिया. दीपावली के मौके पर वह बिल्कुल भक्ति के रंग में रंगे नजर आए.

Top Deals Inside

मंदाकिनी में दीपदान, मौनिया नृत्य में लिया हिस्सा, भक्ति के रंग में रंगे CM Zoom

सीएम मोहन यादव ने बच्चों को बांटे उपहार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अभी ओरछा पहुंचे हुए हैं, जहां श्री राम राजा लोक बनाया जा रहा है. सीएम ने इसके कामों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से इसके बारे में विस्तार से चर्चा की. इसके अलावा उन्हें जल्दी काम निपटाने के निर्देश भी दिए. सीएम ने श्री राम राजा सरकार के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर में उन्होंने विधि-विधान से पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्री लाला हरदौल के मंदिर में भी दर्शन किए. वहां उन्होंने पूजा की और लाला हरदौल की वीरता और त्याग को याद करते हुए उन्हें नमन किया.

सीएम ने मौनिया नृत्य में लिया हिस्सा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से भी बातचीत की. उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं, व्यापार बढ़ाने को लेकर सुझाव लिए और स्थानीय दुकानों से खरीदारी भी की. दुकानदारों ने राम लोक से बढ़ते पर्यटन को लेकर खुशी जताई और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया. दौरे का सबसे खास पल तब आया, जब बुंदेलखंड के प्रचलित मौनिया नृत्य का कार्यक्रम चल रहा था. मुख्यमंत्री वहां रुके, कलाकारों के साथ मौनिया नृत्य में भाग लिया और स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ाया. इसके बाद एक स्थानीय कलाकार के साथ उन्होंने भजन भी गाया, जिससे वहां मौजूद लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम को समर्पित ओरछा स्थित श्रीराम राजा मंदिर हम सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है. हमारी सरकार श्रीराम राजा लोक के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रही है. धार्मिक एवं पर्यटन के लिहाज से ओरछा एक अद्भुत स्थल है, जिसका ऐतिहासिक महत्व भी है. उन्होंने कहा कि राम लोक के बनने से न केवल ओरछा, बल्कि पूरे बुंदेलखंड में पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी.

सीएम ने बच्चों को बांटे उपहार
इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव धर्मनगरी चित्रकूट के दौरे पर पहुंचे. यहां आरोग्यधाम में उन्होंने संतों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और संतों का आशीर्वाद लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री की संतों के प्रति श्रद्धा और आस्था देखने को मिली. इसके बाद मुख्यमंत्री पवित्र मंदाकिनी नदी पहुंचे, जहां उन्होंने दीपदान किया. मंदाकिनी के तट पर दीपों की रोशनी और धार्मिक वातावरण ने चित्रकूट की आध्यात्मिक छटा को और खास बना दिया. मुख्यमंत्री ने इस दौरान बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें उपहार बांटे. बच्चों के चेहरों पर भी उपहार पाकर खुशी देखने को मिली.

मुख्यमंत्री के चित्रकूट दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. उनका यह दौरा धर्मनगरी की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर केंद्र में ले आया. कुल मिलाकर मुख्यमंत्री का चित्रकूट दौरा भक्ति, आस्था और आत्मीयता के नाम रहा. मंदाकिनी में दीपदान से लेकर संतों के आशीर्वाद और बच्चों के साथ खुशियां बांटने तक, मुख्यमंत्री का हर पड़ाव धर्मनगरी की आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा नजर आया.

(रिपोर्ट-शिवेंद्र सिंह/हिरदेश कुमार तिवारी)



Source link