टेस्ट में सबसे बड़ी पारी, तौहीद हृदोय ने बांग्लादेश के लिए रच दिया इतिहास
Last Updated:
Tawhid Hridoy double century: तौहीद हृदोय ने सिलहट में वेस्टइंडीज के खिलाफ 242 रन बनाकर इतिहास रच दिया. वह टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश की ओर से सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
तौहीद हृदोय ने बांग्लादेश के लिए खेली सबसे बड़ी टेस्ट पारी.
नई दिल्ली. बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज तौहीद हृदोय ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ऐसी पारी खेली, जिसने उन्हें देश के क्रिकेट इतिहास में खास जगह दिला दी. हृदोय ने नाबाद 242 रन बनाकर बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने मुशफिकुर रहीम के कायम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. हृदोय ने यह कारनामा उस समय किया, जब बांग्लादेश की टीम मुश्किल में थी. वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 356 रन बनाए थे. इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 22 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए. ऐसे समय में हृदोय ने क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की और पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई.
मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड भी टूटा
हृदोय ने नाबाद 242 रन की पारी खेलकर बांग्लादेश के लिए टेस्ट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. इससे पहले यह रिकॉर्ड मुशफिकुर रहीम के नाम था, जिन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 219 रन बनाए थे. उन्होंने अपनी पारी में 359 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौके और 11 छक्के लगाए.
शुरुआत में संभलकर खेले, फिर बदला बल्लेबाजी का अंदाज
हृदोय ने पारी की शुरुआत में जोखिम लेने से बचते हुए बल्लेबाजी की. उन्होंने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों का धैर्य के साथ सामना किया. पारी का पहला चौका लगाने के लिए भी उन्हें 33वें ओवर तक इंतजार करना पड़ा. इस दौरान उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में अपना विकेट बचाए रखा. नजमुल हुसैन शांतो के आउट होने के बाद बांग्लादेश का स्कोर 51 रन पर तीन विकेट हो गया था. इसके बाद हृदोय ने अनुभवी मुशफिकुर रहीम के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच 73 रन की साझेदारी हुई. इसी दौरान हृदोय ने जोशुआ बिशप की गेंद पर अपना पहला टेस्ट अर्धशतक पूरा किया.
हालांकि, इसके बाद बांग्लादेश के मध्यक्रम ने निराश किया और टीम ने 184 रन तक सात विकेट गंवा दिए. ऐसे में हृदोय पर पारी को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई. उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और जरूरत के मुताबिक अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार भी बढ़ाई.
पहला टेस्ट शतक ही दोहरे शतक में बदला
हृदोय ने तैजुल इस्लाम के साथ आठवें विकेट के लिए 117 रन की अहम साझेदारी की. इस दौरान उन्होंने रोस्टन चेज की गेंद पर अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया. शतक लगाने के बाद उनका आत्मविश्वास और बढ़ गया. उन्होंने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और तेजी से रन जुटाने शुरू कर दिए. उन्होंने अपनी पहली टेस्ट सेंचुरी को दोहरे शतक में बदलकर इतिहास रच दिया. वह टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाने के साथ ही उसे दोहरे शतक तक पहुंचाने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बन गए.
बांग्लादेश के चौथे बल्लेबाज बने दोहरे शतकवीर
हृदोय अब टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले बांग्लादेश के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले मुशफिकुर रहीम, तमीम इकबाल और शाकिब अल हसन यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. उनकी इस पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने ज्यादातर रन तब बनाए, जब बांग्लादेश के प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. मेहदी हसन मिराज के आउट होने के बाद भी हृदोय ने निचले क्रम के साथ बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को मुकाबले में बनाए रखा. उनकी इस पारी से बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज पर पहली पारी के हिसाब से 30 रन की अहम बढ़त भी हासिल कर ली.