दिवाली पर ₹100 में सजाएं घर, गृह विज्ञान की छात्राओं ने पुरानी चीजों से बनाए तोरण

दिवाली पर ₹100 में सजाएं घर, गृह विज्ञान की छात्राओं ने पुरानी चीजों से बनाए तोरण


Last Updated:

Ghazipur News:त्योहारों के मौसम में घर को सजाने के लिए लोग बाजार से रंग-बिरंगे तोरण और झालर खरीदते हैं. लेकिन गाजीपुर के पीजी कॉलेज की गृह विज्ञान की छात्राएं घरेलू और कम कीमत वाली चीजों से ही आकर्षक तोरण तैयार कर रही हैं. उनके मुताबिक, एक तोरण करीब 30 से 60 मिनट में बन जाता है. दोनों तरह के तोरण तैयार करने में अधिकतम 100 रुपये तक खर्च आता है.

Top Deals Inside

गाजीपुर: त्योहारों के मौसम में घर को सजाने के लिए लोग बाजार से रंग-बिरंगे तोरण और झालर खरीदते हैं. लेकिन गाजीपुर के पीजी कॉलेज की गृह विज्ञान की छात्राएं घरेलू और कम कीमत वाली चीजों से ही आकर्षक तोरण तैयार कर रही हैं. खास बात यह है कि इन सजावटी सामानों को बनाने में ज्यादा खर्च भी नहीं आता और घर में पड़ी पुरानी चीजों का इस्तेमाल भी हो जाता है. गृह विज्ञान की छात्रा निशा बताती हैं कि वह पिछले तीन-चार वर्षों से इस तरह के तोरण बना रही हैं.

इसके लिए उन्होंने इंटरनेट से डिजाइन देखे और कॉलेज की सीनियर छात्राओं से भी मदद ली. धीरे-धीरे उन्होंने अपनी पसंद के मुताबिक अलग-अलग डिजाइन तैयार करना शुरू किया. निशा के बनाए तोरणों में दो तरह की खास डिजाइन देखने को मिलती है.एक डिजाइन में पुरानी मेटल की चूड़ियों और ऊन का इस्तेमाल किया गया है. चूड़ियों को ऊन से सजाकर उनसे रंगीन लड़ियां तैयार की जाती हैं.इसमें मोतियों और ऊन के लटकन से सजावट की जाती है. तस्वीर में गुलाबी रंग के फूलनुमा डिजाइन को पीले धागे से जोड़कर बनाया गया तोरण भी इसी तरह की हस्तकला का उदाहरण है.

चाय पीने वाले कागज के पेपर कप का इस्तेमाल

दूसरे डिजाइन में चाय पीने वाले कागज के पेपर कप का इस्तेमाल किया गया है. कप के बाहरी हिस्से पर ऊन लपेटकर उसे सजाया जाता है. इसके बाद धागे, मोतियों और ऊन के लटकन की मदद से उसे तोरण का रूप दिया जाता है. लाल और हरे रंग के ऊन से तैयार कप वाली झालर घर के दरवाजे या दीवार पर सजाने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है. निशा के मुताबिक, चूड़ियों से तोरण बनाने में करीब 30 मिनट से एक घंटे तक का समय लगता है. इसमें लगभग 30 रुपये का खर्च आता है. वहीं पेपर कप वाले तोरण को भी करीब आधे से एक घंटे में तैयार किया जा सकता है. ऊन, कप और चूड़ियों से दोनों तरह के तोरण बनाने में कुल खर्च अधिकतम करीब 100 रुपये तक आ सकता है.

घर में मौजूद पुरानी चूड़ियां भी आ सकती है कााम

निशा बताती हैं कि इन तोरणों को बनाने का उद्देश्य सिर्फ घर की सजावट करना नहीं है, बल्कि बाजार से सजावटी सामान खरीदने पर होने वाले खर्च को बचाना और अपनी रचनात्मकता को भी आजमाना है. उनके मुताबिक, इसके लिए जरूरी नहीं कि हर चीज बाजार से खरीदी जाए. घर में मौजूद पुरानी चूड़ियां और दूसरे सामान भी काम आ सकते हैं. इस तरह गृह विज्ञान की छात्राएं घरेलू चीजों को नया रूप देकर यह दिखा रही हैं कि थोड़ी-सी मेहनत और कल्पनाशीलता से कम खर्च में भी घर को आकर्षक बनाया जा सकता है.



Source link