Last Updated:
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. सेटेलाइट से अब तक चार घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें जांच के बाद दो सही पाई गईं. इसके बाद संबंधित किसानों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में धान की कटाई का सिलसिला जारी है. कटाई के बाद खेतों में बचे फसल अवशेष यानी पराली को किसान खेतों में ही जला रहे हैं. एक ओर जहां कृषि विभाग लगातार किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पराली जलाने की घटनाएं पूरी तरह थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ऐसे में अब पराली जलाने वाले किसानों पर शासन ने सख्ती बढ़ा दी है. जिले में सेटेलाइट के माध्यम से खेतों की निगरानी की जा रही है, ताकि पराली जलाने की घटनाओं का पता लगाया जा सके और संबंधित किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
सख्ती और सतर्कता के बावजूद नहीं थम रहीं घटनाएं
पराली जलाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है. खेतों में फसल अवशेष जलाने से मिट्टी के पोषक तत्व प्रभावित होते हैं और जमीन की उर्वरा शक्ति पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है. इसके बावजूद कई किसान धान की कटाई के बाद बचे अवशेषों को खेत में ही जला देते हैं. सरकार और कृषि विभाग की ओर से किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है. इसके साथ ही पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.शासन ने पराली जलाने वाले किसानों पर जुर्माने की राशि दोगुनी कर दी है. प्रशासनिक सख्ती और कृषि विभाग की सतर्कता के चलते पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पराली जलाने की घटनाओं में कुछ कमी आई है, लेकिन अभी भी पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है.विभाग की टीमें सेटेलाइट से मिलने वाले संकेतों के आधार पर मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं.
सेटेलाइट से चार घटनाएं आईं सामने
इस संबंध में उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र ने बताया कि धान की कटाई के बाद कई बार किसान खेतों में बचे फसल अवशेषों को जला देते हैं. इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है.किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि वे खेतों में पराली न जलाएं. इसके लिए किसानों को पराली प्रबंधन के तरीके भी बताए जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक सेटेलाइट के माध्यम से पराली जलाने की करीब चार घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं की जांच के लिए जब कृषि विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तो दो घटनाएं सही पाई गईं. इसके बाद संबंधित दो किसानों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
कृषि यंत्रों से कर सकते हैं पराली का प्रबंधन
कृषि विभाग किसानों को सलाह दे रहा है कि धान की कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों को जलाने के बजाय कृषि यंत्रों की मदद से उनका प्रबंधन करें.इसके लिए बाजार में कई तरह के आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध हैं. इनकी मदद से पराली को खेत में ही नष्ट कर मिट्टी में मिलाया जा सकता है. इससे मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने में भी मदद मिलती है.
विभाग का कहना है कि पराली जलाने से होने वाले नुकसान को देखते हुए किसान जागरूक बनें और फसल अवशेषों को जलाने से बचें.वहीं, सेटेलाइट से निगरानी और मौके पर जांच का सिलसिला लगातार जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.