Last Updated:
Diwali Train Travel Rules : ट्रेन में कुछ चीजों को ले जाने पर बैन है. ये वो वस्तुएं हैं जिनसे ट्रेन में हादसा होने की आशंका होती है और यात्रियों के जीवन को खतरे में डालती है. क्या आप ट्रेन में पटाखे फुलझड़ी या अनार जैसी आतिशबाजी की चीजें ले जा सकते हैं, जानिए क्या कहते हैं रेलवे के नियम..
दिवाली पर ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ रही है.
नई दिल्ली. दिवाली पर घर जाने वालों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही है. त्योहार पर घर जाते वक्त हर कोई अपने साथ मिठाई-कपड़े सहित बहुत सी चीजें ले जाते हैं. यात्री घर के बच्चों के लिए स्टेशन के आस-पास से अनार, फुलझड़ी या पटाखों के डिब्बे खरीदकर बैग में रख लेते हैं. अगर आप भी पटाखे ट्रेन में साथ ले जाने की सोच रहे हैं, तो जरा संभल जाइये. आपकी यह छोटी सी दिवाली शॉपिंग आपके त्योहार को बेरंग कर सकती है. इसका कारण यह है कि रेलवे पटाखे जैसे ज्वलनशील पदार्थ ट्रेन के डिब्बों में साथ ले जाने की इजाजत नहीं देता. आपके पास पटाखे या फुलझड़ी जैसी चीजें पकड़े जाने पर आपको जुर्माना भरना पड़ सकता है, साथ ही जेल भी हो सकती है.
ट्रेन में पटाखे लेकर चलना केवल नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि आपके साथ सफर कर रहे सैकड़ों बेकसूर मुसाफिरों की जिंदगी को सीधे दांव पर लगाना है. भीड़भाड़, घर्षण या बीड़ी-सिगरेट की एक मामूली सी चिंगारी से पटाखों में विस्फोट हो सकता है जो पूरे डिब्बे में आग लगने का कारण बन सकता है. यही वजह है कि त्योहारों के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) प्लेटफॉर्म से लेकर बोगियों तक चेकिंग अभियान तेज कर देता है ताकि इस खतरे को टाला जा सके.
₹1000 का चालान और 3 साल की जेल
अगर कोई मुसाफिर चोरी-छिपे आतिशबाजी का सामान ले जाते हुए पकड़ा जाता है, तो रेलवे प्रशासन किसी तरह की रियायत नहीं बरतता. भारतीय रेलवे के नियमों के तहत ऐसे यात्रियों पर रेलवे एक्ट की धारा 164 के तहत सीधा मुकदमा दर्ज किया जाता है. इस धारा के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर ₹1,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. साथ ही 3 साल तक जेल की सजा हो सकती है.गंभीर मामलों में जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान है.
ट्रेन में क्या-क्या नहीं ले जा सकते
भारतीय रेलवे ने ट्रेन और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही कुछ चीजों को ट्रेन में ले जाना प्रतिबंधित किया है. ये ऐसी वस्तुएं हैं, जिनसे ट्रेन में आग लगने, ट्रेन के गंदा होने, यात्रियों को असुविधा होने और ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा रहता है. इन वस्तुओं को न तो यात्री कोच में अपने साथ ले जा सकते हैं औ न ही लगेज वैन में इनको रखा जा सकता है.