कप्तानी कर चुका खिलाड़ी टीम से हुआ बाहर, मयंक, हर्षित राणा, ईशांत की वापसी
Last Updated:
Nitish Rana dropped from Delhi squad: सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए घोषित 16 सदस्यीय दिल्ली टीम से पूर्व कप्तान नीतिश राणा को बाहर कर दिया गया है. 14 नवंबर से इंदौर में शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में आयुष बडोनी दिल्ली की कप्तानी संभालेंगे. टीम में तेज गेंदबाज मयंक यादव, हर्षित राणा और अनुभवी इशांत शर्मा को शामिल किया गया है. एलीट ग्रुप ‘बी’ में शामिल दिल्ली अपना पहला मुकाबला जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेलेगी.
नितीश राणा को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए दिल्ली टीम में नहीं मिली जगह.
नई दिल्ली. सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए घोषित दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम में पूर्व कप्तान नीतिश राणा को जगह नहीं मिली है. इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर से होगी. बत्तीस वर्षीय बल्लेबाज नीतिश राणा 2024 में आईपीएल खिताब जीतने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स टीम का हिस्सा थे. उन्होंने पिछले सत्र में इस टी20 राष्ट्रीय टूर्नामेंट में दिल्ली की कप्तानी की थी, लेकिन टीम ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में नाकाम रही थी.
आयुष बडोनी की अगुआई वाली दिल्ली टीम में भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव को शामिल किया गया है. मयंक ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला के दो मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. उन्होंने इस दौरान चौथे मैच में 48 रन देकर तीन विकेट हासिल किए थे.
मयंक के अलावा तेज गेंदबाज हर्षित राणा और अनुभवी इशांत शर्मा भी दिल्ली की टीम में शामिल हैं. दिल्ली को एलीट ग्रुप बी में बिहार, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु के साथ रखा गया है. ग्रुप बी के सभी मुकाबले इंदौर में खेले जाएंगे. दिल्ली अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ करेगी.
दिल्ली की टीम: आयुष बडोनी (कप्तान), प्रियांश आर्य, सार्थक रंजन, यश ढुल, आयुष दोसजा, तेजस्वी (विकेटकीपर), अनुज रावत (विकेटकीपर), हिम्मत सिंह, मयंक रावत, केशव डबास, सुयश शर्मा, दिग्वेश, इशांत शर्मा, हर्षित राणा, मयंक यादव और सिमरजीत सिंह.