जब भारत के युवाओं से देश के सबसे पक्के और सच्चे दोस्तों के बारे में पूछा जाता है, तो उनके जेहन में सबसे पहले किस देश का नाम आता है? हाल ही में जो नया सर्वे सामने आया है, उसने बता दिया है कि भारत के सच्चे दोस्तों में कौन-कौन से देश शामिल हैं! ये रिपोर्ट देश के हिंदी हार्टलैंड यानी उत्तर भारत के युवाओं की बात करती है और बताती है कि उनके दिलों पर आज कौन सा देश राज कर रहा है. इस रेस में नंबर-1 पर रूस और इजरायल में से एक देश है, सिर्फ यही नहीं चीन का एक दुश्मन तीसरे नंबर पर है.
भारत के दोस्त देशों पर क्या कहता है ये नया सर्वे?
ये सर्वे कोई आम बातचीत नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तराखंड जैसे पांच बड़े राज्यों के 1,023 युवाओं पर किया गया एक गहरा अध्ययन है. इन पांच राज्यों में देश की कुल आबादी का एक-तिहाई यानी लगभग 42 करोड़ लोग बसते हैं. अक्टूबर 2026 में किए गए इस सर्वे में 21 से 40 साल के युवाओं से ऑनलाइन और आमने-सामने बात की गई. ‘इंडिया-इजरायल सेंटर’ की इस रिपोर्ट का नाम ‘द हिंदी हार्टलैंड व्यू: वेयर इजरायल स्टैंड्स अमंग इंडियाज पार्टनर इन द हिंदी हार्टलैंड’ है.
जब इन युवाओं से पूछा गया कि भारत का सबसे सच्चा दोस्त कौन है, तो पहला नाम रूस का आया. लेकिन इसके ठीक बाद जिस देश ने बाजी मारी, वो कोई और नहीं बल्कि इजरायल है! जी हां, 62 फीसदी युवाओं ने माना कि इजरायल भारत का बेहतरीन दोस्त है, और 57 फीसदी ने कहा कि मुश्किल वक्त में इस देश ने हमेशा हमारा साथ निभाया है.
रूस नंबर-1 पर कायम, तो फिर इजरायल क्यों बना चर्चा का विषय?
भले ही रूस आज भी नंबर-1 पर बैठा हो, लेकिन इजरायल का दूसरे नंबर पर पहुंचना कोई छोटी बात नहीं है. सर्वे के मुताबिक, जब बात भरोसे की आती है, तो रूस और जापान के बाद इजरायल तीसरे स्थान पर खड़ा है. हैरानी की बात ये है कि इसने अमेरिका, फ्रांस, यूएई और सिंगापुर जैसे दुनिया के तमाम बड़े और ताकतवर देशों को धूल चटा दी है.
- 62 फीसदी युवा इजरायल को भारत का सच्चा और पक्का यार मानते हैं.
- 57 फीसदी लोगों को पूरा भरोसा है कि संकट के समय इजरायल कभी पीठ नहीं दिखाएगा.
- विकास कार्यों में मदद करने के मामले में भी 42 फीसदी युवाओं ने इजरायल को दूसरे पायदान पर रखा है.
ये आंकड़े सीधे तौर पर इशारा करते हैं कि हमारे देश के युवाओं की सोच में अब मिडिल ईस्ट की इस छोटी सी ताकत के प्रति सम्मान बहुत ज्यादा बढ़ गया है.
जिसे पता है, उसके लिए इजरायल ही सब कुछ है!
इस सर्वे का सबसे बड़ा ट्विस्ट कुछ औक ही है. रिपोर्ट बताती है कि लोगों की सोच इस बात पर निर्भर करती है कि वे इजरायल के बारे में कितना जानते हैं. जिन युवाओं को भारत और इजरायल के बीच चल रहे सहयोग और पार्टनरशिप की पूरी जानकारी थी, उनमें से 75 फीसदी लोग इजरायल पर आंख बंद करके भरोसा करते हैं. वहीं, जिन लोगों को इसके बारे में कुछ नहीं पता था, उनके बीच ये भरोसा घटकर सीधे 43 फीसदी पर आ गया.
इसी तरह, रक्षा और टेक्नोलॉजी की मदद को लेकर भी बड़ा अंतर देखने को मिला. जो युवा जागरूक थे, उनमें से 83 फीसदी का मानना था कि इजरायल के साथ मिलकर काम करने से भारत को बंपर फायदा हो रहा है. लेकिन जो लोग अंजान थे, उनमें से केवल 46 फीसदी ही ऐसा सोचते थे. मजे की बात ये है कि कुल मिलाकर केवल 42 फीसदी युवाओं को ही इजरायल के योगदान की पूरी जानकारी है. यानी अगर सही बात हर युवा तक पहुंचे, तो ये दोस्ती और भी ज्यादा गहरी हो सकती है.
खेती, पानी और टेक्नोलॉजी का ऐसा जादू कि सब हैरान
इजरायल का नाम आते ही दिमाग में सबसे पहले उसकी आधुनिक टेक्नोलॉजी और खेती-किसानी की एडवांस तकनीकें आती हैं. हिंदी पट्टी के युवा भी इस बात को बहुत अच्छी तरह से महसूस कर रहे हैं. सर्वे में 63 फीसदी युवाओं ने इजरायल को टेक्नोलॉजी के मामले में अव्वल माना है, जो मई 2026 के पुराने सर्वे में सिर्फ 51 फीसदी था.
इसके अलावा, खेती और पानी बचाने के तरीकों को लेकर 60 फीसदी लोग मानते हैं कि इजरायल के साथ रिश्ते हमारे देश के लिए बेहद जरूरी हैं. भारत और इजरायल मिलकर देश भर में 35 ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ चला रहे हैं. इनमें से चार बड़े सेंटर हमारे हिंदी हार्टलैंड में ही मौजूद हैं, उत्तर प्रदेश में बस्ती और कन्नौज, और बिहार में वैशाली और नालंदा. यहां किसानों को ड्रिप इरिगेशन और टपक सिंचाई जैसी तकनीक सिखाई जाती है, जिससे जमीन पर सीधा असर दिख रहा है.
गोरखपुर से लेकर वाराणसी तक: जहां सीधी पहुंच, वहां 90% से ज्यादा भरोसा
इस सर्वे का सबसे शानदार और चौंकाने वाला हिस्सा उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों से आया. जब टीम ने गोरखपुर और वाराणसी में जाकर लोगों से आमने-सामने बात की, तो आंकड़े देखकर आंखें फटी रह गईं.
- गोरखपुर: 91 फीसदी लोगों ने इजरायल पर पूरा भरोसा जताया.
- वाराणसी: 88 फीसदी लोगों ने इजरायल को सबसे भरोसेमंद पार्टनर माना.
आखिर इन दो शहरों में इतना पागलपन क्यों है? इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि यहां के युवाओं का इजरायल के साथ सीधा कनेक्शन है. बहुत से युवा वहां खेती की ट्रेनिंग लेने जाते हैं या रोजगार के सिलसिले में जुड़ते हैं. जब आम आदमी की जिंदगी में किसी देश का फायदा सीधे तौर पर दिखता है, तो दिल से अपने आप प्यार और भरोसा निकल पड़ता है.
व्यापार और रक्षा के मोर्चे पर लगातार मजबूत होते रिश्ते
सिर्फ भावनाओं से ही नहीं, बल्कि आंकड़ों के लिहाज से भी ये रिश्ता आसमान छू रहा है. साल 2025-26 में दोनों देशों के बीच का कुल व्यापार बढ़कर 3.93 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले साल 3.62 बिलियन डॉलर था. इसके अलावा, सितंबर 2025 में दोनों देशों ने एक बड़े बाइलेटरल इन्वेस्टमेंट एग्रीमेंट पर साइन किए और 2026 में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को लेकर भी बातचीत के दौर तेजी से आगे बढ़े हैं.
डिफेंस क्षेत्र की बात करें तो 61 फीसदी लोगों का मानना है कि इजरायल के साथ हथियारों और तकनीक की डील से भारत की सेना को बहुत मजबूती मिली है. इनमें से 30 फीसदी लोगों का कहना है कि ये फायदा बहुत बड़े पैमाने पर हुआ है. रूस के बाद रक्षा के मोर्चे पर इजरायल ही वो देश है जिस पर हमारे देश के युवा सबसे ज्यादा आंख मूंदकर भरोसा करते हैं.
भविष्य में और गहरे होंगे रिश्ते
वक्त के साथ लोगों की सोच में आया बदलाव बहुत कुछ कहता है. आज सर्वे में शामिल 50 फीसदी यानी आधे युवा चाहते हैं कि भारत और इजराइल के रिश्ते आने वाले समय में और ज्यादा मजबूत होने चाहिए. वहीं, 28 फीसदी चाहते हैं कि रिश्ते जैसे हैं वैसे ही चलते रहें. सिर्फ 13 फीसदी लोग ही ऐसे हैं जो रिश्तों को कम करने के पक्ष में हैं.
मई 2026 के पुराने सर्वे में सिर्फ 41 फीसदी लोग मजबूत रिश्तों के समर्थन में थे, जो अब बढ़कर 50 फीसदी हो गया है. ये साफ दिखाता है कि जैसे-जैसे लोगों को जमीनी सच्चाई और फायदों के बारे में पता चल रहा है, वैसे-वैसे इस दोस्ती का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ रहा है. इस सर्वे से जाहिर है कि रूस के बाद भारत के युवाओं के दिल में इजरायल ने अपनी कितनी गहरी और पक्की जगह बना ली है!