सिंध के सैनिक पर नरमी, लेकिन पूरे सिंध को सख्त चेतावनी; BLA ने जारी किया संदेश

सिंध के सैनिक पर नरमी, लेकिन पूरे सिंध को सख्त चेतावनी; BLA ने जारी किया संदेश


Last Updated:

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने सिंध के पाकिस्तानी सैन्यकर्मी आशिक अली ब्रोही को रिहा करने का दावा किया है. रिहाई के साथ संगठन ने सिंध के लोगों को पाकिस्तानी सेना का साथ न देने की चेतावनी भी दी है.

Zoom

BLA ने सिंध के रहने वाले सैन्यकर्मी आशिक अली ब्रोही को सिंधी लोगों के प्रति सद्भावना दिखाते हुए रिहा किया, साथ ही आखिरी चेतावनी भी दी: BLA प्रवक्ता आजाद बलूच

बलूचिस्तान में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सैन्यकर्मी आशिक अली ब्रोही को रिहा करने का दावा किया है. संगठन के प्रवक्ता आजाद बलूच के मुताबिक, आशिक अली ब्रोही मूल रूप से सिंध के रहने वाले हैं. उन्हें कुछ समय पहले एक चेकपोस्ट पर चलाए गए अभियान के दौरान पकड़ा गया था. BLA ने दावा किया कि कई हफ्तों तक पूछताछ और उनके मोबाइल फोन के डेटा की जांच के बाद उनके खिलाफ बलूच लड़ाकों को नुकसान पहुंचाने में सीधे तौर पर शामिल होने का कोई सबूत नहीं मिला. इसके बाद उन्हें मानवीय आधार पर रिहा कर दिया गया. हालांकि, संगठन ने उन्हें आखिरी चेतावनी भी दी है.

BLA ने प्रेस रिलीज जारी कर दी जानकारी
BLA के प्रवक्ता आजाद बलूच ने 4 नवंबर 2026 को जारी प्रेस रिलीज में बताया कि आशिक अली ब्रोही, खमीसो ब्रोही के बेटे हैं और सिंध के रहने वाले हैं. संगठन के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने एक चेकपोस्ट पर कार्रवाई के दौरान उन्हें हिरासत में लिया था. इसके बाद उन्हें एक अज्ञात स्थान पर रखा गया, जहां संगठन की जांच टीम ने कई हफ्तों तक उनसे पूछताछ की.

BLA ने दावा किया कि आशिक अली के मोबाइल फोन में मौजूद डेटा की भी जांच की गई. इस पूरी प्रक्रिया के बाद संगठन को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि वह व्यक्तिगत रूप से बलूच लड़ाकों को नुकसान पहुंचाने की गतिविधियों में शामिल थे. इसी आधार पर उन्हें रिहा करने का फैसला लिया गया.

BLA released military personal Ashik Ali Brohi, who hails from Sindh

सिंध के लोगों को BLA की चेतावनी
BLA ने अपनी प्रेस रिलीज में सिंध और बलूचिस्तान के ऐतिहासिक रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि आशिक अली ब्रोही को सद्भावना और मानवीय आधार पर छोड़ा गया है. हालांकि, संगठन ने सिंध के लोगों पर आरोप लगाया कि उन्होंने ऐतिहासिक रूप से बलूचिस्तान के संघर्ष का खुलकर समर्थन नहीं किया. साथ ही, उसने पाकिस्तान की सत्ता में शामिल सिंधी नेताओं पर बलूच लोगों के शोषण में भूमिका निभाने का आरोप लगाया.

संगठन ने सिंध से बलूचिस्तान आने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे पाकिस्तानी सेना या उसकी संस्थाओं के साथ मिलकर काम न करें और बलूचिस्तान के खिलाफ किसी भी गतिविधि में शामिल न हों. BLA ने कहा कि अगर सिंध का कोई व्यक्ति पाकिस्तानी सेना और उसकी संस्थाओं की मदद करता पाया गया या बलूचिस्तान के संसाधनों के शोषण में शामिल हुआ, तो उसके साथ भी वैसा ही व्यवहार किया जाएगा जैसा पाकिस्तानी सेना के पंजाबी सैनिकों के साथ किया जाता है.

पाकिस्तान के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का दावा
BLA ने साफ किया है कि उसका निशाना पाकिस्तानी सेना, उसकी संस्थाएं और बलूचिस्तान में चल रही वे परियोजनाएं हैं, जिन्हें संगठन शोषणकारी मानता है. उसने कहा कि वह पड़ोसी क्षेत्रों के लोगों के साथ बेवजह टकराव से बचने की कोशिश करता रहा है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उसका संघर्ष जारी रहेगा. प्रेस रिलीज के आखिर में संगठन ने कहा कि बलूचिस्तान की आजादी और वहां से पाकिस्तानी सेना की वापसी तक उसका संघर्ष और तेज होता रहेगा.



Source link