दिवाली के मौके पर शेयर बाजार की छुट्टियों को लेकर निवेशकों के बीच अक्सर कंफ्यूजन रहता है. इस साल भी कई लोग जानना चाहते हैं कि दिवाली पर शेयर बाजार किस दिन बंद रहेगा और क्या रविवार को शेयरों की खरीद-बिक्री हो सकेगी? दरअसल, इस बार दिवाली का लक्ष्मी पूजन 8 नवंबर 2026 को रविवार के दिन पड़ रहा है. ऐसे में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने रविवार को विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र रखने का फैसला किया है.
इसका मतलब है कि रविवार को सामान्य कारोबार नहीं होगा, लेकिन निवेशक तय समय पर शेयरों की खरीद-बिक्री कर सकेंगे. वहीं, शेयर बाजार मंगलवार 10 नवंबर को दिवाली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर पूरी तरह बंद रहेगा. यानी निवेशकों को ध्यान रखना होगा कि इस साल दिवाली की नियमित बाजार छुट्टी रविवार के बजाय मंगलवार को रहेगी. रविवार को होने वाले विशेष सेशन (संवत 2083) के लिए एक्सचेंजों ने अलग से समय भी तय किया है.
8 नवंबर को कितने बजे होगी मुहूर्त ट्रेडिंग?
NSE और BSE की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा. इस दौरान प्री-ओपनिंग सेशन दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा. इसके बाद नियमित इक्विटी ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से शाम 3:30 बजे तक होगी. यानी निवेशकों को शेयर खरीदने और बेचने के लिए करीब 70 मिनट का समय मिलेगा.
इसके अलावा ट्रेडिंग मेंबर्स का लॉगिन दोपहर 1:15 बजे से शुरू होगा. ब्लॉक डील विंडो 1:50 बजे से 2:05 बजे तक रहेगी. निवेशकों को ध्यान रखना चाहिए कि डेरिवेटिव्स और दूसरे सेगमेंट के लिए अलग समय निर्धारित हो सकता है. इसलिए कारोबार करने से पहले अपने ब्रोकर या एक्सचेंज की आधिकारिक सूचना जरूर देख लें.
मंगलवार 10 नवंबर को क्यों बंद रहेगा शेयर बाजार?
NSE के 2026 के ट्रेडिंग हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, मंगलवार 10 नवंबर को दिवाली-बलिप्रतिपदा के कारण शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा. इस दिन इक्विटी और दूसरे संबंधित बाजार सेगमेंट में नियमित ट्रेडिंग बंद रहेगी. चूंकि इस साल लक्ष्मी पूजन रविवार को है, इसलिए एक्सचेंजों ने उसी दिन मुहूर्त ट्रेडिंग का विशेष सेशन रखने का फैसला किया है.
आमतौर पर शनिवार और रविवार को शेयर बाजार में कारोबार नहीं होता है. लेकिन इस बार रविवार को विशेष सत्र होने के कारण निवेशकों को एक अतिरिक्त ट्रेडिंग मौका मिलेगा. इसके अलावा नवंबर में 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर भी शेयर बाजार बंद रहेगा. ऐसे में निवेशकों को अपने ट्रेडिंग और निवेश से जुड़े फैसले बाजार की छुट्टियों को ध्यान में रखकर लेने चाहिए.
क्या होती है मुहूर्त ट्रेडिंग और क्यों है खास?
मुहूर्त ट्रेडिंग भारतीय शेयर बाजार की एक पुरानी परंपरा है. दिवाली को धन, समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. इसी वजह से शेयर बाजार में भी इस दिन शुभ समय पर विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया जाता है. यह हिंदू कैलेंडर के नए साल यानी संवत की शुरुआत से भी जुड़ा हुआ है.
इस दिन पर कुछ लोग नए निवेश की शुरुआत करते हैं, तो कुछ अपने पोर्टफोलियो में अच्छी कंपनियों के शेयर जोड़ते हैं. हालांकि, मुहूर्त ट्रेडिंग को शुभ माना जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इस दिन खरीदे गए शेयरों से मुनाफा ही होगा. शेयर बाजार में रिस्क हमेशा बना रहता है.
इस साल निवेशकों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि रविवार 8 नवंबर को शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी, जबकि मंगलवार 10 नवंबर को दिवाली की छुट्टी के कारण बाजार पूरी तरह बंद रहेगा. इसलिए दिवाली के आसपास शेयरों की खरीद-बिक्री करने से पहले इन तारीखों और ट्रेडिंग के समय को जरूर नोट कर लें.