Last Updated:
Karauli Dhanteras Shopping: करौली में धनतेरस की खरीदारी इस बार कुछ नए अंदाज में हो रही है. सर्राफा बाजार में पारंपरिक सिक्कों और बर्तनों के अलावा चांदी के डिजाइनर आइटम लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. खास तौर पर चांदी का लेडीज पर्स महिलाओं को खूब पसंद आ रहा है. इसके अलावा चांदी के पारले-जी बिस्कुट, लूडो, शतरंज, घड़ी और पूजा-सजावट के सामान की भी मांग है. कमल दीपक, गरुड़ घंटी, चांदी के हाथी, कछुआ और मछली जैसे आइटम भी बाजार में उपलब्ध हैं. व्यापारियों ने ग्राहकों के बजट को देखते हुए 2 हजार से 25 हजार रुपये तक के कई विकल्प रखे हैं. नए डिजाइन और आकर्षक गिफ्ट आइटम इस बार धनतेरस की खरीदारी को खास बना रहे हैं.
धनतेरस के पर्व को लेकर करौली के सर्राफा बाजार में खरीदारी का उत्साह देखने को मिल रहा है. सोने-चांदी के पारंपरिक आभूषणों के साथ इस बार बाजार में चांदी के कई नए और आकर्षक आइटम लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. खास बात यह है कि चांदी के अलग-अलग डिजाइनों में आए बॉम्बे के आइटम ग्राहकों को काफी पसंद आ रहे हैं. इनमें चांदी का लेडीज पर्स महिलाओं की खास पसंद बन गया है.
सर्राफा व्यापारियों के अनुसार, इस बार ग्राहक चांदी के पारंपरिक सिक्के और बर्तनों के साथ कुछ हटकर और आकर्षक चीजों की मांग कर रहे हैं. जेपी मार्केट फूटाकोट के सर्राफा व्यापारी दिनेश सर्राफ ने बताया कि नए डिजाइनों की सीरीज में चांदी के पर्स की मांग सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है. देखने में आकर्षक इन पर्सों को महिलाएं धनतेरस की खरीदारी के साथ-साथ गिफ्ट के रूप में भी पसंद कर रही हैं.
बाजार में चांदी के पर्स अलग-अलग डिजाइन और आकार में उपलब्ध हैं. इसके अलावा चांदी के पारले-जी बिस्कुट, सिक्के, शतरंज, लूडो सेट, टाइटन घड़ी और कांच-कंघा सेट भी ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. पारंपरिक वस्तुओं के साथ इन नए आइटमों की मांग बढ़ने से सर्राफा बाजार में इस बार खरीदारी का अलग रंग देखने को मिल रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सर्राफा बाजार में पूजा और सजावट से जुड़े चांदी के आइटम भी उपलब्ध हैं. इनमें कमल दीपक, गरुड़ घंटी, लेमन सेट, लुटिया, सिंहासन और झूला शामिल हैं. इसके अलावा चांदी के हाथी, कछुआ और मछली जैसे सजावटी आइटम भी ग्राहक खरीद रहे हैं. धार्मिक मान्यताओं और धनतेरस पर चांदी खरीदने की परंपरा के चलते इन वस्तुओं की मांग बनी हुई है.
व्यापारीयों का कहना है कि इस बार ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखते हुए चांदी के आइटमों की कई रेंज बाजार में रखी गई है. इनकी कीमत करीब 2 हजार रुपये से शुरू होकर 25 हजार रुपये तक है. छोटे और बजट वाले आइटमों से लेकर बड़े और डिजाइनर आइटम तक उपलब्ध होने के कारण अलग-अलग वर्ग के ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं.
धनतेरस के नजदीक आते ही सर्राफा बाजार में ग्राहकों की संख्या भी बढ़ रही है. व्यापारी उम्मीद कर रहे हैं कि धनतेरस के दिन चांदी के नए आइटमों की बिक्री में और तेजी आएगी. इस बार पारंपरिक चांदी के सिक्कों और बर्तनों के साथ चांदी का लेडीज पर्स और बॉम्बे के नए डिजाइन वाले आइटम बाजार की खास पहचान बने हुए हैं.