बिहार-UP वालों छोड़ दें प्‍लेन-बस का झंझट, दिवाली-छठ से पहले दौड़ेंगी 4 सुपरफास्‍ट ट्रेनें – Diwali chhath puja 4 superfast train for bihar UP

बिहार-UP वालों छोड़ दें प्‍लेन-बस का झंझट, दिवाली-छठ से पहले दौड़ेंगी 4 सुपरफास्‍ट ट्रेनें – Diwali chhath puja 4 superfast train for bihar UP


Special Train News: दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 4 और स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है. इन ट्रेनों के चलने से गुजरात और पंजाब में रहने वाले उत्तर प्रदेश तथा बिहार के यात्रियों को घर आने और त्योहार के बाद वापस लौटने में राहत मिलेगी. रेलवे अहमदाबाद से राजगीर और राजकोट से बरौनी के बीच विशेष ट्रेनें चलाएगा. इसके अलावा लुधियाना-लखनऊ के बीच भी त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. वहीं, हावड़ा से आनंद विहार टर्मिनस के बीच विशेष ट्रेन 9 नवंबर से शुरू होगी.

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 09441/09442 अहमदाबाद-राजगीर-अहमदाबाद अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन अहमदाबाद से 4 और 11 नवंबर को तथा राजगीर से 6 और 13 नवंबर को चलेगी. अहमदाबाद से यह ट्रेन बुधवार रात 11.55 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1.57 बजे आगरा ईदगाह जंक्शन पहुंचेगी. इसके बाद शुक्रवार सुबह 6.55 बजे राजगीर पहुंचेगी. वापसी में राजगीर से शुक्रवार सुबह 9.55 बजे रवाना होकर शनिवार तड़के 4.48 बजे आगरा ईदगाह जंक्शन और शाम 6.35 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी. इस ट्रेन में दो स्लीपर और आठ जनरल कोच होंगे.

राजकोट-बरौनी के बीच साप्ताहिक स्पेशल
रेलवे ने गाड़ी संख्या 09569/09570 राजकोट-बरौनी-राजकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का भी फैसला किया है. यह ट्रेन राजकोट से 12, 19 और 26 नवंबर को प्रत्येक गुरुवार को रवाना होगी. वहीं, बरौनी से 7, 14, 21 और 28 नवंबर को शनिवार को चलेगी. राजकोट से ट्रेन गुरुवार शाम 5 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11.40 बजे आगरा ईदगाह जंक्शन और शनिवार सुबह 9.15 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी. वापसी में बरौनी से शनिवार रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4.50 बजे आगरा ईदगाह जंक्शन और सोमवार दोपहर 2.30 बजे राजकोट पहुंचेगी. इसमें एक एसी सेकेंड, तीन एसी थर्ड, 12 स्लीपर और चार जनरल कोच लगाए जाएंगे.

सोगरिया-मथुरा के बीच रोज चलेगी अनारक्षित ट्रेन
दीपावली के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 02921/02922 सोगरिया-मथुरा-सोगरिया सुपरफास्ट अनारक्षित स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी. रेलवे के पीआरओ संजय कुमार गौतम के मुताबिक, यह ट्रेन 6 से 20 नवंबर तक दोनों दिशाओं में प्रतिदिन संचालित होगी. सोगरिया से ट्रेन सुबह 8.30 बजे रवाना होकर दोपहर 2.05 बजे मथुरा पहुंचेगी. वापसी में मथुरा से शाम 5.10 बजे चलकर रात 10.50 बजे सोगरिया पहुंचेगी. इस ट्रेन से यात्री भरतपुर, बयाना, हिंडौन सिटी, श्री महावीरजी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर और इंद्रगढ़ तक जनरल टिकट पर सफर कर सकेंगे.

लखनऊ-लुधियाना और हावड़ा-आनंद विहार के बीच भी सुविधा
रेलवे ने लखनऊ जंक्शन और लुधियाना के बीच भी अनारक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. लखनऊ से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार शाम 5.40 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी. इसके अलावा गाड़ी संख्या 04530/04529 सरहिंद-सहरसा-अंबाला स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी. यह ट्रेन सरहिंद से 6, 10 और 14 नवंबर को रवाना होकर शाम 5.20 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी. वापसी में 7, 11 और 15 नवंबर को सहरसा से चलकर शाम 5.10 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी. प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि इन अनारक्षित ट्रेनों का मुरादाबाद में 10 मिनट का ठहराव होगा.

आनंद विहार टर्मिनल से हावड़ा तक स्‍पेशल ट्रेन
वहीं, हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनस-हावड़ा त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन 9 नवंबर से किया जाएगा. ट्रेन संख्या 03009 हावड़ा से 9, 16, 23 और 30 नवंबर को रात 11.55 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गया, वाराणसी, सुलतानपुर और महाराजा बिजली पासी स्टेशन होते हुए अगले दिन शाम 5 बजे लखनऊ पहुंचेगी. इसमें स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. रेलवे के इन अतिरिक्त इंतजामों से त्योहार के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.



Source link