@80000 : जब दुनिया में मचा हाहाकार, भारत बना विदेशी निवेशकों का तारणहार

@80000 : जब दुनिया में मचा हाहाकार, भारत बना विदेशी निवेशकों का तारणहार


ज‍िस वक्‍त दुन‍िया के शेयर मार्केट में तबाही मची थी. क्‍या अमेर‍िका, क्‍या जापान, क्‍या साउथ कोर‍िया और क्‍या चीन, सब जगह विदेशी न‍िवेशक एआई पर पैसे झोंककर रो रहे थे, ठीक उसी वक्‍त उन्‍हें भारत का मार्केट नजर आया. फ‍िर क्‍या था, सारा पैसा न‍िकालकर वे भारत की ओर दौड़ पड़े. क्‍योंक‍ि उन्‍हें भारत लंबी रेस का घोड़ा नजर आने लगा है. और नतीजा भारत का शेयर बाजार बम बम करने लगा. सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार के बाद शुक्रवार के द‍िन भी बाजार ने ऐसा धरतेरस बनाया क‍ि शेयर मार्केट 80000 को पार गया. एक्‍सपर्ट अभी इसमें और छलांग की संभावना जता रहे हैं. क्‍योंक‍ि उनका कहना है क‍ि अभी तो व‍िदेशी न‍िवेशकों ने पैसा लगाना शुरू ही क‍िया है.

बीते कई महीनों से शेयर बाजार के दिग्गज कह रहे थे कि जिस दिन दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का गुब्बारा फूटेगा, उस दिन पैसा बचाने के लिए निवेशकों को भारत की शरण लेनी पड़ेगी. और अब बिल्कुल ऐसा ही हो रहा है. शुक्रवार को जब एशिया के तमाम बड़े शेयर बाजार औंधे मुंह गिरे पड़े थे, तब भारत का निफ्टी 50 शान से हरे निशान में झंडे गाड़ रहा था.

AI की कमी जो कल तक कमजोरी थी, आज ‘वरदान’ बन गई

अमेरिका में मिडटर्म चुनावों के बाद निवेशकों को डर सता रहा है कि नई सरकार AI कंपनियों पर नकेल कस सकती है. इस डर से दुनिया भर के निवेशकों ने AI कंपनियों के शेयरों से अंधाधुंध पैसा निकालना शुरू कर दिया है. मजेदार बात यह है कि भारत के 5.3 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 440 लाख करोड़ रुपये वाले शेयर बाजार में AI कंपनियों का कोई खास दबदबा नहीं है. कुछ हफ्तों पहले तक विदेशी निवेशक इसी बात का ताना मारकर भारत से पैसा निकाल रहे थे. लेकिन अब जब AI का खुमार उतर रहा है, तो भारत की यही ‘कमी’ निवेशकों के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना बन गई है.

विदेशी निवेशकों (FIIs) ने फिर खोल दी तिजोरी

AI से डरे विदेशी निवेशकों ने वापस भारतीय बाजार का रुख कर लिया है. इस हफ्ते बुधवार तक उन्होंने करीब 15,800 करोड़ रुपये भारतीय शेयरों में झोंक दिए. गुरुवार को भी करीब 13,300 करोड़ रुपये का भारी निवेश आया. जो विदेशी निवेशक अब तक भारत में ‘मंदी’ का दांव लगा रहे थे, उन्होंने आनन-फानन में अपने सौदे (शॉर्ट पोजीशन) काट लिए हैं.

रुपये की बड़ी छलांग, डॉलर पस्त

विदेशी डॉलर की इस मूसलाधार बारिश ने भारतीय रुपये में भी जान फूंक दी है. पिछले महीने तक रिकॉर्ड निचले स्तर पर रेंग रहा रुपया अचानक उछलकर डॉलर के मुकाबले 94.06 के स्तर पर आ गया. यह अप्रैल के बाद रुपये की सबसे बड़ी मजबूती है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर मिडिल ईस्ट में कोई नया बवाल नहीं हुआ, तो यह तेजी जारी रहेगी और डॉलर और सस्ता हो सकता है.

सस्ते कच्चे तेल और शानदार मुनाफे का तड़का

भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है और इन दिनों तेल की कीमतें लगातार गिर रही हैं. ऊपर से भारतीय कंपनियों के नतीजे भी दमदार आ रहे हैं. सिटीग्रुप के मुताबिक, जिन बड़ी कंपनियों ने अब तक नतीजे घोषित किए हैं, उनके मुनाफे की रफ्तार पिछले 5 तिमाहियों में सबसे तेज रही है.



Source link