Last Updated:
Chhapra Accident: छपरा में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई. जहां एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. उसकी 20 नवंबर को शादी होनी थी. वह शेरवानी खरीदने के लिए निकला था. इसी बीच रास्ते में उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हालांकि हादसा कैसे हुआ यह अभी तक साफ नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शादी से पहले दूल्हे की मौत हो गई.
छपराः बिहार के छपरा में एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. जिस युवक की शादी में महज कुछ दिन बाकी थे, उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. 20 नवंबर को उसके घर शहनाई बजनी थी. वह रूस से छुट्टी लेकर शादी करने अपने घर आया था. शादी की खरीदारी भी पूरी कर रहा था. हादसे से महज 27 मिनट पहले उसने नई शेरवानी पहनकर मुस्कुराते हुए अपनी तस्वीर खिंचवाई थी. किसे पता था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी तस्वीर बन जाएगी.
शादी की शेरवानी खरीदकर मौसी से मिलने जा रहा था
मृतक सीवान जिले के चैनपुर का रहने वाला था. वह रोजी-रोटी के सिलसिले में रूस में रहता था. अपनी शादी के लिए छुट्टी लेकर घर आया था. परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं. इसी सिलसिले में वह छपरा के कोपा स्थित एक मॉल में खरीदारी करने गया था. वहां उसने अपने लिए शेरवानी खरीदी और उसे पहनकर तस्वीर भी खिंचवाई. इसके बाद वह अपनी मौसी से मिलने और उन्हें शादी का निमंत्रण देने छपरा जा रहा था. इसी दौरान रिविलगंज के मुकरेरा और उमधा के बीच पुल पर उसकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. इस दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
27 मिनट पहले की तस्वीर बनी आखिरी याद
इस हादसे की सबसे भावुक करने वाली बात युवक की आखिरी तस्वीर है. हादसे से महज 27 मिनट पहले उसने शेरवानी पहनकर मुस्कुराते हुए फोटो खिंचवाई थी. तस्वीर में उसके चेहरे पर शादी की खुशी साफ दिख रही थी. उसे आने वाले नए जीवन की उम्मीद थी. लेकिन कुछ ही देर में सब कुछ बदल गया.
जिस घर में बजनी थी शहनाई, वहां पसरा मातम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है. परिवार के लोग जिस बेटे की बारात निकालने की तैयारी कर रहे थे, उसकी अर्थी उठने की खबर से टूट गए हैं. 20 नवंबर को होने वाली शादी अब कभी पूरी नहीं हो सकेगी. शेरवानी और शादी की खुशियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीर परिवार के लिए हमेशा एक दर्दनाक याद बनकर रह जाएगी.