सोचिए, किसी के पास हजारों करोड़ रुपये की तिजोरी हो और उसे लूटने के लिए चोर को सिर्फ 1,400 रुपये खर्च करने पड़ें. सुनने में यह किसी फिल्म की कहानी लग सकती है, लेकिन क्रिप्टो दुनिया में ऐसा ही एक बड़ा साइबर हमला हुआ. दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस से अरबों डॉलर के डिजिटल एसेट्स चोरी कर लिए गए.
इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हैकर्स ने करीब 15 डॉलर यानी लगभग 1,400 रुपये नेटवर्क फीस देकर एक ऐसा रास्ता खोल लिया, जिससे एक ही ट्रांजेक्शन में करीब 2.5 अरब डॉलर निकाल लिए. ब्लॉकचेन सिक्योरिटी फर्म ब्लॉकएड के मुताबिक, यह पूरी चोरी का लगभग 40 फीसदी था. इस हमले ने दिखा दिया कि क्रिप्टो को आसान बनाने वाली तकनीक कैसे सुरक्षा की सबसे बड़ी कमजोरी बन सकती है.
फर्जी नौकरी के बहाने इंजीनियर को बनाया निशाना
बाइनेंस ने इस हमले को कई स्टेप्स में अंजाम दिया गया एक प्लान्ड साइबर हमला बताया है. कंपनी के मुताबिक, हैकर्स ने फर्जी नौकरी के एड तैयार किए और एक इंजीनियर को अपने जाल में फंसा लिया. इसके बाद उसे ऐसा सॉफ्टवेयर डाउनलोड करने के लिए तैयार किया गया, जिसमें खतरनाक कोड मौजूद था. इस कोड के जरिए हमलावर इंजीनियर के डिवाइस तक पहुंच बनाने में सफल रहे.
हैकर्स ने 10 अलग-अलग ब्लॉकचेन नेटवर्क्स पर एक साथ धावा बोला था. (Photo : Canva)
बाइनेंस के अनुसार, इस पूरे मामले में सोशल इंजीनियरिंग के साथ एआई तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया. यानी हैकर्स ने सिर्फ टक्निकल इश्यू का फायदा नहीं उठाया, बल्कि इंसान को धोखे में रखकर कंपनी के सिस्टम तक पहुंच बनाई. एक बार अंदर एंटर होने के बाद उनका निशाना बाइनेंस का ‘हॉट वॉलेट’ बना, जिसे Binance 14 कहा जाता है. यह वॉलेट ग्राहकों की निकासी से जुड़े ट्रांजेक्शन के लिए इस्तेमाल होता है और इसमें बड़े अमाउंट में ईथर, स्टेबलकॉइन समेत कई डिजिटल टोकन रखे जाते हैं.
एथेरियम के नए फीचर ने कैसे आसान कर दी चोरी?
इस हमले में एथेरियम के एक नए फीचर EIP-7702 का यूज हुआ. इसे मई 2025 में लाया गया था. इस फीचर का मकसद क्रिप्टो वॉलेट का इस्तेमाल आसान बनाना था. पहले सामान्य वॉलेट में हर ट्रांजेक्शन के लिए अलग से मंजूरी देनी पड़ती थी. लेकिन नए फीचर के जरिए वॉलेट किसी सॉफ्टवेयर को अपनी ओर से कई काम करने की अनुमति दे सकता है.
इसे ऐसे समझिए जैसे बैंक खाते में ऑटोपे की सुविधा होती है. एक बार अनुमति देने के बाद तय शर्तों के तहत भुगतान अपने आप हो सकता है. क्रिप्टो वॉलेट में भी इसी तरह की सुविधा आ गई. हैकर्स ने इसी रास्ते का इस्तेमाल किया. ब्लॉकएड के मुताबिक, 29 अक्टूबर को रात करीब 8:20 बजे UTC पर हमलावरों ने Binance 14 वॉलेट के वैध डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल करते हुए एथेरियम नेटवर्क को निर्देश दिया कि उनके कंट्रोल वाला कोड वॉलेट की ओर से काम कर सके.
इस ट्रांजेक्शन में कोई पैसा ट्रांसफर नहीं हुआ. इसका मकसद सिर्फ हमलावरों के सॉफ्टवेयर को वॉलेट से रकम निकालने का अधिकार दिलाना था. इस अनुमति के लिए हैकर्स ने करीब 15 डॉलर की नेटवर्क फीस चुकाई.
एक ही झटके में निकाले 2.5 अरब डॉलर
अनुमति मिलते ही हैकर्स ने एक ही ट्रांजेक्शन में करीब 2.5 अरब डॉलर के डिजिटल एसेट्स निकाल लिए. ब्लॉकचेन रिसर्च फर्म टिबेन लैब्स के मुताबिक, हमलावरों ने ऐसा कोड तैयार किया था, जो निर्देश मिलते ही वॉलेट में मौजूद रकम को उनके चुने हुए पते पर भेज सकता था. इस तरीके से उन्हें हर टोकन के लिए अलग-अलग ट्रांजेक्शन करने की जरूरत नहीं पड़ी.
आमतौर पर इतने बड़े वॉलेट से अलग-अलग डिजिटल करेंसी निकालने में कई ट्रांजेक्शन करने पड़ते. हर ट्रांजेक्शन में समय लगता और सुरक्षा सिस्टम को संदिग्ध गतिविधि पकड़ने का मौका मिलता. लेकिन एक बार अधिकार मिलने के बाद हैकर्स ने इस प्रक्रिया को काफी आसान बना लिया.
ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस फर्म एलिप्टिक की रिपोर्ट के अनुसार, इसी अनुमति का इस्तेमाल करके कुल करीब 3.6 अरब डॉलर निकाले गए. इसमें शुरुआती 2.5 अरब डॉलर के अलावा एक दूसरे बाइनेंस अकाउंट से निकाले गए 823 मिलियन डॉलर और Binance 14 वॉलेट से चार बार की गई अतिरिक्त निकासी शामिल थी. इस दौरान वॉलेट में नए डिपॉजिट भी आते रहे, जिससे हमलावरों को आगे रकम निकालने का मौका मिलता रहा.
बाइनेंस ने क्या कदम उठाए?
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, बाइनेंस के प्रवक्ता ने माना कि EIP-7702 फीचर ने इस हमले में बड़ी भूमिका निभाई. कंपनी ने प्रभावित वॉलेट की अनुमति तुरंत कैंसिल कर दी और उसके इंफ्रास्ट्रक्चर को दोबारा तैयार किया. साथ ही, ट्रांजेक्शन पर नजर रखने और डिजिटल सिग्नेचर से जुड़े सुरक्षा नियमों को सख्त किया गया है.
कंपनी ने कहा कि अब इस तरह की अनुमति देने वाले ट्रांजेक्शन की ज्यादा कड़ी निगरानी होगी. संदिग्ध गतिविधियों को पहचानने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है और जरूरत पड़ने पर अनुमति तुरंत कैंसिल करने का प्रोसेस भी मजबूत किया है. बाइनेंस के मुताबिक, यूजर्स के फंड सुरक्षित हैं और इस घटना से हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई कंपनी खुद करेगी.
इस हमले के लिए अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उत्तर कोरिया को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, उत्तर कोरिया ने इसमें अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है. यह घटना क्रिप्टो इंडस्ट्री के लिए बड़ी चेतावनी है. नई तकनीक वॉलेट का इस्तेमाल आसान तो बना सकती है, लेकिन अगर गलत हाथों में पहुंच जाए तो नुकसान भी कई गुना बढ़ सकता है.