देश के सबसे तेज दिमाग माने जाने वाले IIT के ग्रेजुएट्स उस वक्त भौंचक्के रह गए, जब उनका सामना सड़क किनारे गोलगप्पे बेचने वाले एक भैया से हुआ. जब बातों-बातों में इस स्ट्रीट वेंडर की कमाई, काम के घंटे और लाइफस्टाइल का खुलासा हुआ, तो इन पढ़े-लिखे युवाओं को अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोटी लगने लगी.
यह पूरा वाकया इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो से सामने आया है. इस वीडियो को IIT गुवाहाटी की ग्रेजुएट वैष्णवी श्रीवास्तव ने शेयर किया है, जिसमें उनके साथ IIT दिल्ली, IIT कानपुर और IIT हैदराबाद से पढ़े उनके तीन दोस्त भी थे.
सिर्फ 6 घंटे की ड्यूटी और 1.2 लाख का नेट प्रॉफिट
वीडियो में वैष्णवी श्रीवास्तव हैरानी जताते हुए बताती हैं कि उन्होंने एक पानी-पुरी वाले से बात की और उसकी सिर्फ एक ठेले की मासिक कमाई 1 लाख 20 हजार रुपये है. सबसे बड़ी बात, यह उसकी कुल सेल नहीं है, बल्कि सारा खर्च निकालने के बाद उसकी जेब में बचने वाला शुद्ध मुनाफा है.
जब काम के घंटों की बात आई, तो पता चला कि गोलगप्पे वाले भैया शाम 4 बजे अपना ठेला लगाते हैं और रात 10 बजे तक घर चले जाते हैं. यानी दिन में सिर्फ 6 घंटे का काम. वह खुद के बॉस हैं, अगर मन किया तो रविवार को छुट्टी ली, नहीं तो ठेला लगा लिया. यह सुनकर वीडियो में मौजूद एक IIT ग्रेजुएट मजाक में कहता है, “हे भगवान, तुम लोग हमें शर्मिंदा कर रहे हो, हमारे चेहरे मत देखो.
4 ठेले, 4.5 लाख की कमाई और खुद की स्कॉर्पियो
IIT वालों के झटके यहीं खत्म नहीं हुए. बातचीत में खुलासा हुआ कि जिस ठेले पर वे खड़े हैं, वो उस वेंडर का इकलौता बिजनेस नहीं है. शहर में उसके ऐसे 3 और ठेले चलते हैं. कुल मिलाकर उसके 4 आउटलेट हैं और अगर चारों का मुनाफा मिला दिया जाए, तो यह गोलगप्पे वाला महीने का साढ़े चार लाख रुपये से ज्यादा का प्रॉफिट कमाता है.
वैष्णवी ने एक और क्लिप में बताया कि यह गोलगप्पे वाला किसी किराए के मकान में नहीं रहता, बल्कि उसका अपना खुद का घर है और वह एक महिंद्रा स्कोर्पियो भी मेंटेन करता है. वैष्णवी ने इस वीडियो को एक मजेदार कैप्शन दिया- यह IITians बनाम पानी-पुरी वाला नहीं है, बल्कि यह कॉर्पोरेट मजदूर बनाम एंटरप्रेन्योर है.
पब्लिक ने याद दिलाई जमीनी हकीकत
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने कॉर्पोरेट नौकरी और स्ट्रीट बिजनेस की तुलना शुरू कर दी. एक यूजर ने लिखा,पानीपुरी प्रॉफिट की ताकत को कभी कम मत आंकना. दूसरे ने कहा कि बिजनेस में वर्क-लाइफ बैलेंस है और यह सेटअप आगे चलकर उसके बेटे के काम आएगा.
लेकिन कई लोगों ने IIT ग्रेजुएट्स के इस रोमांटिसिज्म का फैक्ट-चेक भी किया. एक यूजर ने ध्यान दिलाया, भले ही वह 6 घंटे ठेले पर खड़ा रहता है, लेकिन उस सेल के लिए उसे घर पर अगले 6 घंटे पानी, मटर और पूरी की तैयारी भी करनी पड़ती है.
एक अन्य यूजर ने लिखा, आप लोग कॉर्पोरेट ऑफिस में एसी/हीटर की हवा में आरामदायक कुर्सी पर बैठकर लैपटॉप चलाते हैं. यह गोलगप्पे वाला भयंकर गर्मी, कड़ाके की ठंड, बारिश और प्रदूषण के बीच सड़क पर 6 घंटे लगातार खड़ा रहता है. हम उस शारीरिक मेहनत की कल्पना भी नहीं कर सकते. कुछ लोगों ने याद दिलाया कि IIT की डिग्री और पढ़ाई की अपनी एक अलग इज्जत और वैल्यू है. पैसे से हर तरह की सफलता को नहीं नापा जा सकता.