केरल की बेटी ने अमेरिका में रचा इतिहास, लॉस एंजिलिस की मेयर बनीं नित्या रमन
Last Updated:
केरल में जन्मी भारतीय मूल की नित्या रमन को लॉस एंजिलिस मेयर चुनाव जीतती हुई दिख रही है. रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें 51.1 फीसदी वोट मिले, जबकि मौजूदा मेयर करेन बास को 48.33 फीसदी वोट मिले. हार्वर्ड और MIT से पढ़ीं रमन सस्ते घर, किरायेदारों के अधिकार और बेघर लोगों की मदद जैसे मुद्दों पर काम करती रही हैं.
नित्या रमन.
Nithya Raman Los Angeles: अमेरिका के दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले शहर लॉस एंजिलिस में मेयर चुनाव के नतीजों ने सबका ध्यान खींचा है. केरल में जन्मी भारतीय मूल की नेता नित्या रमन को मेयर चुनाव में जीतते हुए दिखाया गया है. Decision Desk HQ के प्रोजेक्शन के मुताबिक, उन्होंने मौजूदा मेयर करेन बास को पीछे छोड़ दिया है. उपलब्ध आंकड़ों में रमन को 51.1 फीसदी और बास को 48.33 फीसदी वोट मिले हैं. इस मुकाबले में शुरुआत में करेन बास आगे दिखाई दे रही थीं. मंगलवार रात वोटों की शुरुआती गिनती में उनका पलड़ा भारी था, लेकिन बुधवार को जैसे-जैसे नए वोटों के आंकड़े आए, नित्या रमन ने बढ़त बना ली. 5 नवंबर को Decision Desk HQ ने उनके जीतने का प्रोजेक्शन जारी किया. वहीं इस चुनाव में अरबपति एलन मस्क का दांव उल्टा पड़ गया है.
नित्या रमन कौन हैं और उनकी जीत क्यों अहम है?
नित्या रमन का जन्म 1981 में केरल में हुआ था. वह छह साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ अमेरिका चली गई थीं. 22 साल की उम्र में उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिली. उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और इसके बाद मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से शहरी नियोजन में मास्टर डिग्री हासिल की. राजनीति में आने से पहले रमन ने शहरों की बुनियादी सुविधाओं और लोगों की जरूरतों पर काम किया. उन्होंने चेन्नई में ‘ट्रांसपेरेंट चेन्नई’ नाम की संस्था शुरू की थी, जो सफाई, सार्वजनिक सेवाओं और शहरी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर काम करती थी. 2013 में लॉस एंजिलिस जाने के बाद उन्होंने शहर के प्रशासनिक अधिकारी के साथ काम किया और बेघर लोगों की मदद के लिए SELAH Neighborhood Homeless Coalition की सह-स्थापना की. वह Time’s Up Entertainment की कार्यकारी निदेशक भी रह चुकी हैं.
2020 में उन्होंने लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल का चुनाव जीता. इस जीत के साथ वह शहर की काउंसिल में पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बनीं. 2024 में वह दोबारा चुनी गईं. अब मेयर चुनाव में जीत के बाद वह लॉस एंजिलिस की पहली भारतीय-अमेरिकी और दक्षिण एशियाई मूल की मेयर बनने जा रही हैं. 2005 के बाद पहली बार किसी चैलेंजर ने बैठे हुए LA मेयर को हराया है.
शहर के किन मुद्दों पर रहा रमन का जोर?
रमन की राजनीति का बड़ा हिस्सा आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं से जुड़ा रहा है. उनके प्रमुख मुद्दों में सस्ते घर, किरायेदारों के अधिकार, बेघर लोगों की समस्या और शहर की बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं. लॉस एंजिलिस में घरों का महंगा होना और बड़ी संख्या में लोगों का सड़कों पर रहना लंबे समय से चुनौती बना हुआ है. रमन ने सस्ते घरों की संख्या बढ़ाने, किरायेदारों को सुरक्षा देने और बेघर लोगों तक जरूरी सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया है. सड़कें, स्ट्रीट लाइट और स्थानीय सुविधाओं को बेहतर बनाना भी उनके एजेंडे का हिस्सा रहा है.
उनकी जीत को अमेरिका के बड़े शहरों में प्रगतिशील राजनीति के बढ़ते प्रभाव के तौर पर भी देखा जा रहा है. न्यूयॉर्क में जोहरान ममदानी की जीत के बाद लॉस एंजिलिस में रमन का चुना जाना इस राजनीतिक बदलाव की चर्चा को और बढ़ाता है. रमन डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका (DSA) से जुड़ी रही हैं. इसका मतलब है कि वह ऐसी नीतियों का समर्थन करती हैं जिनमें आवास, स्वास्थ्य, सार्वजनिक सेवाओं और कामगारों के अधिकारों में सरकार की बड़ी भूमिका हो.
मस्क को चुनावी दांव फेल, कंपनियों पर भी असर?
नित्या रमन की जीत के बीच एलन मस्क के चुनावी दांव और कारोबारी हितों की भी चर्चा हो रही है. मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में करीब 44.5 से 47.4 करोड़ डॉलर खर्च किए थे. किसी गैर-उम्मीदवार की ओर से एक चुनावी चक्र में किया गया यह सबसे बड़ा खर्च बताया गया. इसमें अकेले टेक्सास सीनेट चुनाव पर करीब 20 से 23 करोड़ डॉलर लगाए गए थे. हालांकि, उनके कई बड़े चुनावी दांव सफल नहीं हुए. चुनावी नतीजों के बाद मस्क ने ‘Vote red today’ वाला पोस्ट भी हटा दिया और मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘लगता है इस बार चुनाव में दखल देने वाली मेरी स्पेस लेजर काम नहीं आईं.’ इस बीच टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में गिरावट और मस्क की संपत्ति में कमी की खबरें भी सामने आईं. टेक्सास में मस्क की कंपनियों के कारोबारी हितों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. वहां की नई डेमोक्रेटिक गवर्नर जीना हिनोजोसा डेटा सेंटरों पर अस्थायी रोक लगाने की बात कर चुकी हैं. इसके अलावा, राज्य में मिलने वाली टैक्स छूट और स्टारलिंक को दिए गए अनुदान की जांच की संभावना भी जताई जा रही है.