Last Updated:
US Midterm Election Impact on India: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त मिली है. डेमोक्रेट्स ने संसद के दोनों सदनों यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट पर कब्जा कर लिया है. ऐसे में उन देशों पर खासा असर पड़ने वाला है, जो डोनाल्ड ट्रंप की पॉलिसी से पहले ही परेशान थे. चाहे यूक्रेन हो, ईरान हो, ब्राजील हो, कनाडा या भारत. चलिए जानते हैं कि भारत के लिए इस बदलाव से क्या फायदा और नुकसान होने वाला है.
भारत के लिए क्या होंगे अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के रिजल्ट के मायने.
US Midterm Election Impact on India: अमेरिका में चुनावों के बाद जो हुआ है, इस राजनीतिक बदलाव का असर भारत-अमेरिका संबंधों पर भी पड़ सकता है. भारत को अमेरिकी टैरिफ से राहत मिलने और व्यापार समझौते में बेहतर शर्तें हासिल करने की उम्मीद है लेकिन दूसरी तरफ ट्रंप भारत पर जल्द समझौता करने और अमेरिकी बाजार खोलने का दबाव भी बढ़ा सकते हैं. ऐसे में सवाल है कि ट्रंप की चुनावी हार भारत के लिए राहत लेकर आएगी या नई मुश्किलें खड़ी करेगी?
ट्रंप की हार से भारत के लिए राहत की उम्मीद के तौर पर देखा जा रहा है. भारत और अमेरिका के बीच पिछले कुछ समय से व्यापारिक तनाव बना हुआ है. ट्रंप प्रशासन ने भारतीय सामानों पर भारी टैरिफ लगाए थे, जिससे भारतीय निर्यातकों को नुकसान उठाना पड़ा. अमेरिका भारत के सबसे बड़े निर्यात बाजारों में शामिल है. इसके अलावा H1B वीजा को लेकर बदली हुई पॉलिसी से भी भारतीय कामगारों में चिंता बनी हुई थी. अब माना जा रहा है कि अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स का बहुमत होने से ट्रंप की व्यापार नीतियों पर सवाल उठेंगे. डेमोक्रेट सांसद टैरिफ लगाने के फैसलों की जांच और उन पर संसदीय निगरानी बढ़ा सकते हैं.
भारत-अमेरिका रिश्ते में बदलाव की उम्मीद बढ़ी.
क्या हो सकते हैं फायदे?
- व्यापार समझौते में मिल सकती है राहत : भारत के लिए सबसे बड़ा फायदा अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर हो सकता है. ट्रंप प्रशासन भारत से अमेरिकी कृषि और औद्योगिक उत्पादों के लिए ज्यादा बाजार खोलने की मांग करता रहा है. ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के मुताबिक मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप भारत के साथ जल्द व्यापार समझौता करने की कोशिश कर सकते हैं. इसकी वजह यह है कि उन्हें घरेलू राजनीति में अपनी आर्थिक और कूटनीतिक उपलब्धियां दिखाने की जरूरत होगी. GTRI का मानना है कि भारत को जल्दबाजी में समझौता करने के बजाय अपनी शर्तों पर बातचीत करने का मौका मिल सकता है.
- टैरिफ पर बढ़ेगी संसदीय निगरानी: डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाली कांग्रेस ट्रंप के एकतरफा टैरिफ फैसलों पर निगरानी बढ़ा सकती है. इससे अमेरिकी प्रशासन के लिए व्यापारिक फैसले लेना राजनीतिक रूप से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है. हालांकि ट्रंप के पास राष्ट्रपति के तौर पर कार्यकारी अधिकार बने रहेंगे, इसलिए टैरिफ नीति में तत्काल बदलाव की गारंटी नहीं है.
- H-1B वीजा और ईरान युद्ध का भी असर: डेमोक्रेट्स का सत्ता में आना भारतीय पेशेवरों और छात्रों के लिए आव्रजन तथा H-1B वीजा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत का नया अवसर पैदा कर सकता है. हालांकि वीजा नियमों में तुरंत राहत मिलने की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी. ईरान युद्ध और तेल की बढ़ती कीमतें भी भारत की चिंता हैं. अमेरिकी कांग्रेस में युद्ध और विदेश नीति पर निगरानी बढ़ने से सैन्य तनाव को लेकर बहस तेज हो सकती है. इससे ऊर्जा बाजारों में अनिश्चितता कम करने की कोशिशों को बल मिल सकता है.
ट्रेड डील को लेकर भी बदल सकती हैं चीजें.
क्या हो सकता है नुकसान?
- भारत पर जल्द समझौते का दबाव: माना जा रहा है कि रूस, चीन और ईरान से जुड़े मामलों में चुनौतियों के बीच ट्रंप भारत के साथ व्यापार समझौते को अपनी कूटनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश करना चाह सकते हैं. इसके लिए अमेरिका भारत से कृषि और औद्योगिक बाजारों में ज्यादा पहुंच, अमेरिकी सामानों की खरीद और आर्थिक नीतियों में तालमेल की मांग कर सकता है. फरवरी 2026 के व्यापार समझौते के ढांचे में भारत ने अगले पांच वर्षों में 500 अरब डॉलर के अमेरिकी उत्पाद खरीदने का इरादा भी जताया है. ऐसे में इस समझौते की शर्तें भारत के लिए अहम रहेंगी.
- रूसी तेल और टैरिफ का खतरा: भारत के लिए रूसी तेल भी बड़ा मुद्दा है. अमेरिका पहले रूसी तेल खरीद को लेकर भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की चेतावनी दे चुका है. अगर भारत की रूसी तेल खरीद को लेकर फिर विवाद बढ़ता है, तो ट्रंप प्रशासन आर्थिक दबाव बनाने के लिए अपने कार्यकारी अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है.
भारत के लिए राहत भी, चुनौती भी
कुल मिलाकर ट्रंप की मिडटर्म चुनाव में हार भारत के लिए अवसर और चुनौती दोनों लेकर आई है. डेमोक्रेट्स की मजबूत मौजूदगी से टैरिफ और व्यापार नीतियों पर अमेरिकी प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी लेकिन ट्रंप के कार्यकारी अधिकार बने रहने के कारण भारत पर व्यापार समझौते के लिए दबाव खत्म नहीं होगा. व्हाइट हाउस ही नहीं, बल्कि अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों के साथ भी अपने संबंध मजबूत रखने होंगे. आने वाले दो साल यह तय करेंगे कि भारत इस बदले राजनीतिक समीकरण का इस्तेमाल अपने आर्थिक हितों के लिए किस तरह कर पाता है.