Last Updated:
Murad Leopard Died: कानपुर के चिड़ियाघर से एक बुरी खबर आ रही है. यहां एक 13 साल के तेंदुए की मौत हो गई है. पिछले चार दिनों से न तो वो खाना खा रहा था और न ही पानी पी रहा था. अपने घाव को बार-बार नोचता रहता था.
तेंदुए मुराद की मौत.
Kanpur Zoo News : चिड़ियाघर कानपुर में बुधवार को 13 साल के तेंदुए मुराद की मौत हो गई. मुराद पिछले 4 दिनों से बीमार था. उसने 4 दिन से खाना नहीं खाया था और 2 दिनों से पानी भी पीना बंद कर दिया था. चिड़ियाघर के चिकित्सक उसका इलाज कर रहे थे, लेकिन कार्डियक अरेस्ट आने से उसकी मौत हो गई.
कानपुर चिड़ियाघर के के चिकित्सक डॉ. नासिर के मुताबिक, मुराद के पैर में घाव हो गया था. वह बार-बार अपने पंजे के घाव को नोच रहा था, जिससे उसकी परेशानी बढ़ती जा रही थी. 4 दिनों से उसका उपचार किया जा रहा था. उम्र भी अधिक होने के कारण हालत में सुधार नहीं हो सका. बुधवार को उसे कार्डियक अरेस्ट आया और मुराद ने दम तोड़ दिया.
2018 में मचाया था आतंक
डॉ. नासिर ने बताया कि साल 2018 में मुरादाबाद कैंट में एक तेंदुए के घुसने की सूचना मिली थी. इस दौरान तेंदुए ने कई लोगों को घायल कर दिया था. इसके बाद वन विभाग की टीम ने करीब 24 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मुराद को पकड़ा था. बाद में उसे कानपुर चिड़ियाघर लाया गया. मुरादाबाद से लाए जाने के कारण उसका नाम मुराद रखा गया था. पिछले करीब 8 साल से वह कानपुर के चिड़ियाघर में रह रहा था. मुराद अन्य दो तेंदुओं के साथ जंगल सफारी के पास बने बाड़े में रखा गया था.
पोस्टमार्टम के बाद जांच के लिए भेजे गए सैंपल
तेंदुए की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया. मौत की वजह और अन्य चिकित्सकीय पहलुओं की जांच के लिए सैंपल बरेली के इज्जतनगर स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी.