Last Updated:
JEE Main 2027 के लिए आवेदन कर रहे NRI उम्मीदवारों को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ी राहत दी है. अब ऐसे उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी नहीं है. वे पहचान पत्र के तौर पर अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल करके भी आवेदन कर सकते हैं. NTA ने एक उम्मीदवार के सवाल का जवाब देते हुए इसकी पुष्टि की है. इसके अलावा एजेंसी ने पहले आवेदन नंबर जनरेट कर चुके या फीस जमा कर चुके उम्मीदवारों को भी नया आवेदन फॉर्म भरने का मौका दिया है. ऐसे में अगर आप JEE Main 2027 के पहले सेशन में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं तो आवेदन की आखिरी तारीख, लेट फीस और करेक्शन विंडो की जानकारी जरूर जान लें.
JEE Main 2027 Registration, JEE Main 2027 Application Form: जेईई मेंस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन नियम में बदलाव. (pic: magnific)
JEE Main 2027: जेईई मेंस 2027 की तैयारी कर रहे NRI उम्मीदवारों के लिए राहत की खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ऐसे उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन के दौरान पासपोर्ट को पहचान पत्र के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है जिनके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज नहीं हैं. इससे विदेश में रहने वाले भारतीय उम्मीदवारों के लिए आवेदन की प्रक्रिया आसान हो जाएगी. इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक NTA ने एक उम्मीदवार के सवाल के जवाब में अपने आधिकारिक X अकाउंट पर इस बात की पुष्टि की है.JEE Main 2027 के पहले सेशन के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं. इस बार NTA ने आवेदन से जुड़ी एक और सुविधा दी है. उम्मीदवार पहले आवेदन नंबर जनरेट कर चुके हों या परीक्षा फीस जमा कर चुके हों तब भी उन्हें पूरी तरह नया आवेदन फॉर्म भरने का मौका दिया गया है.
पासपोर्ट से मिलेगी पहचान की सुविधा
JEE Main के लिए आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज देने होते हैं. आमतौर पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज इस्तेमाल किए जाते हैं. लेकिन विदेश में रहने वाले कई NRI उम्मीदवारों के पास इनमें से सभी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होते. ऐसे में उन्हें रजिस्ट्रेशन के दौरान परेशानी हो सकती थी.एक उम्मीदवार ने NTA के आधिकारिक X अकाउंट पर सवाल पूछा था कि जिन NRI उम्मीदवारों के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है वे JEE Main 2027 के लिए आवेदन कैसे कर सकते हैं? क्या वे पहचान पत्र के तौर पर पासपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं?
इस सवाल के जवाब में NTA ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं. एजेंसी की यह जानकारी खास तौर पर उन NRI आवेदकों के लिए उपयोगी है जिन्हें पहचान सत्यापन के दौरान परेशानी हो रही थी.
फिर भी भर सकते हैं नया फॉर्म
NTA ने JEE Main 2027 सेशन 1 के आवेदन को लेकर उम्मीदवारों को एक और राहत दी है. हालिया सार्वजनिक नोटिस के मुताबिक उम्मीदवार पूरी तरह नया आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं. यह सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए भी है, जिन्होंने पहले ही आवेदन नंबर जनरेट कर लिया है या परीक्षा फीस जमा कर दी है. इसका मतलब है कि पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को भी नया फॉर्म भरने का मौका दिया गया है हालांकि उम्मीदवारों को नया आवेदन करते समय सभी जानकारी सावधानी से भरनी चाहिए और फॉर्म जमा करने से पहले विवरणों की जांच कर लेनी चाहिए.
बिना लेट फीस के भरें JEE Main का फॉर्म
JEE Main 2027 के पहले सेशन के लिए रजिस्ट्रेशन 24 अक्टूबर से शुरू हो चुका है. उम्मीदवार 22 नवंबर तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद भी आवेदन का मौका मिलेगा, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा.NTA के तय शेड्यूल के मुताबिक 23 नवंबर से 26 नवंबर तक लेट फीस के साथ आवेदन किया जा सकेगा इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें.
27 से 29 नवंबर तक खुलेगी करेक्शन विंडो
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद NTA उम्मीदवारों को फॉर्म में सुधार का मौका भी देगा. इसके लिए 27 नवंबर से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो खोली जाएगी. इस दौरान उम्मीदवार अपने आवेदन में तय किए गए विवरणों में बदलाव कर सकेंगे. करेक्शन विंडो में किन-किन जानकारियों को एडिट करने की अनुमति होगी इसकी जानकारी के लिए उम्मीदवारों को NTA की आधिकारिक अधिसूचना देखनी चाहिए. सभी जानकारियों में सुधार की सुविधा मिलेगी ऐसा मानकर नहीं चलना चाहिए.
जनवरी में होगी JEE Main 2027 की परीक्षा
NTA ने JEE Main 2027 के पहले सेशन की परीक्षा जनवरी में कराने का कार्यक्रम तय किया है. परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को आयोजित की जाएगी. उम्मीदवारों को परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए.NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें. फॉर्म जमा करने से पहले उसमें दर्ज सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें. सफलतापूर्वक आवेदन जमा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज को डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें. परीक्षा से जुड़े नए अपडेट और अन्य जरूरी जानकारियां JEE Main की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएंगी.