Last Updated:
Delhi to Patna Festival Special Buses: दीपावली और छठ पूजा पर ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने पर बिहार सरकार ने दिल्ली समेत पांच राज्यों के लिए स्पेशल अंतरराज्यीय बसों का परिचालन शुरू किया है. यात्रियों को बस टिकट पर 619 रुपये की सब्सिडी भी मिल रही है. बता दें कि इन बसों में 5 नवंबर से 20 नवंबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कराई जा सकती है.
पटना: दीपावली और छठ पूजा पर घर आने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रही है? ऐसे में अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. बिहार सरकार ने त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पांच राज्यों के लिए स्पेशल अंतरराज्यीय बसों का परिचालन शुरू कर दिया है. 5 नवंबर से शुरू हो रही इन बसों के जरिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड से बिहार पहुंचना आसान होगा. सबसे खास बात यह है कि त्योहार के मौके पर यात्रियों को बस टिकट पर सब्सिडी भी दी जा रही है.
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से प्रदेश के छह बस डिपो से इन स्पेशल बसों का परिचालन किया जा रहा है. इनमें निगम की अपनी बसों के साथ पीपीपी मोड के तहत संचालित बसें भी शामिल हैं. यात्रियों के लिए 1 नवंबर से ही ऑनलाइन एडवांस बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है. इन बसों में 5 नवंबर से 20 नवंबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कराई जा सकती है.
दिल्ली से पटना आने का किराया जानकर रह जाएंगे हैरान
अगर आप दिल्ली से पटना आना चाहते हैं और ट्रेन में टिकट नहीं मिल रही है, तो BSRTC की वेबसाइट पर जाकर आसानी से बस की सीट बुक कर सकते हैं. उदाहरण के तौर पर दिल्ली के ISBT आनंद विहार से पटना के लिए स्पेशल बस उपलब्ध है. इस सफर में करीब 22 घंटे का समय लगेगा. इस बस का सामान्य किराया 1,980 रुपये है, लेकिन त्योहार के अवसर पर बिहार सरकार की ओर से यात्रियों को 619 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है. इसके बाद यात्रियों को टिकट के लिए केवल 1,361 रुपये का भुगतान करना होगा. यानी लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को सीधे किराये में राहत मिल रही है. इसी तरह हर रूट पर सब्सिडी उपलब्ध है.
घर बैठे ऐसे बुक करें ऑनलाइन बस टिकट
बस टिकट बुक करने के लिए आपको मोबाइल या लैपटॉप की जरूरत होगी. बुकिंग की प्रक्रिया भी काफी आसान है. सबसे पहले BSRTC की आधिकारिक वेबसाइट bsrtc.bihar.gov.in पर जाएं. वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग के विकल्प पर क्लिक करें. अब अपना शुरुआती स्थान यानी सोर्स और गंतव्य स्थान यानी डेस्टिनेशन चुनें. इसके बाद यात्रा की तारीख दर्ज करके Show Buses पर क्लिक करें. आपके सामने उपलब्ध बसों और खाली सीटों की जानकारी आ जाएगी. अपनी पसंद की सीट चुनें. इसके बाद किराये और मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी. पिकअप और ड्रॉपिंग पॉइंट चुनकर आगे की बुकिंग प्रक्रिया पूरी करें और ऑनलाइन भुगतान कर दें. बुकिंग पूरी होने के बाद आपको अपनी यात्रा की कंफर्म टिकट मिल जाएगी.
छठ के बाद वापसी के लिए भी कर सकते हैं टिकट बुक
इन स्पेशल बसों का फायदा सिर्फ बिहार आने वाले यात्रियों को ही नहीं, बल्कि छठ पूजा के बाद वापस अपने कार्यस्थल लौटने वाले लोगों को भी मिलेगा. दिल्ली, गाजियाबाद, हरियाणा और दूसरे शहरों में नौकरी या व्यवसाय करने वाले लोग वापसी की यात्रा के लिए भी ऑनलाइन टिकट बुक करा सकते हैं.