Last Updated:
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने जनवरी 2025 में अपने घर पर हुए जानलेवा हमले को याद करते हुए ऐसा खुलासा किया है, जो किसी का भी दिल छू लेगा. उन्होंने बताया कि पिता को हमलावर से भिड़ते देख छोटे बेटे जेह ने उन्हें अपनी प्लास्टिक की तलवार थमा दी थी और कहा था कि अगली बार चोर आए तो इससे मुकाबला करना. इस घटना ने पूरे परिवार को डरा दिया था. अब सैफ ने उस रात का दर्दनाक किस्सा सुनाने के साथ यह भी कहा है कि बचपन के मुकाबले आज की दुनिया ज्यादा असुरक्षित हो गई है.
खुद पर हुआ हमले पर सैफ की दोटुक
नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने जनवरी 2025 में अपने घर में हुए चाकू से हमले को लेकर एक बार फिर बात की है. इस घटना ने न सिर्फ उन्हें शारीरिक रूप से चोट पहुंचाई थी, बल्कि उनके परिवार पर भी इसका गहरा असर पड़ा था. सैफ ने बताया कि उस वक्त उनके छोटे बेटे जेह ने जो किया, उसे वह आज भी नहीं भूल पाए हैं. पिता को घायल देखने के बाद जेह इतना डर गया था कि उसने अपनी प्लास्टिक की तलवार सैफ को देते हुए कहा था कि अगली बार चोर आए तो वह उससे मुकाबला कर लें.
सैफ ने यह दिलचस्प लेकिन भावुक किस्सा करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में साझा किया. उन्होंने बताया कि हमले के बाद कई महीनों तक जेह अपनी प्लास्टिक की तलवार उनके पास रखता था. सैफ के मुताबिक, जेह ने उनसे कहा था कि अगली बार जब चोर आए तो इस तलवार से उसका सामना करना. दरअसल, हमले के दौरान जेह ने अपनी आंखों के सामने पिता को हमलावर से भिड़ते देखा था. शायद यही वजह थी कि उसकी नजर में सैफ किसी सुपरहीरो से कम नहीं थे. सैफ ने बताया कि जेह उन्हें आयरन मैन की तरह देखता है.
हमले में लगी थीं कई चोटें
सैफ ने उस रात को याद करते हुए बताया कि उनके लिए यह पूरी घटना बेहद डरावनी थी. हमलावर ने उन पर करीब 10 बार चाकू से वार किया था. उनकी गर्दन पर गहरे कट लगे थे और पीठ में भी चोट आई थी. उन्होंने बताया कि सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला. अभिनेता ने कहा कि फिल्मों में काम करने की वजह से शायद उस वक्त उनकी प्रतिक्रिया भी फिल्मी अंदाज में थी. जब उन्होंने हमलावर को अपने बेटे के ऊपर चाकू लेकर खड़ा देखा तो उन्हें बहुत गुस्सा आया और वह तुरंत उससे भिड़ गए. सैफ ने बताया कि उन्हें इस बात का भी अंदाजा नहीं था कि हमलावर के साथ कोई और भी हो सकता है.
करीना ने समझदारी दिखाकर रोका
सैफ ने बताया कि हमले के बाद वह और घर में काम करने वाले हरि दोबारा हमलावर का सामना करने की तैयारी कर रहे थे. घर की दीवार पर सजावट के लिए लगी ढाल और तलवारों को उतारने की कोशिश की जा रही थी. उन्हें लग रहा था कि शायद घर में कुछ और लोग भी मौजूद हों. हालांकि, करीना कपूर ने दोनों को ऐसा करने से रोक दिया. उन्होंने सैफ और हरि से कहा कि दोबारा खतरे में जाने के बजाय तुरंत लिफ्ट से अस्पताल चलें. करीना की इसी समझदारी की वजह से उन्होंने आगे कोई जोखिम नहीं उठाया.
सैफ बोले- आज पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
इस घटना का जिक्र करते हुए सैफ ने कहा कि आज के समय में लोगों को अपनी सुरक्षा को लेकर पहले से ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है. उनके मुताबिक, बचपन के दिनों की तुलना में अब दुनिया कुछ ज्यादा असुरक्षित हो गई है. उन्होंने माना कि सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करना अब पहले से ज्यादा अहम हो गया है. बता दें कि जनवरी 2025 में एक हमलावर मुंबई स्थित सैफ और करीना के घर में घुस आया था. इस दौरान उसने सैफ पर चाकू से हमला कर दिया था. अभिनेता को गर्दन और पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई थीं. इसके बाद उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई थी. इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया था.