पटना: दिवाली पर अपनों को कुछ खास और यादगार तोहफा देने की तैयारी है, तो इस बार बाजार में गिफ्टिंग का अंदाज भी बदल रहा है. मिठाई के डिब्बों से आगे बढ़कर अब खूबसूरत गिफ्ट हैंपर लोगों की पसंद बन रहे हैं. इनमें ड्राई फ्रूट्स, हैंडमेड कैंडल, रंग-बिरंगे दीये, तोरण और मां लक्ष्मी के चरण पादुका जैसी पारंपरिक चीजों को बेहद आकर्षक अंदाज में सजाया जा रहा है. सबसे खास बात यह है कि इन हैंपर्स की डिमांड सिर्फ घरों तक लिमिटेड नहीं है. बल्कि बैंक और कॉरपोरेट संस्थान भी इन्हें दिवाली गिफ्ट के तौर पर पसंद कर रहे हैं.
पटना के क्राफ्ट एज की फाउंडर ऋतिका इन दिनों ऐसे ही खूबसूरत दिवाली गिफ्ट हैंपर्स तैयार कर रही हैं. अब तक 500 से ज्यादा हैंपर के ऑर्डर आ चुके हैं. पटना से लेकर रांची तक इनकी डिलीवरी होनी है. रितिका और उनकी टीम दिन रात एक कर इन हैंपर्स को तैयार कर रही है.
ड्राई फ्रूट्स के साथ मिलेगा दिवाली का पूरा पारंपरिक टच
क्राफ्ट एज की फाउंडर रितिका बताती हैं कि उनके हैंपर्स में खूबसूरत प्रिंटेड बॉक्स के साथ चार तरह के ड्राई फ्रूट्स रखे जा रहे हैं. इनमें काजू, किशमिश, कागजी बादाम और पिस्ता शामिल हैं. इसके साथ कैंडल, शुभ-लाभ और स्वास्तिक के स्टीकर, मां लक्ष्मी की चरण पादुका, दीया और तोरण जैसी चीजें भी दी जा रही हैं. कुछ हैंपर्स में कछुआ भी शामिल किया गया है.
वहीं, प्रीमियम हैंपर में ड्राई फ्रूट्स के साथ उरली कैंडल रखी जा रही है, जिसे रंगोली के बीच सजाकर घर की खूबसूरती बढ़ाई जा सकती है. इसके अलावा तोरण, साइड डेकोरेशन, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, चरण पादुका और दीये भी शामिल हैं. इन सभी चीजों को इस तरह सजाया जा रहा है कि गिफ्ट खोलते ही सामने वाले को दिवाली की पूरी रौनक महसूस हो. गिफ्ट के बॉक्स को भी काफी आकर्षक तरीके से सजाया गया है.
1200 और 2500 रुपये के हैंपर की है खास डिमांड
अगर हम कीमत की बात करें तो छोटे हैंपर की कीमत 1200 रुपये और बड़े हैंपर की कीमत 2500 रुपये है. हालांकि, यहां गिफ्टिंग के लिए बजट की कोई एक सीमा तय नहीं है. ग्राहक 500 रुपये से भी अपना हैंपर तैयार करवा सकते हैं. वहीं, 2500 रुपये तक के प्रीमियम हैंपर भी उपलब्ध हैं.
रितिका ने बताया कि कई ग्राहक सिर्फ कैंडल लेना चाहते हैं, तो कुछ ड्राई फ्रूट्स के साथ कैंडल पसंद कर रहे हैं. उरली कैंडल की भी मांग है. ऐसे में ग्राहक की जरूरत और बजट के अनुसार सामान चुनकर हैंपर तैयार किया जाता है.
पटना से रांची और औरंगाबाद तक पहुंच रहे ऑर्डर
इन गिफ्ट हैंपर्स की डिमांड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्राफ्ट एज को पटना के अलावा औरंगाबाद और रांची जैसे अलग अलग शहरों से भी ऑर्डर मिल रहे हैं. अलग-अलग बैंकों और उनकी शाखाओं की ओर से भी कॉरपोरेट गिफ्टिंग के लिए ऑर्डर दिए जा रहे हैं. रितिका बताती हैं कि अबतक 500 से अधिक हैंपर्स के ऑर्डर मिले हैं.
इसी वजह से रितिका के घर पर गिफ्ट पैकिंग का काम भी तेजी से चल रहा है. ड्राई फ्रूट्स की अलग-अलग पैकिंग से लेकर हैंपर को सजाने और फाइनल पैकेजिंग तक की तैयारी की जा रही है, ताकि तय समय पर सभी ऑर्डर डिलीवर किए जा सकें.
हैंडक्राफ्टेड कैंडल और हैंड-पेंटेड दीये हैं खास आकर्षण
इन हैंपर्स की एक और खासियत इनमें शामिल हैंडक्राफ्टेड सामान हैं. रितिका बताती हैं कि कैंडल्स का निर्माण सोया वैक्स से होता है. दीयों पर भी हैंड-पेंटिंग की जाती है. इससे गिफ्ट हैंपर को एक अलग लुक मिलता है. ड्राई फ्रूट्स खाने के लिए हैं, जबकि बाकी सजावटी सामान दिवाली के दौरान घर को सजाने के काम आता है.
आप भी दे सकते हैं ऑर्डर
अगर आप भी इस दिवाली किसी को मिठाई के बजाय कुछ अलग और खूबसूरत गिफ्ट देना चाहते हैं, तो क्राफ्ट एज से संपर्क कर सकते हैं. यहां ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार हैंपर कस्टमाइज करवा सकते हैं. ऑर्डर व्हाट्सअप्प या फोन कॉल के जरिए दिया जा सकता है. ऑर्डर और संपर्क नंबर 9546483598 है. ग्राहक अपना पता देकर डिलीवरी की जानकारी भी ले सकते हैं.
जानें कौन हैं रितिका?
पटना की रितिका सोया वैक्स से डिजाइनर और आकर्षक मोमबत्तियां बनाने के लिए जानी जाती हैं. उनके स्टार्टअप का नाम क्राफ्ट एज (Craft Edge) है. इसकी शुरुआत उन्होंने लॉकडाउन के दौरान अपने घर से की थी. बीते कुछ वर्षों में उनके स्टार्टअप ने कारोबार के क्षेत्र में अच्छी पहचान बनाई है और इसका सालाना टर्नओवर 35 से 40 लाख रुपये तक पहुंच चुका है.
इतना ही नहीं, रितिका अब तक 1000 से अधिक लड़कियों और महिलाओं को कैंडल मेकिंग का हुनर सिखा चुकी हैं. इनमें से कई महिलाएं और लड़कियां अब अपने-अपने क्षेत्रों में इस काम को आगे बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं.
रितिका की बनाई डिजाइनर कैंडल्स भी लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं. इनमें स्नेक कैंडल, टेपर कैंडल, शंख के आकार की कैंडल और चाय-बिस्किट डिजाइन जैसी सैकड़ों यूनीक डिजाइन वाली मोमबत्तियां शामिल हैं. देखने में लड्डू, समोसा, रबड़ी-जलेबी जैसी लगने वाली कैंडल्स भी तैयार की जाती हैं. खास तौर पर समोसा और लड्डू के आकार वाली मोमबत्तियां लोगों को पहली नजर में हैरान कर देती हैं. वहीं, दिवाली के त्योहार को देखते हुए रितिका वाइन कैंडल्स समेत कई अन्य आकर्षक और नए डिजाइन के प्रोडक्ट तैयार करने पर काम कर रही हैं.