Last Updated:
दिवाली पर अगर आप परिवार के साथ घूमने या अपने शहर जा रहे हैं, तो घर छोड़ने से पहले उसकी सुरक्षा के साथ होम इंश्योरेंस पॉलिसी भी जरूर चेक करें. आग, चोरी या किसी अन्य नुकसान की स्थिति में सही इंश्योरेंस कवर आर्थिक मदद कर सकता है. घर में रखे कीमती सामान के बिल और फोटो सुरक्षित रखने के साथ यह भी चेक करें कि आपकी पॉलिसी किन चीजों को कवर करती है. इसके बारे में एक्सपर्ट ने डिटेल में जानकारी दी है.
घर की सुरक्षा के साथ यह समझना भी जरूरी है कि किसी अनहोनी की स्थिति में आपका होम इंश्योरेंस कितना काम आएगा. ai photo
दिवाली के दौरान बहुत से लोग परिवार के साथ छुट्टियां मनाने, रिश्तेदारों से मिलने या अपने शहर जाने के लिए घर को खाली ही छोड़कर चले जाते हैं. ऐसे में टिकट बुकिंग, पैकिंग और यात्रा की तैयारी के बीच घर की सुरक्षा पर ध्यान देना भी जरूरी है. कई दिनों तक खाली रहने वाले घर में चोरी, आग लगने, बिजली की खराबी और पानी के रिसाव जैसी घटनाओं का रिस्क हो सकता है. इसलिए घर को लॉक करके निकलने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहतर है.
घर की सुरक्षा के साथ यह समझना भी जरूरी है कि किसी अनहोनी की स्थिति में आपका होम इंश्योरेंस कितना काम आएगा. आमतौर पर लोग बीमा को स्वास्थ्य, जीवन और गाड़ी की सुरक्षा तक सीमित समझते हैं, जबकि घर और उसमें रखे सामान का बीमा भी वित्तीय सुरक्षा का अहम हिस्सा है. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में देश में आवासीय इमारतों में आग लगने की 3,585 घटनाएं दर्ज की गईं. इन घटनाओं में आग से हुई कुल मौतों में से 60.4% मृत्यु आवासीय इमारतों में हुईं. ऐसे में दिवाली की यात्रा से पहले घर की सुरक्षा और बीमा कवरेज की जांच करना जरूरी है.
होम इंश्योरेंस पॉलिसी चेक करें
कवरफॉक्स के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ED) शिवेंद्र पंचोली के अनुसार, होम इंश्योरेंस आग, चोरी और कुछ तरह के आकस्मिक नुकसान से सुरक्षा दे सकता है. हालांकि, कवरेज हर पॉलिसी में अलग होता है. घर के मालिक यह जांचें कि बीमा केवल इमारत के लिए है या उसमें घरेलू सामान भी शामिल है. किराएदारों को भी अपने सामान के बीमा पर विचार करना चाहिए, क्योंकि मकान मालिक की बिल्डिंग इंश्योरेंस पॉलिसी उनके निजी सामान को कवर नहीं कर सकती.
कीमती सामान की लिस्ट और रिकॉर्ड रखें
टीवी, लैपटॉप, महंगे इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान की तस्वीरें, बिल और रिकॉर्ड सुरक्षित रखें. चोरी या नुकसान होने पर ये डॉक्यूमेंट्स बीमा क्लेम के दौरान सामान की पहचान और कीमत साबित करने में मदद कर सकते हैं. यह भी चेक करें कि महंगे सामान के लिए अलग से कवरेज लेना जरूरी तो नहीं है.
घर की सुरक्षा को भी फाइनेंशियल प्लान का बनाएं हिस्सा
FY2024-25 में भारत में बीमा की कुल पहुंच (इंश्योरेंस पेनिट्रेशन) 3.7% रही. इसमें जीवन बीमा की हिस्सेदारी 2.7% और गैर-जीवन बीमा( non-life insurance) की 1% थी. हालांकि, ये आंकड़े सिर्फ होम इंश्योरेंस से जुड़े नहीं हैं, लेकिन देश में बीमा कवरेज बढ़ाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की जरूरत को जरूर दिखाते हैं. दिवाली की यात्रा से पहले घर की सुरक्षा और बीमा कवरेज की जांच करने से अनावश्यक चिंता कम हो सकती है. बीमा किसी घटना को रोक नहीं सकता, लेकिन सही पॉलिसी होने पर नुकसान का आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिल सकती है.