Last Updated:
Right Way to Store Leftover: शादी, पार्टी या त्योहार जैसे मौकों पर खाना बचना बहुत ही कॉमन है. ऐसे में आमतौर पर खाने को फ्रिज में स्टोर किया जाता है, जिससे कि वो जल्दी खराब न हो और इसे बाद में इस्तेमाल किया जा सके. लेकिन इसके बावजूद कई बार खराब हो सकता है. यहां जानिए बचे हुए खाने को फ्रिज में कैसे स्टोर करना चाहिए? सही तरीका क्या है.
जब भी कोई खास डिनर या दावत होती है, तो अक्सर खाना बच जाता है. ऐसे में खाने की बर्बादी न हो इसके लिए लोग या तो खाना लोगों में बटवा देते हैं, या फिर फ्रिज में स्टोर करके रख लेते हैं. लेकिन इसके लिए सही तरीके को फॉलो करना बहुत जरूरी है. आमतौर पर ये सलाह दी जाती है कि गर्म खाने को कुछ देर बाहर ठंडा करके फिर फ्रिज में स्टोर करें.
हालांकि, फूड सेफ्टी से जुड़ी गाइडलाइंस के अनुसार, खाने को घंटों तक बाहर छोड़ना सही नहीं है. ऐसा करने से उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए जरूरी है कि बचे हुए खाने को सही समय पर और सही तरीके से स्टोर किया जाए. यहां जानिए बासी खाने को स्टोर करने से जुड़ी 4 जरूरी बातें.
खाने को पूरी तरह कमरे के तापमान पर ठंडा होने का इंतजार नहीं करना चाहिए. कोशिश करें कि गर्म खाने को थोड़ा ठंडा करके जल्द से जल्द फ्रिज में रख दें. अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के अनुसार, खराब होने वाले खाद्य पदार्थों और बचे हुए खाने को दो घंटे के अंदर फ्रिज या फ्रीजर में रखना चाहिए. अगर बाहर का तापमान 90°F (लगभग 32°C) से ज्यादा है, तो यह समय घटकर एक घंटा हो जाता है. खाने को लंबे समय तक बाहर रखने से उसमें बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं.
बचे हुए खाने को ठंडा करके फ्रिज में रखने के 4 तरीके
खाने को छोटे हिस्सों में बांटें- अगर आपने एक साथ ज्यादा मात्रा में खाना बनाया है, तो उसे एक बड़े बर्तन में रखने के बजाय छोटे-छोटे हिस्सों में बांट दें. इससे खाना जल्दी ठंडा होगा. खासकर दाल, करी, सूप और चिली जैसे गाढ़े खाने को छोटे कंटेनर में रखना बेहतर है.
गहरे बर्तनों की जगह उथले कंटेनर इस्तेमाल करें- खाने को ठंडा करने के लिए ज्यादा गहरे बर्तनों का इस्तेमाल न करें. इसकी जगह चौड़े और कम गहराई वाले कंटेनर चुनें. इनमें खाने की गर्मी जल्दी बाहर निकलती है और वह कम समय में ठंडा हो जाता है.
आइस वॉटर बाथ की मदद लें- अगर खाना बहुत ज्यादा गर्म है, तो उसे जल्दी ठंडा करने के लिए आइस वॉटर बाथ इस्तेमाल कर सकते हैं।. इसके लिए एक बड़े बर्तन में बर्फ और ठंडा पानी भरें. अब खाने वाले कंटेनर को इसमें रखें और खाने को बीच-बीच में चलाते रहे. इससे अंदर की गर्मी जल्दी बाहर निकलती है.
खाने को सही समय पर फ्रिज में रखें- खाना को स्टोर करने से पहले सुनिश्चित करें कि खाना बहुत गर्म न हो और न ही उसे दो घंटे से ज्यादा बाहर छोड़ें. बचे हुए खाने को घंटों तक किचन के काउंटर पर खुला छोड़ना सही नहीं है. सही तरीके से ठंडा करके समय पर फ्रिज में रखने से खाने को खराब होने से बचाने और फूड सेफ्टी बनाए रखने में मदद मिलती है.