Last Updated:
Anoopgarh Suratgarh Railway Track Blast: श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 50GB के पास जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे ट्रैक के दो सीमेंट पिलर क्षतिग्रस्त हो गए. यह घटना अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद हुई. भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही एटीएस, सीआईडी, डॉग स्क्वायड और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. सुरक्षा के कारण इस रूट की सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और एजेंसियां ब्लास्ट के कारणों की गहराई से जांच कर रही हैं.
Sriganganagar Blast: भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ATS-CID समेत सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
Sriganganagar: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज घटना सामने आई है. अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 50GB के पास एक जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. इस भीषण धमाके के कारण रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए. गनीमत यह रही कि यह ब्लास्ट अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली यात्री ट्रेन के वहां से सफलतापूर्वक गुजरने के कुछ ही देर बाद हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा तंत्र तुरंत हरकत में आ गया. घटना की सूचना मिलते ही एटीएस (ATS), सीआईडी (CID), डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते के साथ-साथ विभिन्न खुफिया सुरक्षा एजेंसियां और रेलवे की तकनीकी टीमें भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई सामग्री की जांच में जुटे हैं.
यात्री सुरक्षा के लिए ट्रेनें रद्द
सुरक्षा के कड़े कदम उठाते हुए और जांच प्रक्रिया को निर्बाध जारी रखने के उद्देश्य से अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर संचालित होने वाली सभी यात्री व मालगाड़ियों को फिलहाल रद्द कर दिया गया है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जब तक ट्रैक की मरम्मत पूरी नहीं हो जाती और सुरक्षा एजेंसियां हरी झंडी नहीं दे देतीं, तब तक इस रूट पर रेल यातायात बंद रहेगा.
एसपी हरिशंकर के निर्देशन में तलाशी अभियान
मामले में श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक (SP) हरिशंकर के निर्देशन में गहन छानबीन की जा रही है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि सीमावर्ती इलाके में इस ब्लास्ट के पीछे असामाजिक तत्वों या देशविरोधी ताकतों का क्या हाथ है. पुलिस प्रशासन आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर संदिग्धों की तलाश कर रहा है.