नई दिल्ली. रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है. फिल्म की रिलीज को अब 24 घंटे से कम का समय बचा है. फिल्म नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. रिलीज से पहले ही इसे लेकर जबरदस्त माहौल बना हुआ है. इसी बीच फिल्म की मुंबई स्क्रीनिंग के बाद पहला रिव्यू सामने आया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ गई . मशहूर कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने फिल्म देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की है.
आशीष चंचलानी ने रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के साथ ‘रामायण’ कास्टिंग को शानदार बताया. निर्देशक नितेश तिवारी की तारीफ करते हुए उन्हें फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया. उन्होंने यहां तक कह दिया कि फिल्म ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है. हालांकि, उन्होंने कुछ तकनीकी कमियों का भी जिक्र किया है.
‘रामायण’ के एक्शन सीक्वेंस ने जीता दिल
आशीष चंचलानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना रिव्यू शेयर किया. उन्होंने लिखा कि ‘रामायण’ अपने भव्य स्तर और शानदार एक्शन के साथ दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देती है. उनके मुताबिक, फिल्म की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ इसके विजुअल्स नहीं हैं, बल्कि नितेश तिवारी का निर्देशन भी है. उन्होंने कहा कि पूरी फिल्म पर निर्देशक की मजबूत पकड़ नजर आती है.
आशीष ने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस की खास तौर पर तारीफ की. उन्होंने लिखा कि हर अगला एक्शन सीन पिछले सीन से ज्यादा प्रभावशाली है. उनके मुताबिक, फिल्म में डीएनईजी और निर्माता नमित मल्होत्रा ने जिस स्तर पर काम किया है, उसका नतीजा पर्दे पर दिखाई देता है. उन्होंने दर्शकों को फिल्म बड़े पर्दे पर देखने की सलाह भी दी है. साथ ही पाइरेसी या लीक फुटेज के आधार पर फिल्म को जज न करने की अपील की.
आशीष चंचलानी की पोस्ट.
रणबीर, साई और यश की एक्टिंग की तारीफ
फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर भी आशीष काफी प्रभावित नजर आए. उन्होंने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की कास्टिंग को बेहतरीन बताया. रणबीर फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में हैं. वहीं, यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. उन्होंने रवि दुबे के अभिनय को भी खास तौर पर सराहा. फिल्म में वह लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं. आशीष के मुताबिक, रवि ने अपने किरदार में शानदार काम किया है. उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में रवि से जुड़े कुछ हल्के-फुल्के और मजेदार सीन हैं, जो कहानी को एक अलग रंग देते हैं.
कुछ तकनीकी कमियां भी आईं नजर
हालांकि, आशीष ने फिल्म की कुछ कमियों का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि रात के कुछ सीन में कलाकारों के चेहरे को कम उम्र का दिखाने वाली डी-एजिंग तकनीक थोड़ी अटपटी लगती है. लेकिन फिल्म की शानदार एडिटिंग के कारण ये छोटी कमियां ज्यादा देर तक ध्यान नहीं खींचतीं. उन्होंने जटायु के साथ होने वाले युद्ध के दृश्य का भी जिक्र किया और बताया कि फिल्म के अंत में वह भावुक हो गए थे.
5 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी. इसे नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा रवि दुबे भी अहम भूमिका में हैं. डीएनईजी फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स पर काम कर रही है. फिल्म का पहला हिस्सा 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है.