Last Updated:
Iron Tawa Cleaning Tips: यदि आपके किचन में भी लोहे का तवा इस्तेमाल होता है और आप उसकी सफाई को लेकर परेशान हैं, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से आप तवे पर जमी चिकनाई और जिद्दी दाग हटा सकते हैं. आइए जानते हैं लोहे के काले तवे को साफ रखने के 6 आसान तरीके. खासबात है कि इसके लिए आपको किसी महंगे प्रोडक्ट की भी जरूरत नहीं है.
किचन में लोहे के तवे का इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है. सुबह के नाश्ते में पराठे बनाने हों या दोपहर और रात के खाने के लिए रोटियां सेंकनी हों, लोहे का तवा काम आता है. लेकिन रोजाना तेल, घी के संपर्क में रहने की वजह से धीरे-धीरे तवे के किनारों पर चिकनाई और गंदगी जमने लगती है. कई बार ये गंदगी इतनी पुरानी और सख्त हो जाती है कि नॉर्मल साबुन और स्क्रबर से भी आसानी से साफ नहीं होती. ऐसे में यहां बताए गए क्लीनिंग हैक्स मददगार साबित हो सकते हैं.
नमक और नींबू से करें सफाई- अगर तवे के किनारों पर तेल और चिकनाई की मोटी परत जम गई है, तो इसे साफ करने के लिए नमक और नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए गंदगी वाली जगह पर थोड़ा नमक छिड़कें. फिर आधे नींबू से उस हिस्से को धीरे-धीरे रगड़ें. नमक गंदगी को हटाने में मदद करता है, जबकि नींबू चिकनाई को साफ करने में सहायक होता है. इसके बाद गीले कपड़े से तवे को पोंछ लें.
गर्म पानी से हटाएं जिद्दी गंदगी- अगर तवे पर रोटी या पराठे के जले हुए टुकड़े चिपक गए हैं, तो उन्हें निकालने के लिए ठंडा होने के बाद थोड़ा गर्म पानी डालें. इससे चिपकी हुई गंदगी और चिकनाई ढीली पड़ जाती है. इसके बाद स्क्रबर की मदद से तवे को आसानी से साफ कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बेकिंग सोडा का पेस्ट लगाएं- तवे पर जिद्दी काले निशान पड़ गए हैं, तो बेकिंग सोडा आपके काम आ सकता है. इसके लिए थोड़े से बेकिंग सोडा में पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. इसे दाग वाली जगह पर लगाकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें. इससे जमा हुई गंदगी हटाने में मदद मिल सकती है.
तवे पर लगाएं तेल की हल्की परत- तवा पूरी तरह सूख जाने के बाद इसकी सतह पर कुछ बूंद खाना पकाने वाला तेल लगाएं. इसे कपड़े या टिश्यू की मदद से पूरे तवे पर फैला दें. इससे तवे की सीजनिंग बनी रहती है और जंग लगने की आशंका कम होती है.
तेज केमिकल वाले क्लीनर से बचें- लोहे के तवे की सफाई के लिए तेज केमिकल वाले क्लीनर का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. ये तवे की प्राकृतिक सीजनिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसकी जगह नमक, गर्म पानी और बेकिंग सोडा जैसे आसान तरीकों से जरूरत के अनुसार सफाई करें.
इन बातों का भी रखें ध्यान- लोहे का तवा सालों तक इस्तेमाल किया जा सकता है, बशर्ते उसकी सही देखभाल की जाए. नियमित सफाई, अच्छी तरह सुखाना और तेल की हल्की परत लगाना इसकी उम्र बढ़ाने में मदद कर सकता है. इससे तवे पर जंग लगने का खतरा भी कम होता है और वह रोजाना रोटी-पराठे बनाने के लिए तैयार रहता है.