यमुना एक्सप्रेसवे पर अब सड़क से नीचे रुकेंगी बसें, 36वें किमी पर बनेगा खास बस शेल्टर

यमुना एक्सप्रेसवे पर अब सड़क से नीचे रुकेंगी बसें, 36वें किमी पर बनेगा खास बस शेल्टर


Last Updated:

Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेसवे के इंफ्रास्ट्रक्चर में एक और अहम सुविधा जुड़ने जा रही है. अब यहां बसों के ठहराव के लिए मुख्य सड़क से अलग व्यवस्था विकसित की जाएगी. इसके तहत एक्सप्रेसवे के 36वें किलोमीटर पर खास बस शेल्टर बनाया जाएगा, जहां बसें रैंप के जरिए मुख्य मार्ग से नीचे उतरकर यात्रियों को बैठा और उतार सकेंगी.

Zoom

यमुना एक्सप्रेसवे

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बस का इंतजार करने वाले जेवर और आसपास के इलाकों के लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेसवे के 36वें किलोमीटर पर दोनों दिशाओं में बस शेल्टर विकसित किए जाएंगे. खास बात यह है कि यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए बसों को अब तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे पर ही खड़ा नहीं होना पड़ेगा. इसके लिए सड़क के नीचे अलग व्यवस्था तैयार की जाएगी.

योजना के तहत बस शेल्टर तक पहुंचने और वहां से वापस एक्सप्रेसवे पर आने के लिए दोनों तरफ रैंप बनाए जाएंगे. इससे बसें मुख्य मार्ग से नीचे उतरकर निर्धारित स्थान पर रुक सकेंगी. यात्रियों को उतारने और बैठाने के बाद बसें दूसरे रैंप के जरिए दोबारा एक्सप्रेसवे पर चढ़कर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो जाएंगी.

अभी एक्सप्रेसवे पर बस रोकने से बना रहता है हादसे का खतरा
दरअसल, जेवर और आसपास के गांवों में रहने वाले काफी लोगों को बस पकड़ने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचना पड़ता है. फिलहाल कई बार बस चालक मुख्य सड़क पर ही वाहन रोक देते हैं. ऐसे में यात्रियों को तेज रफ्तार से गुजर रहे वाहनों के बीच बस में चढ़ना और उतरना पड़ता है. यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग उठ रही थी. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने भी यमुना प्राधिकरण के सामने बस शेल्टर बनाने का मुद्दा उठाया था. हालांकि, एक्सप्रेसवे के मुख्य मार्ग पर सीधे बस स्टॉप बनाने को सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं माना गया. इसके बाद ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर विचार हुआ, जिसमें बसों का ठहराव मुख्य सड़क से अलग हो.

जेवर-किशोरपुर मार्ग के पास तय हुई जगह
बस शेल्टर के निर्माण के लिए जेवर-किशोरपुर मार्ग के नजदीक स्थान चिह्नित किया गया है. यमुना प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी के अनुसार, इस स्थान पर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है. दोनों दिशाओं के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए यहां जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके साथ ही परिवहन विभाग के माध्यम से बसों के संचालन को लेकर भी व्यवस्था बनाई जाएगी. कोशिश होगी कि यमुना एक्सप्रेसवे से गुजरने वाली बसें यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए निर्धारित बस शेल्टर पर ही रुकें. इससे सड़क पर बिना अनुमति के बस रोकने की समस्या पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा.

यात्रियों की सुरक्षा के साथ आवागमन भी होगा आसान
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद जेवर और आसपास के गांवों के लोगों को बस पकड़ने के लिए एक्सप्रेसवे पर असुरक्षित तरीके से खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वहीं, मुख्य मार्ग पर बसों के अचानक रुकने की स्थिति कम होने से दूसरे वाहन चालकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है. यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात को व्यवस्थित रखने की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है.



Source link