Indian top university Rankings 2027, QS Asia Rankings 2027: एशिया की यूनिवर्सिटीज में अपनी जगह बनाने की दौड़ में भारत की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है. इस बार QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में देश के 325 संस्थानों को जगह मिली है लेकिन जब बात दिल्ली यूनिवर्सिटी, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी और देश के बड़े IITs की आती है तो तस्वीर थोड़ी अलग दिखाई देती है. दिल्ली यूनिवर्सिटी एशिया की टॉप 100 यूनिवर्सिटीज से बाहर हो गई है जबकि JNU और जामिया ने अपनी रैंक में सुधार किया है. IIT दिल्ली अब भी भारत का सबसे बेहतर रैंक वाला संस्थान है, लेकिन उसकी रैंक भी पिछले साल के मुकाबले नीचे आई है वहीं BHU और IIT (BHU) की रैंक भी अलग-अलग है. ऐसे में आइए जानते हैं कि QS की नई रैंकिंग में देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों और IITs को कौन-सा स्थान मिला है और पिछले साल के मुकाबले उनकी रैंक में कितना बदलाव हुआ है.
दिल्ली यूनिवर्सिटी टॉप 100 से बाहर
दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) देश के प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल है लेकिन QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में इसे टॉप 100 में जगह नहीं मिली. पिछले साल दिल्ली यूनिवर्सिटी 95वें स्थान पर थी, लेकिन इस बार इसकी रैंक गिरकर 106 हो गई है यानी विश्वविद्यालय 11 स्थान नीचे चला गया है.दिल्ली यूनिवर्सिटी की रैंक में आई यह गिरावट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह देश के पुराने और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक है. एशिया की यूनिवर्सिटीज के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का असर अब बड़े भारतीय संस्थानों पर भी दिखाई दे रहा है हालांकि रैंक में गिरावट को सीधे तौर पर पढ़ाई या शिक्षा की गुणवत्ता में कमी मानना सही नहीं होगा. QS ने भी स्पष्ट किया है कि किसी संस्थान की रैंक नीचे आने के बावजूद उसका कुल स्कोर बेहतर हो सकता है.
JNU और जामिया ने रैंकिंग में किया सुधार
दिल्ली के दो अन्य प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालयों जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) और जामिया मिल्लिया इस्लामिया के लिए इस बार रैंकिंग में सुधार देखने को मिला है.JNU को QS एशिया रैंकिंग 2027 में 128वां स्थान मिला है. पिछले साल यह विश्वविद्यालय 130वें स्थान पर था. इस तरह JNU ने दो स्थान की बढ़त हासिल की है. दूसरी ओर जामिया मिल्लिया इस्लामिया की रैंक भी बेहतर हुई है. पिछले साल जामिया 197वें स्थान पर था जबकि इस बार इसे 183वीं रैंक मिली है यानी जामिया ने 14 स्थान का सुधार किया है. दिल्ली यूनिवर्सिटी की रैंक जहां नीचे गई है वहीं JNU और जामिया की स्थिति बेहतर हुई है. इससे राजधानी के इन तीनों बड़े विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में अलग-अलग तस्वीर सामने आती है.
BHU और IIT BHU की रैंक अलग-अलग
वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) को QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में 234वां स्थान मिला है. पिछले साल यह 224वें स्थान पर था. इस तरह BHU की रैंक में 10 स्थान की गिरावट आई है. वहीं IIT (BHU) वाराणसी को इस बार 219वीं रैंक मिली है. पिछले साल यह संस्थान 237वें स्थान पर था. यानी IIT (BHU) ने 18 स्थान का सुधार किया है. यहां यह समझना जरूरी है कि बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी और IIT (BHU) की रैंक अलग-अलग दर्ज की गई है.
IIT दिल्ली भारत में पहले नंबर पर
QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में IIT दिल्ली भारत का सबसे बेहतर रैंक वाला संस्थान बना हुआ है. इसकी रैंक में भी गिरावट आई है. पिछले साल IIT दिल्ली एशिया में 59वें स्थान पर था, जबकि इस बार इसे 66वीं रैंक मिली है यानी यह सात स्थान नीचे आया है.देश के दूसरे बड़े टेक्निकल इंस्टीटयूशंस की स्थिति भी कुछ ऐसी ही रही. IISc बेंगलुरु पिछले साल 64वें स्थान पर था लेकिन इस बार 79वीं रैंक पर पहुंच गया है. IIT बॉम्बे की रैंक 71 से गिरकर 83 हो गई है. IIT मद्रास 70वें से 85वें स्थान पर आ गया है. IIT खड़गपुर की रैंक 77 से गिरकर 90 हो गई है जबकि IIT कानपुर 77वें से 97वें स्थान पर पहुंच गया है. इस तरह भारत के शीर्ष छह रैंक वाले संस्थानों की स्थिति पिछले साल के मुकाबले नीचे आई है. इसके बावजूद IIT दिल्ली देश का सबसे बेहतर रैंक वाला संस्थान बना हुआ है और IIT कानपुर भी एशिया की टॉप 100 यूनिवर्सिटीज में शामिल है.
IIT गुवाहाटी और IIT रुड़की को कौन-सी रैंक मिली?
देश के अन्य प्रमुख IITs की बात करें तो IIT गुवाहाटी को QS एशिया रैंकिंग 2027 में 120वां स्थान मिला है. पिछले साल यह 115वें स्थान पर था. इस तरह इसकी रैंक पांच स्थान नीचे आई है.IIT रुड़की को इस बार 124वीं रैंक मिली है जबकि पिछले साल यह 114वें स्थान पर था यानी IIT रुड़की की रैंक में 10 स्थान की गिरावट दर्ज की गई है. वहीं IIT हैदराबाद ने सुधार किया है. इसकी रैंक 270 से बढ़कर 251 हो गई है. IIT (BHU) वाराणसी भी 237वें से 219वें स्थान पर पहुंचा है.IIT (ISM) धनबाद ने भी इस बार अच्छी बढ़त दर्ज की है. पिछले साल के मुकाबले इसकी रैंक में 51 स्थान का सुधार हुआ है और यह 373वें स्थान पर पहुंच गया है.
एशिया की टॉप 200 यूनिवर्सिटीज में भारत के 21 संस्थान
QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में भारत के 21 संस्थानों को एशिया की टॉप 200 यूनिवर्सिटीज में जगह मिली है. पिछले साल इस सूची में भारत के 20 संस्थान थे यानी इस बार एक संस्थान का इजाफा हुआ है. इन 21 संस्थानों में IITs, केंद्रीय विश्वविद्यालय और निजी विश्वविद्यालय शामिल हैं.भारत के शीर्ष छह संस्थानों में IIT दिल्ली 66वें, IISc बेंगलुरु 79वें, IIT बॉम्बे 83वें, IIT मद्रास 85वें, IIT खड़गपुर 90वें और IIT कानपुर 97वें स्थान पर हैं. इनके अलावा चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी को 104वीं, दिल्ली यूनिवर्सिटी को 106वीं, IIT गुवाहाटी को 120वीं और IIT रुड़की को 124वीं रैंक मिली है.JNU 128वें, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी 154वें, VIT वेल्लोर 156वें और BITS पिलानी 161वें स्थान पर हैं. OP जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी को 165वीं रैंक मिली है. सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी 175वें, शूलिनी यूनिवर्सिटी 177वें और अमिटी यूनिवर्सिटी 181वें स्थान पर है. जामिया मिल्लिया इस्लामिया और UPES दोनों को 183वीं रैंक मिली है. मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन 195वें स्थान पर है.